सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें कुछ युवक एक लड़के पर धारदार हथियार से हमला कर रहे हैं. इसे सोशल मीडिया यूज़र्स बकरीद के दिन सूर्या चौहान की हत्या का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं.
दरअसल, 28 मई 2026 को बकरीद उत्सव के दिन उत्तर-प्रदेश गाज़ियाबाद के खोड़ा इलाके में एक विवाद के बाद सूर्या चौहान की कथित तौर पर असद और उसके साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी. रिपोर्ट अनुसार, पीड़ित और आरोपी परिवार दोनों एक-दूसरे को जानते थे और कुछ महीने पहले उनके बीच विवाद भी हुआ था. हत्या के बाद 31 मई को असद कथित पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. साथ ही तीन और आरोपियों को हिरासत में लिया गया जिनमें से एक असद के पिता भी हैं.
इसी हत्या के संदर्भ में न्यूज़ पोर्टल ऑप इंडिया (Opindia) के पत्रकार अनुपम कुमार सिंह ने ये वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “बकरीद पर दरिंदों ने कुछ ऐसे सूर्या चौहान को मारा. चाकू लेकर सब एक साथ एक निहत्थे पर भिड़ गए.” ध्यान दें अनुपम सिंह जिस इंस्टाग्राम वीडियो की बात कर रहे हैं वो असल में असद का नहीं है. ऑल्ट न्यूज़ ने इस मामले पर एक फैक्ट चेक रिपोर्ट पब्लिश की है.
बकरीद पर दरिंदों ने कुछ ऐसे सूर्या चौहान को मारा। चाकू लेकर सब एक साथ एक निहत्थे पर भिड़ गए। असद ने फिर इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाया, अपनी बहादुरी का बखान करते हुए।
आप बताइए, योगी मॉडल के अलावा कुछ और समाधान है क्या?
अहिंसा कुछ कर पाएगी इनका? कुछ नहीं।https://t.co/9aek9X3aS9
— Anupam K. Singh (@AnupamNawada) May 31, 2026
राइट विंग एक्स-अकाउंट ‘भक्त प्रह्लाद’ (@RakeshKishore_l), अमिताभ चौधरी (@MithilaWaaala), हरप्रीत संधू (@harpeetsubh), स्वक्ष त्रिपाठी समेत कई यूज़र्स ने कथित वीडियो ऐसे ही दावों के साथ शेयर किया.
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वीडियो 13 मई 2026 की दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट में मिला. आर्टिकल अनुसार, 12 मई 2026 को चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में शाम को काम से घर लौट रहे सूरज कुमार नामक युवक पर 5 लड़कों ने घेर कर चाकू से हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी.

साथ ही रिपोर्ट में वीडियो को लेकर कहा गया कि ये हत्या की घटना दिनदहाड़े हुई. लोग घरों की बालकनियों में खड़े होकर वीडियो रिकॉर्ड करते रहे लेकिन कोई भी सूरज की मदद करने उसे बचाने नहीं आया. मृतक सूरज के पिता मुकेश ने भी लोगों के प्रति नाराजगी जताई. इससे ये स्पष्ट हो जाता है कि वायरल वीडियो 28 मई को सूर्या चौहान की हत्या से पहले की घटना का है.
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हत्या के मामले में 5 नाबालिग को गिरफ्तार किया और जांच में पाया कि मृतक सूरज कुमार और आरोपियों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी. हत्या से कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई भी हुई थी.
यानी, चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में सूरज कुमार की हत्या के पुराने वीडियो को सोशल मीडिया यूज़र्स उत्तर-प्रदेश गाजियाबाद में हालिया बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या का वीडियो बताकर भ्रामक दावा कर रहे हैं.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




