सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है. वीडियो में एक लड़के को 2 पुलिसवाले पीटते हुए दिख रहे हैं. इसे यूपी का बताकर शेयर किया जा रहा है. दावा है कि इस लड़के ने ‘पाकिस्तान ज़िन्दाबाद’ के नारे लगाए थे और इसी वजह से इसकी पिटाई की गई. ट्विटर हैन्डल ‘@chandanmedia’ ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

2 और ट्विटर यूज़र्स ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया था. लेकिन वीडियो के बारे में सच्चाई बताए जाने पर उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिया. इस वीडियो डिलीट किये जाने से पहले तक हज़ारों व्यूज़ मिले थे. (आर्काइव लिंक)

This slideshow requires JavaScript.

कुछ और ट्विटर यूज़र्स ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया है. व्हाट्सऐप और फ़ेसबुक पर भी ये वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है. (लिंक 1, लिंक 2)

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ट्विटर पर की-वर्ड्स सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को ये वीडियो 6 मई 2021 के एक ट्वीट में मिला. ट्वीट में ये घटना चंदौली के बलुआ थाना की बताई गई है जिसमें मथेला गांव में पुलिस ने एक नाबालिग़ लड़के की पिटाई की थी.

आगे, यूट्यूब पर सर्च करने पर हमें ‘Aary Prayas’ नाम की चैनल की 6 मई 2021 की रिपोर्ट मिली. कैप्शन के मुताबिक, चंदौली बलुआ थाना के अंतर्गत कैलावर चौकी प्रभारी शिवानंद वर्मा ने चोरी के आरोप में एक नाबालिग़ लड़के की पिटाई की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद चौकी प्रभारी सहित मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया गया था.

2021 में भी ये वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया गया था. चंदौली पुलिस के एसपी अमित कुमार ने बयान देते हुए कहा था कि 3 बच्चे एक दुकान में चोरी करने पहुंचे थे. दुकानदार ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाने से मना किया था. और इन बच्चों को डांटने की बात कही थी. इसके बाद चौकी प्रभारी शिवानंद वर्मा और हेड कॉन्स्टेबल दिलीप कुमार ने बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया था. इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था.

फिलहाल ये वीडियो वायरल होता देख चंदौली पुलिस ने फिर से एक ट्वीट में दावे का खंडन किया.

ऑल्ट न्यूज़ ने चंदौली के बलुआ थाना में भी संपर्क किया. उन्होंने बताया कि ये घटना 2021 की है. 3 बच्चों पर मोबाइल की दुकान में चोरी करने का आरोप लगाया गया था. पुलिस द्वारा बच्चे की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद इन पुलिसवालों को निलंबित कर दिया गया था.

यानी, साल 2021 में दुकान में चोरी करने के आरोप में 2 पुलिसकर्मियों ने एक बच्चे की पिटाई की थी. इस घटना का वीडियो हाल में झूठे दावे के साथ शेयर किया गया कि इस बच्चे ने ‘पाकिस्तान ज़िन्दाबाद’ का नारा लगाया था जिस वजह से पुलिस ने उसकी पिटाई की.

ग़लत
दावा:
यूपी में 'पाकिस्तान ज़िन्दाबाद' का नारा लगाने पर पुलिस ने एक लड़के की पिटाई की

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें