11 मई को पाकिस्तानी सैन्य ब्रीफिंग में जनरल अहमद ने मीडिया के सामने इंडिया टीवी और आजतक समाचार चैनलों के वीडियोज पेश किए. इनमें उन्होंने यह दर्शाने की कोशिश की कि भारतीय मीडिया चैनलों ने पाकिस्तान के ऑपरेशन ‘बुनियान-उल-मरसूस’ में कई भारतीय वायुसैनिक ठिकानों और एयरफील्ड्स के विनाश को स्वीकार किया था.

एक वीडियो में आजतक न्यूज चैनल के वीडियो में एंकर कह रही है, “घबराहटें तो लोगों की नज़र आ रही है क्योंकि तमाम एयरबेस ध्वस्त होते नज़र आ रहे हैं, आग के गोले में बदले हुए नज़र आ रहे हैं, सबसे ज़्यादा जो चर्चा है वो ये है कि जब आप अपने एयरबेस को नहीं बचा सकते तो जनता को क्या बचाएंगे?” वहीं दूसरे वीडियो में इंडिया टीवी के वीडियो में कहा जा रहा है कि पाकिस्तान ने पठानकोट एडवांस एयरबेस, उधमपुर, श्रीनगर के पास अवंतीपुर, सिरसा एयरबेस आदि को निशाना बनाया है. (संदर्भ के लिए नीचे दिए प्रेस ब्रीफिंग को 28 मिनट 29 सेकेंड से देखें)

फ़ैक्ट-चेक

भारत की सरकारी एजेंसी पीआईबी फ़ैक्ट-चेक ने इन दोनों वीडियो का खंडन किया है और पाकिस्तान सैन्य ब्रीफिंग में जनरल अहमद द्वारा दिखाए गए दो वीडियो का लंबा वर्जन शेयर किया है जिससे मालूम पड़ता है कि पाकिस्तानी सेना ने वीडियो काट-छाँटकर गलत दावे के साथ पेश किया.

पहला वीडियो

आजतक न्यूज़ चैनल के लंबे वर्जन वाले वीडियो में दरअसल एंकर कह रही है, “भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की एयरस्पेस बंद कर दी गई है, हर तरह की एयर गतिविधि पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है. पाकिस्तान ने चार एयरपोर्ट बंद कर दिया है, और जो वीडियोज़ आ रहे हैं उसमें पाकिस्तान की जो जनता है वो घबराहटें तो लोगों की नज़र आ रही है क्योंकि तमाम एयरबेस ध्वस्त होते नजर आ रहे हैं, आग के गोले में बदले हुए नज़र आ रहे हैं, सबसे ज़्यादा जो चर्चा है वो ये है कि जब आप अपने एयरबेस को नहीं बचा सकते तो जनता को क्या बचाएंगे?”

यानी, इससे साफ है कि आजतक न्यूज़ चैनल की एंकर ये बातें भारत के बारे में नहीं बल्कि पाकिस्तान के बारे में कह रही थी, लेकिन पाकिस्तानी सेना द्वारा मीडिया ब्रीफिंग में पहले हिस्से को काट दिया गया.

दूसरा वीडियो

इंडिया टीवी के लंबे वर्जन वाला वीडियो में एंकर कह रहा है, “पाकिस्तान की सारी हिमायतें टूटी हुई है इस वक्त ज़मीन पर, जनरल साहब का अनुमान है कि ये फतह-2 मिसाइल है, फतह-2 मिसाइल ये देखाई दे रही है आपको, नाम फतह है लेकिन ध्वस्त पड़ी है इस वक्त ज़मीन पर. ये सिरसा में पड़ी है, सिरसा को टारगेट कर रहा है पाकिस्तान, ये अब नज़र आ रहा है वो मिसाइल. इसके बाद गेस्ट कहते हैं पठानकोट हमारा एडवांस्ड एयरबेस है, उन्होंने ऊधमपुर, श्रीनगर के पास अवंतीपुर, जहां हमले की कोशिश की गई, लेकिन उनके हथियारों को मार गिराया गया.”

 

यहाँ भी एंकर कह रहा है कि पाकिस्तान के मिसाइल को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन पाकिस्तानी सेना द्वारा मीडिया ब्रीफिंग में इस हिस्से को काट दिया गया.

कुल मिलाकर, पाकिस्तान की सेना ने भारतीय न्यूज़ चैनल्स का वीडियो काट-छाँटकर पेश करते हुए दावा किया कि भारतीय मीडिया ने भारतीय वायुसैनिक ठिकानों और एयर फील्ड्स के विनाश को दिखाया था.

असत्य
दावा:
भारतीय मीडिया ने भारतीय वायुसैनिक ठिकानों और एयर फील्ड्स के विनाश को दिखाया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें