केंद्र में साल 2014 से भाजपा शासन में है. हालांकि, देश की राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी सत्ता में वापस आयी. दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के रूप में रेखा गुप्ता ने 20 फ़रवरी, 2025 को शपथ ली. इसी बीच कई लोग रेखा गुप्ता के पुराने वीडियोज़ और कुछ बयान शेयर करते दिखें. इस घटनाक्रम के दौरान रेखा गुप्ता का पुराना वीडियो बताते हुए एक क्लिप सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया गया. क्लिप में एक महिला तलवारबाज़ी कर रही है. ये वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूज़र्स लिख रहे हैं कि एक समय में आरएसएस कार्यकर्ता और ABVP के साथ काम कर चुकी और लंबे वक़्त भाजपा के साथ जुड़ी हुई रेखा गुप्ता का ये पुराना वीडियो है.

वेरिफ़ाइड x हैन्डल ‘@Ra_Bies’ ने ये वीडियो रेखा गुप्ता का बताते हुए पोस्ट किया. आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 15 हज़ार से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. (पोस्ट का आर्काइव वर्ज़न)

वेरिफ़ाइड x यूज़र कोमल शेखावत ने भी ये वीडियो ऐसे ही क्लैम के साथ पोस्ट किया. ये फ़ैक्ट-चेक रिपोर्ट लिखे जाने तक इस वीडियो को 5 हज़ार से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (x पोस्ट का आर्काइव लिंक)

कई x यूज़र्स और फ़ेसबुक यूज़र्स, रेखा गुप्ता की बताते हुए ये वीडियो क्लिप पोस्ट कर रहे हैं.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि रेखा गुप्ता का बताकर शेयर किये गए वीडियो वाले पोस्ट्स पर कई यूज़र्स ने रिप्लाइ किया और बताया कि वीडियो में दिख रही महिला का नाम पायल जाधव है. इसे ध्यान में रखकर ऑल्ट न्यूज़ ने पायल जाधव के बारे में सर्च किया तो हमें मालूम हुआ कि वो एक मराठी अभिनेत्री है और कई मराठी फ़िल्मों और शो में काम कर चुकी है.

इंस्टाग्राम पर पायल जाधव ने ये वीडियो 19 फ़रवरी 2025 को पोस्ट किया था. पायल ने कैप्शन में छत्रपती शिवाजी को श्रद्धांजलि अर्पित की. वहीं युद्ध कला प्रशिक्षण के लिए उन्होंने ‘सव्यसाची गुरुकुल’ को टैग भी किया. ‘सव्यसाची गुरुकुल’, कोल्हापूर के वेंगरूल में मार्शल आर्ट की ट्रैनिंग के लिए स्थापित किया गया एक सेंटर है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Payal Jadhav (@i_mpayal)

वहीं मराठी एंटरटेनमेंट से जुड़े यूट्यूब चैनल ‘राजश्री मराठी शोबज़’ ने भी ये वीडियो पायल जाधव का बताते हुए अपलोड किया है. फ़ेसबुक पर भी पायल जाधव ने ये वीडियो पोस्ट किया है.

कुल मिलाकर, पायल जाधव नामक एक मराठी अभिनेत्री द्वारा तलवारबाज़ी करने का वीडियो गलत रूप से दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बताया गया.

ग़लत
दावा:
तलवार चला रही महिला दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता है

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें