एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें कुछ लड़के ट्रेन की पटरी पर लगे ‘रेल क्लिप’ और ‘फिश प्लेट’ उखाड़ रहे हैं. इसे ओडिशा के बालशोर में हाल में हुई ट्रेन दुर्घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ये हादसे, राजनीति की वजह से हो रहे हैं. इसके साथ ही इसे 2024 में आगामी चुनाव को लेकर मोदी विरोधियों की साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है.

मुन्ना यादव नाम के यूज़र ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “देखिए ये कौन लोग हैं. सब कुछ पॉलिटिक्स की वजह से हो रहा है. 2024 का चुनाव जो आ रहा है और मोदी विरोधी लोग अपनी औकात पर आ गए हैं.” (आर्काइव लिंक)

दिलीप कुमार सिंह नाम के यूज़र ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

ये वीडियो इसी दावे के साथ फ़ेसबुक पर भी वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के फ़्रेम को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया तो हमें श्रीप्रकाश राव नाम के यूज़र का 21 जून 2022 का एक ट्वीट मिला. यूज़र ने वीडियो ट्वीट करते हुए ‘अग्निपथ स्कीम’ हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए लिखा था, “क्या ये लड़के डिफेंस सेवा में भर्ती के इच्छुक हैं? हम अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए इनपर कैसे भरोसा कर सकते हैं? इनपर हत्या के प्रयास और देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए. (आर्काइव लिंक)

यहां से मिली जानकारी के आधार पर हमने अग्निपथ स्कीम और विरोध प्रदर्शन से जुड़े की-वर्ड्स सर्च किये. हमें दैनिक भास्कर का 20 जून 2022 का एक आर्टिकल मिला जिसमें वायरल वीडियो का ज़िक्र करते हुए बताया गया है कि ‘अग्निपथ’ के विरोध में रेलवे ट्रैक उखाड़ने की कोशिश:जयपुर-आगरा रूट पर 3 घंटे बंद रहा ट्रेनों का संचालन, प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया.

आगे, दैनिक भास्कर की वीडियो रिपोर्ट मौजूद है जिसमें वायरल वीडियो का हिस्सा दिखता है.

ज्ञात हो कि 2022 को जून में अग्निपथ स्कीम के विरोध में देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया था जिसमें आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने अग्निपथ योजना के प्रति अपना असंतोष व्यक्त करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शनकारियों द्वारा ट्रेन की पटरियों को नुकसान पहुंचाने का वीडियो, ओडिशा के बालासोर में हाल में हुई ट्रेन दुर्घटना से जोड़कर शेयर किया गया. साथ ही इसे मोदी सरकार के खिलाफ एक साजिश का हिस्सा बताया.

ग़लत
दावा:
2024 चुनाव से पहले साजिश के तहत मोदी विरोधी तत्व ट्रेन की पटरियों का फिश प्लेट सरे निकाल रहे हैं ताकि ट्रेन हादसा हो जाए

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें