सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर एक वीडियो वायरल है. वीडियो में कुछ लोग गाड़ियों में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं. कुछ गाड़ियों पर भाजपा के झंडे भी लगे हैं. 18 अप्रैल 2024 को @Jeetuburdak नामक एक यूज़र ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “भाजपा पर जनता इतनी मेहरबान क्यों है…? ऐसा लग रहा है 4 जून को प्रातः 11 बजे से ही भाजपा के मोरया बोलने शुरू हो जायेंगे.” बता दें कि 4 जून 2024 को चुनाव के परिणाम घोषित होने हैं.

पिछले कई सालों से वायरल

जनवरी 2022 में ये वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा था कि उत्तर प्रदेश के बागपत ज़िले में जनता ने भाजपा नेताओं का स्वागत ऐसे तोड़फोड़ के साथ किया. ट्विटर हैन्डल ‘@IndiaAwakened_’ ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया.

और भी कुछ ट्विटर यूज़र्स ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (लिंक 1, लिंक 2)

दिसंबर 2021 में भी ये वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया गया था. फ़ेसबुक यूज़र मोनी सिंह ने ये वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया. आर्टिकल लिखे जाने तक इसे 1,400 व्यूज़ मिले हैं. (पोस्ट का आर्काइव लिंक)

 

उत्तर प्रदेश मे बीजेपी नेताओ का जनता के द्वारा चौराहे चौराहे भव्य स्वागत किया जा रहा है!आयेगा तो मोदी ही..

😂😂

Posted by Moni Singh on Wednesday, 15 December 2021

एक और फ़ेसबुक यूज़र ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया. (आर्काइव लिंक)

उस वक़्त फ़ेसबुक पर ये वीडियो वायरल था.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो में 5 सेकंड पर ऑल्ट न्यूज़ को एक गाड़ी के ऊपर लगे स्पीकर पर आगरा लिखा हुआ दिखा.

इसे ध्यान में रखते हुए की-वर्ड्स सर्च करने पर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं. 7 दिसंबर को न्यूज़18 इंडिया ने इस घटना के बारे में वीडियो रिपोर्ट शेयर की थी. रिपोर्ट के मुताबिक, आगरा में भाजपा ने बाइक रैली निकाली थी जिस दौरान, 2 भाजपा नेताओं के समर्थकों के बीच विवाद हो गया. पूर्व मंत्री अरीदमन सिंह और बीजेपी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह के समर्थकों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाज़ी करना शुरू कर दिया.

आगरा में भिड़े भाजपा नेता, जबरदस्त पथराव में कई गाड़ियों के शीशे टूटे|Sau baat ki ek baat with Kishor ajwani

आगरा में भिड़े भाजपा नेता, जबरदस्त पथराव में कई गाड़ियों के शीशे टूटे|Sau baat ki ek baat with Kishor ajwani

Posted by News18 India on Tuesday, 7 December 2021

लाइव हिंदुस्तान ने भी इस घटना का वीडियो ट्वीट किया है. ट्वीट के मुताबिक, आगरा में भाजपा नेता अरिदमन सिंह ने बाइक रैली निकाली थी. इस दौरान, पिनाहट के पूर्व मंत्री सुग्रीव सिंह चौहान और अरीदमन सिंह के समर्थक आपस में भिड़ गए. उन्होंने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया और गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की. इस वजह से कई लोग घायल भी हो गये.

अमर उजाला ने रिपोर्ट किया कि इस मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह समेत 146 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ़ शिकायत दर्ज की है. ये शिकायत सुग्रीव सिंह के चचेरे भाई भोलराम की तहरीर पर दर्ज की गई.

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की पत्रकार अनुजा जैसवाल ने इस मामले में एक ट्वीट थ्रेड शेयर किया है.

कुल मिलाकर, आगरा में 2 भाजपा नेताओं के समर्थकों के बीच बहस हुई थी. उनके बीच पथराव भी हुआ जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया कि यूपी की जनता ने BJP के नताओं का विरोध किया.

ग़लत
दावा:
यूपी में लोगों ने BJP के नताओं का विरोध किया.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें