सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज वायरल है. वीडियो में दिखाई दे रहा घटनाक्रम कुछ इस तरह है कि स्कूटी पर सवार दो लड़के एक बिजली के ट्रांसफॉर्मर के पास स्कूटी पार्क करते हैं. स्कूटी के पीछे बैठा लड़का नीचे उतर जाता है, लेकिन जैसे ही स्कूटी चलाने वाला लड़का स्कूटी से उतरने की कोशिश करता है, उसका शरीर ट्रांसफॉर्मर के संपर्क में आता है जिसके बाद तेज रोशनी के साथ वहां धुआं उठता दिखाई देता है.

ये वीडियो पोस्ट करते हुए कई सोशल मीडिया यूज़र्स चेतावनी दे रहे हैं कि सावधान रहें और अपने इलेक्ट्रिक गाड़ियों को कभी भी बिजली के ट्रांसफॉर्मर या इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल के पास पार्क न करें. इस कारण लोगों में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को लेकर एक भ्रम पैदा हो रहा है.

जम्मू के न्यूज़ पोर्टल ‘डेली तस्कीन‘ ने अपने फेसबुक अकाउंट से वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा “सावधान रहें! अपनी E-Vehicle को बिजली के ट्रांसफ़ॉर्मर या बिजली के कंट्रोल पैनल के पास पार्क न करें. इसे अपने परिवार और दोस्तों के साथ शेयर करें.”

बिहार शिक्षक न्यूज़’ नामक अकाउंट ने भी वायरल वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया.

एच एन जोशफ़ ने भी इसी दावे के साथ वायरल वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ‘स्पॉट ऑन न्यूज‘ का एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिला. 1 मई 2026 के पोस्ट में इस घटना से जुड़ी जानकारी को शेयर की गई थी जिसके अनुसार, गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर में एक युवक की एक चालू ट्रांसफार्मर के पास अपनी स्कूटी पार्क करते वक्त करंट लगने से मौत हो गई.

इसके बाद, घटना से जुड़े की-वर्ड्स गूगल पर सर्च करने पर हमें 28 अप्रैल 2026 को ‘फ्री प्रेस जर्नल‘ की एक रिपोर्ट मिली. इसमें बताया गया है कि गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर में स्कूटी पार्क करते समय एक चालू ट्रांसफॉर्मर को छू लेने के कारण एक युवक की दर्दनाक रूप से मौत हो गई. इस भयावह घटना के फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक का दोस्त असहाय होकर देखता रह जाता है क्यूंकी पीड़ित ट्रांसफॉर्मर से चिपक जाता है और उसे जानलेवा बिजली का झटका लगता है.

हमने जब इस घटना के वीडियो को गौर से देखा तो पाया कि स्कूटी की रजिस्ट्रेशन प्लेट सफेद रंग की है जो भारत में पेट्रोल या डीजल से चलने वाले दोपहिया वाहनों के लिए इस्तेमाल होती है. जबकि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए हरे रंग की नंबर प्लेट अनिवार्य है.

घटना के वीडियो से भी ये भी साफ जाहिर होता है कि हादसा स्कूटी पार्क करके उतरते समय लड़के का शरीर सीधे ट्रांसफॉर्मर के संपर्क में आने के कारण हुआ था. इसके अलावा, किसी भी मीडिया रिपोर्ट में इलेक्ट्रिक स्कूटी होने की वजह से हादसा होने का कोई जिक्र नहीं है.

बहरहाल ये सच है कि किसी भी प्रकार के वाहन को बिजली के ट्रांसफॉर्मर या इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल के पास पार्क करना या वहां खड़े होना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है. हालांकि, इस दर्दनाक हादसे के लिए इलेक्ट्रिक वाहन को ज़िम्मेदार ठहराने वाला सोशल मीडिया का वायरल दावा पूरी तरह से गलत और भ्रामक है.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged:
About the Author

Abhishek is a senior fact-checking journalist and researcher at Alt News. He has a keen interest in information verification and technology. He is always eager to learn new skills, explore new OSINT tools and techniques. Prior to joining Alt News, he worked in the field of content development and analysis with a major focus on Search Engine Optimization (SEO).