सोशल मीडिया यूज़र्स एक वीडियो शेयर कर रहे हैं. वीडियो में दिखता है कि एक ऑटो ख़राब हो जाती है और उसमें सवार एक महिला दर्द से कराह रही होती है. एक व्यक्ति सड़क पर चल रही गाड़ियों से मदद मांगता है. कई गाड़ियां बिना रुके गुज़र जाती है. तभी एक गाड़ी रूकती है और उसमें से एक बच्ची निकल कर महिला के पास जाती है. फिर उसे पानी देती है. कुछ देर में वो बच्ची गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति को महिला की हालत से अवगत कराती है. वो शख्स बाहर निकलता है और महिला को गाड़ी में बिठाता है. वीडियो शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि इस छोटी सी बच्ची ने 2 लोगों की जान बचा ली.

कुछ लोगों ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि मानवता अभी भी ज़िन्दा है. यानी, लोग इस वीडियो को असली घटना मान कर शेयर कर रहे हैं.

स्क्रिप्टेड वीडियो

ऑल्ट न्यूज़ ने इससे पहले भी ऐसे कई वीडियोज़ के बारे में रिपोर्ट पब्लिश की है जिन्हें असल घटना समझकर शेयर किया गया था. ये वीडियो भी ऐसा ही एक उदाहरण है. हमने देखा कि पीस फाउंडेशन नाम के एक फ़ेसबुक पेज ने ये वीडियो 6 दिसम्बर को पोस्ट किया था. पेज ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा, “ये शॉर्ट फ़िल्में सिर्फ मनोरंजन और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए बनाए गए हैं.”

जैसा कि ऊपर स्क्रीनशॉट में देखा जा सकता है, ऐसे और वीडियोज़ देखने के लिए फ़ेसबुक LOBO 619 पेज रिकॉमेंड कर रहा है. इस पेज पर जाने पर हमने देखा कि यहां ऐसे कई वीडियो शेयर किये गए हैं जिन्हें मनोरंजन और जागरूकता फ़ैलाने के मकसद से बनाया गया है. इस पेज से पोस्ट किये गए ऐसे एक वीडियो के फॉर्मेट की तुलना हमने वायरल वीडियो से की है. दोनों वीडियो में एक फॉर्मेट का इस्तेमाल दिख रहा है.

यानी, ये वीडियो कोई सच्ची घटना का नहीं बल्कि एक नाटक का था. इससे पहले भी ऐसे कई वीडियोज़ शेयर कर ग़लत दावे किये गए हैं.

ग़लत
दावा:
एक बच्ची ने दो लोगों की जान बचाई.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें