सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें पगड़ी पहने एक लड़का एक छोटी बच्ची की चुनरी पकड़े हुए है. वीडियो को देखकर लगता है कि वहां कोई पारंपरिक रस्म चल रही है. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि राजस्थान में एक 6-7 साल की बच्ची की शादी एक 20 साल के युवक से कराई जा रही है.

एक यूज़र ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “भारत के राजस्थान में एक 5 साल की बच्ची की शादी एक 20 साल के आदमी से कर दी गई, फिर भी यहां के लोग अपने देश की इस बदहाली को नजरअंदाज करते हुए पूरा दिन ‘एपस्टीन’ की बातें करने में बिता देते हैं.” (आर्काइव लिंक)

‘वी द पीपल’ नामक एक अकाउंट ने ये वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि कम उम्र की लड़कियों से शादी करने के लिए मुसलमानों को निशाना बनाना ज्यादातर भारतीयों की आम आदत बन चुकी है. हैरान हूं कि वो भारत के राजस्थान में एक 5 साल की बच्ची की शादी एक 20 साल के आदमी से किए जाने को कैसे सही ठहराएंगे. राजस्थान में बाल विवाह आज भी बड़े पैमाने पर हो रहा है. (आर्काइव लिंक)

वायरल वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए ‘ऑनेस्ट क्रिकेट लवर’ नामक एक यूज़र ने लिखा कि भारत के राजस्थान में एक 6-7 साल की बच्ची की शादी 20 साल के लड़के से कराई जा रही है, लेकिन राजस्थान सरकार इसे रोकने में असमर्थ है. राजस्थान में महिलाओं की स्थिति देखकर मुझे दुख होता है. जबकि यूपी या बिहार की महिलाओं की स्थिति में भी अब सुधार हुआ है. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

वायरल दावे की जांच के क्रम में ऑल्ट न्यूज़ ने देखा कि वायरल पोस्ट के साथ ही एक यूज़र ने एक इंस्टाग्राम प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया था. स्क्रीनशॉट में ‘तमन्ना गुर्जर’ (@tamna87739) नाम का एक अकाउंट था जिसमें दिख रहा कि इस अकाउंट ने वायरल वीडियो अपलोड किया था. जब हमने इस प्रोफाइल को खंगाला तो हमें वहां वायरल वीडियो भी दिखा, हालांकि बाद में इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया था. बहरहाल इसी अकाउंट पर वीडियो में दिख रही छोटी बच्ची के कुछ और वीडियोज़ भी मौजूद थे.

हमें तमन्ना गुर्जर के अकाउंट पर रीपोस्ट की गई एक स्टोरी मिली जिसमें ‘सुरेश गुर्जर’ (@suresh_gurjar_beeliya_hbs) नाम के एक अकाउंट को टैग किया गया था. सुरेश गुर्जर के अकाउंट को ओपन करने पर उसके बायो में एक फोन नंबर मिला. इसके ज़रिए हमने उनसे कॉन्टेक्ट किया. उन्होंने वायरल वीडियो के साथ किए गए बाल विवाह के सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने बताया कि वीडियो में उनके भाई बलराम और उनकी भांजी तमन्ना है. उन्होंने बताया की ये वीडियो उनके भाई बलराम की शादी की है, उनकी शादी सीता नाम की लड़की से हुई है.

उन्होंने हमें बच्ची की माँ फरोंता गुर्जर से भी बात करवाई जिन्होंने हमें पूरी घटना को विस्तार से बताया. फरोंता गुर्जर ने बताया कि वायरल वीडियो में उनकी बेटी तमन्ना अपने सगे मामा बलराम के साथ नजर आ रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये शादी असल में बलराम की थी. जब परिवार कुलदेवता की पूजा की रस्म के लिए जा रहे थे, तब बच्ची ने भी पारंपरिक कपड़े पहन लिए और अपने मामा के साथ फोटो खिंचवाने की जिद करने लगी जिसके बाद वो वीडियो बनाया गया था. उन्होंने ये भी साफ किया कि बलराम की शादी जिस लड़की से हुई है, उसका नाम सीता है.

इस बातचीत के बाद सुरेश गुर्जर ने हमें 31 मई को संपन्न हुई इस शादी के वेडिंग कार्ड की तस्वीर भेजी. इसके साथ ही उन्होंने दूल्हे बलराम और दुल्हन सीता की एक तस्वीर भी भेजी. इन सबूतों के आधार पर ये पूरी तरह साफ हो जाता है कि लड़के की शादी किसी बच्ची के साथ नहीं हुई.

इस मामले में हमने छोटी बच्ची के नाना और दूल्हे बलराम के पिता, श्री कालूराम से भी बात की. उन्होंने इस मामले पर दुख जताते हुए कहा कि उनके बेटे बलराम की शादी सीता नाम की लड़की से हुई है. लेकिन लोग उनकी नातिन का वीडियो शेयर कर उसे दुल्हन बता रहे हैं जो कि गलत है.

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो का बाल विवाह से कोई लेना-देना नहीं है. कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने मामा-भांजी के एक सामान्य वीडियो को बाल विवाह के गलत दावे के साथ शेयर किया.

ग़लत
दावा:
राजस्थान में एक 6-7 साल की बच्ची की शादी एक 20 साल के युवक से कराई जा रही है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें