बीते दिनों ख़बर आई कि दिल्ली में साहिल नाम के एक युवक ने लिव-इन पार्टनर निक्की की हत्या कर दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी साहिल ने चार्जर की तार से अपनी प्रेमिका का गला घोंटकर कत्ल कर दिया और शव पश्चिमी दिल्ली के एक ढ़ाबे के फ्रिज़ में रखा था. इस ख़बर के बाद कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने घटना को को ‘लव-जिहाद’ ऐंगल के साथ शेयर करना शुरू कर दिया.

महिपाल सिंह रावत नाम के यूज़र ने घटना से जुड़ी ख़बर के स्क्रीनशॉट्स ट्वीट करते हुए लिखा कि कुछ लड़कियां रोज डे, प्रपोज़ डे, वेलेंटाइन डे समझ जाती हैं लेकिन ‘लव-जिहाद’ नहीं समझ पाती. (आर्काइव लिंक)

राकेश सैनी नाम के यूज़र ने ट्वीट करते हुए इस मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ा. (आर्काइव लिंक)

कान्ति वर्मा नाम की एक यूज़र ने मामले से जुड़ी खबर ट्वीट करते हुए इसे ‘लव-जिहाद’ बताया. (आर्काइव लिंक)

कौस्तुभ देशमुख नाम के यूज़र ने भी इसे ‘लव-जिहाद’ का मामला बताया. (आर्काइव लिंक)

कई अन्य यूज़र्स ने भी इस खबर को सांप्रदायिक ऐंगल के साथ शेयर किया.

फ़ैक्ट-चेक

की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें इस मामले से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट्स (जनसत्ता, एबीपी न्यूज़) मिलीं. इन रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक का पूरा नाम साहिल गहलोत है और मामले में किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक ऐंगल नहीं है. लिव-इन पार्टनर निक्की यादव और आरोपी साहिल गहलोत दोनों एक ही समुदाय के हैं.

हमें दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच का एक ट्वीट मिला. इस प्रेस रिलीज़ में दिल्ली पुलिस ने आरोपी का नाम साहिल गहलोत और उसके पिता का नाम वीरेंद्र सिंह बताया है. यानी, लड़का हिन्दू है और इस मामले में किसी प्रकार का सांप्रदायिक एंगल नहीं है.

NDTV ने इस इस पूरे मामले पर रिपोर्ट पब्लिश की है जिसमें हत्या से पहले का CCTV फ़ुटेज भी शामिल है.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने दिल्ली में एक युवक द्वारा लिव-इन पार्टनर की हत्या की घटना को हिन्दू-मुस्लिम ऐंगल के साथ शेयर किया. जबकि मृत युवती और आरोपी युवक दोनों हिन्दू हैं और मामले में किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक ऐंगल सामने नहीं आया है.

ग़लत
दावा:
दिल्ली में साहिल नाम के युवक द्वारा लिव-इन पार्टनर की हत्या का मामला लव जिहाद का है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें