सोशल मीडिया में प्रसारित एक वीडियो में पुलिस अधिकारी द्वारा एक महिला को अपने साथ ले जाते हुए और उनके साथ भीड़ को भी चलते हुए देखा जा सकता है। इसके साथ दावा किया गया है कि यह महिला बच्चा चोर है। धीरज गुप्ता द्वारा की गई पोस्ट में साझा संदेश के मुताबिक,“मेहंदी गंज में बच्चा चोर महिला ने मेहंदी गंज से बच्चा ले कर भाग रही थी इसी बीच में शोर होने पर सभी ने उसे पकड़ने में सफल हुआ उस महिला से पूछ टाछ करने पर पता चला कि पैसा लेकर बच्चा चोरी करती है और उसके पति के पास दो और बच्चा की जानकारी मिला है इसमें पुलिस छान बीन कर रही है”। पोस्ट में अन्य दो तस्वीरों को भी साझा किया गया था, जिसके साथ बिहार के पटना शहर के मेहदीगंज इलाके में स्थानीय लोगों ने इस बच्चा चोर महिला के पकड़े जाने का दावा किया गया है।

मेहंदी गंज में बच्चा चोर महिला ने मेहंदी गंज से बच्चा ले कर भाग रही थी इसी बीच में शोर होने पर सभी ने उसे पकड़ने में सफल…

Posted by Dhiraj Gupta on Sunday, 18 August 2019

फेसबुक पर इसे कई उपयोगकर्ताओं ने समान दावे से साझा किया है।

तथ्य जांच

गूगल पर कीवर्ड्स से सर्च करने पर, 19 अगस्त, 2019 को दैनिक जागरण द्वारा प्रकाशित किया गया एक लेख मिला। भीड़ महिला को बच्चा चोर होने के संदेह में पीट रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, भीड़ में शामिल लोगों ने दावा किया है कि एक अफवाह फैली हुई थी कि 35 वर्षीय महिला सात साल के बच्चे को उठाने की कोशिश कर रही थी। भीड़ ने इस महिला को बच्चा चोर होने के संदेह में घेर लिया। महिला ने भीड़ को बताया कि सड़क पर घूम रहे सुंदर बच्चे को देखकर उससे यूं ही बात कर रही थी। महिला की बात भीड़ ने अनसुनी कर दिया। वीडियो में पुलिस को भी देखा जा सकता है क्योंकि उसने महिला को भीड़ से बचाया था।

पटना स्थित स्थानीय समाचार पोर्टल न्यूज़सिटी ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी। ऑल्ट न्यूज़ ने मेहदीगंज थाने से संपर्क किया। हमें बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वह बच्चा चोर नहीं है। हमें यह भी बताया गया कि यह महिला मानसिक रूप से बीमार थी।

हमने पटना (शहर) पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से भी बात की, जिन्होंने भी इस घटना की पुष्टि की है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह महिला मानसिक रूप से बीमार थी या नहीं, अधिकारी ने बताया कि उनकी मानसिक-बीमारी की पुष्टि करना उनका काम नहीं था जबकि यह स्थापित किया जा चूका है कि वह बच्चा-चोर नहीं थी।

अंत में हमने अपनी पड़ताल में पाया कि एक वीडियो में महिला पर बच्चा चोर होने का झूठा आरोप लगाकर इस दावे से साझा किया गया कि बिहार के पटना में एक बच्चा चोर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस महिला की सुरक्षा के लिए उसे भीड़ से बचा रही थी।

असत्य
दावा:
बिहार के पटना से पुलिस ने बच्चा चोर महिला को किया गिरफ्तार

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें