एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें नदी से एक बच्ची की लाश को निकाला जा रहा है और वहाँ लोगों की भीड़ लगी है. इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि मोहम्मद अकरम नाम के व्यक्ति ने अपनी नौ वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म किया और उसे नदी में फेंक दिया.

अक्सर गलत जानकारी को कम्यूनल एंगल से शेयर करने वाले यूजर Oxomiya Jiyori ने वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि मोहम्मद अकरम ने अपने ही भाई की 9 साल की बेटी का रेप किया, फिर उसकी बॉडी को कचरे की तरह नदी में फेंक दिया. (आर्काइव लिंक)

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर @HindutvaDon_ नाम के हैंडल ने भी वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया. (आर्काइव लिंक)

रतन लाल नाम के यूज़र ने भी वीडियो शेयर करते हुए मोहम्मद अकरम नाम के व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अपने ही भाई की 9 साल की बेटी का रेप किया फिर उसकी बॉडी को नदी में फेंक दिया. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें TRUE STORY द्वारा 14 फरवरी को किया हुआ एक पोस्ट मिला. इस पोस्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के देवरिया में 7 साल की बच्ची को उसके चाचा ने स्कूल से साथ लाकर खेत में दुष्कर्म किया. फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और लाश को तालाब में फेंक दिया. पुलिस की जाँच के बाद आरोपी विद्या सागर को अरेस्ट किया गया.

इस घटना से जुड़े की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 11 फरवरी को प्रकाशित खबर मिली. इस रिपोर्ट के मुताबिक, देवरिया में 11 फरवरी को 7 साल की बच्ची के साथ उसके चाचा ने रेप किया और बाद में उसकी हत्या कर दी. आरोपी ने बच्ची को दुकान ले जाने के बहाने स्कूल से बुलाया और उसे खेत ले जा कर दरिंदगी की. दर्द से बच्ची चिल्लाने लगी तो आरोपी चाचा ने उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और उसका शव झरही नदी में फेंक दिया. रिपोर्ट में आरोपी को 35 वर्षीय विद्यासागर बताया गया है.

देवरिया पुलिस ने 14 फरवरी को दैनिक जागरण अखबार में प्रकाशित इस मामले से जुड़ी खबर सोशल मीडिया पर पोस्ट की. हेडलाइन में लिखा है, “मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी कर हत्या करने वाला चाचा गिरफ्तार, भेजा गया जेल”. इस रिपोर्ट में भी आरोपी का नाम विद्यासागर बताया गया है.

कुल मिलाकर, कई यूज़र्स ने उत्तर प्रदेश के देवरिया में 7 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना के बारे में झूठा दावा किया कि आरोपी का नाम मोहम्मद अकरम है, जबकि असल में आरोपी का नाम विद्यासागर है.

ग़लत
दावा:
मोहम्मद अकरम ने अपनी नौ वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म किया और उसे नदी में फेंक दिया.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें