एक 45 सेकंड का वीडियो शेयर किया जा रहा है. वीडियो में एक लड़की अंडरगार्मेंट्स में सिक्योरिटी गार्ड पर ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाती नज़र आती है. लड़की गार्ड पर झपटती है और उसका गला पकड़ने की कोशिश करती है. गार्ड खुद को बचाते हुए उसे झटकता है. और आस-पास लोग खड़े देख रहे हैं.

सुनंदा शर्मा नाम की एक ट्विटर यूज़र ने इसी वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र को नरक जैसा बना रहे हैं. हॉस्टल की लड़कियों को पुलिस ने जबरदस्ती कपड़े उतारकर डांस करने को कहा. लेकिन ठाकरे उतने ही अंधे और बहरे हैं जितना मनमोहन थे.” (ट्वीट का आर्काइव)

इस वीडियो को शेयर करते हुए उद्धव ठाकरे से माफ़ी मांगने की मांग की जा रही है.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो में TOI का लोगो लगा है. घटनास्थल लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स बताया गया है और तारीख 25 अक्टूबर लिखी है. इस आधार पर की-वर्ड्स सर्च करने से हमें TOI का ये वीडियो मिल गया जो 29 अक्टूबर, 2018 को यूट्यूब पर अपलोड हुआ था. ये वीडियो 53 सेकंड का है जिसका टाइटल है, “महिला को जब पुलिस ने अपने साथ जाने को कहा तो उसने लिफ़्ट में अपने कपड़े उतार दिए.”

यानी, ये वीडियो जिस समय का है उस वक़्त महाराष्ट्र के CM उद्भव ठाकरे नहीं बल्कि BJP के देवेन्द्र फडणवीस थे. शिवसेना के उद्धव ठाकरे ने 28 नवम्बर, 2019 को CM पद की शपथ ली थी

TOI ने बाद में इस मामले पर अपडेट देते हुए वीडियो में दिख रही लड़की का नाम मेघा शर्मा बताया. मेघा ने पूरी वारदात TOI से शेयर की. ये वीडियो 1 नवम्बर, 2018 को अपलोड किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, मेघा शर्मा ने सिक्योरिटी गार्ड को देर रात एक सिगरेट लाने को कहा. उसके मना करने पर वो खुद नीचे सिगरेट खरीदने गयी और वापस आते समय उनकी बहस गार्ड से हो गयी. CCTV फ़ुटेज में मेघा को गार्ड को थप्पड़ मारते हुए भी देखा जा सकता है. पुलिस आई और वो मेघा को अपने साथ थाने चलने को कह रही थी. घटनास्थल पर एक भी महिला पुलिसकर्मी नहीं दिख रही है. कानूनी तौर पर शाम के बाद एक महिला को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन नहीं बुलाया जा सकता है. इसीलिए उन्होंने थाने जाने से इनकार किया.

यानी 2018 का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए उद्भव ठाकरे पर निशाना साधा जा रहा है.

असत्य
दावा:
उद्धव ठाकरे की पुलिस हॉस्टल की लड़कियों को कपड़े उतारकर डांस करने को कह रही

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें