RSS प्रमुख मोहन भागवत के साथ बैठे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है. तस्वीर में दोनों एक सोफ़ा पर बैठे हैं. ये तस्वीर शेयर करते हुए लिखा गया है, “मोहन भागवत के यहां हैदराबादी खिचड़ी बनाने पहुंचे ओवैसी”. यानी, दोनों के बीच कोई सियासी मुलाकात होने का दावा किया जा रहा है. बता दें कि ये तस्वीर आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र शेयर की जा रही है. ट्विटर हैन्डल ‘@IndiaAwakened_’ ने ये तस्वीर ऐसे ही मेसेज के साथ ट्वीट की.

और भी कई यूज़र्स ये तस्वीर ट्वीट की है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ेसबुक पर भी ये तस्वीर पोस्ट की गई है.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल तस्वीर की असलियत का पता लगाने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने इसका रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें दिसंबर 2021 के कुछ आर्टिकल में ये तस्वीर मिली. लेकिन वायरल तस्वीर से अलग इसमें असदुद्दीन ओवैसी की जगह मुलायम सिंह यादव हैं. इंडिया टुडे के आर्टिकल के मुताबिक, ये तस्वीर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की पोती के शादी समारोह के दौरान ली गई थी. तस्वीर में केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी दिख रहे हैं.

अर्जुन राम मेघवाल ने खुद ये तस्वीर ट्वीट करते हुए बताया था कि मोहन भागवत ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थी. ये उसी मौके की तस्वीर है.

इस तस्वीर को लेकर यूपी कांग्रेस ने सपा पर निशाना साधा था. इसके बाद सपा ने उनपर पलटवार भी किया था. आज तक ने रिपोर्ट किया था, “सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा जो लोग शिष्टाचार नहीं जानते, भारतीय संस्कृति नहीं जानते. वो इसके मायने निकालते रहे. दो लोग अगर किसी कार्यक्रम में जाते हैं तो शिष्टाचार के नाते बातचीत तो होती है.”

इसके अलावा, हाल में मोहन भागवत और असदुद्दीन ओवैसी की मिलने की कोई खबर नहीं है.

कुल मिलाकर, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की पोती के शादी समारोह के दौरान मोहन भागवत और मुलायम सिंह यादव ने बातचीत की थी. इस घटना की तस्वीर को एडिट कर मोहन भागवत और असदुद्दीन ओवैसी को साथ में दिखाया गया.

ग़लत
दावा:
SS सरसंघचालक मोहन भागवत और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुलाकात की, देखें तस्वीर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें