सोशल मीडिया पर घायल प्रदर्शनकारियों की कुछ तस्वीरें किसान आंदोलन के दौरान किसानों के साथ मारपीट होने के दावे से शेयर हो रही हैं. दावा है कि प्रदर्शनकारी किसानों पर अत्याचार किया गया लेकिन मीडिया इस मामले को कवर नहीं कर रही है. 24 सितंबर को फ़ेसबुक यूज़र एमडी समीर ने ये तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “किसान आंदोलन हुआ उग्र तस्वीरें आपको भयभीत कर देगी अन्नदाताओं पर जो अत्याचार हो रहा है यह बिकाऊ दलाल गोदी मीडिया आपको नहीं दिखाएगा दलाल गोदी मीडिया को देश के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए और सिर्फ हिंदू मुस्लिम करने के लिए पैसे दिए जा रहे हैं नेता से ज्यादा देस की मीडिया देश को बर्बाद कर रही है”. आर्टिकल लिखे जाने तक इस पोस्ट को 9,500 बार शेयर किया जा चुका है. (पोस्ट का आर्काइव लिंक)

किसान आंदोलन हुआ उग्र तस्वीरें आपको भयभीत कर देगी अन्नदाताओं पर जो अत्याचार हो रहा है यह बिकाऊ दलाल गोदी मीडिया आपको…

Posted by MD Sameer on Wednesday, 23 September 2020

ट्विटर पर भी ये तस्वीरें इसी दावे के साथ शेयर की गई.

ट्विटर और फ़ेसबुक, दोनों पर ये तस्वीरें इसी दावे से वायरल हैं.

फ़ैक्ट-चेक

रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ये तस्वीरें यूथ कांग्रेस के 17 सितंबर के एक ट्वीट में मिलीं. इस ट्वीट के मुताबिक, सोने की तस्करी में केरला के शिक्षा मंत्री का नाम आने के बाद कांग्रेस यूथ विंग के सदस्य केरला सरकार के खिलाफ़ प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किये गए लाठीचार्ज में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और विधायक वीटी बलराम घायल हुए थे.

इसके अलावा, केरला यूथ कांग्रेस के ऑफ़िशियल ट्विटर हैन्डल, झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस के ऑफ़िशियल फ़ेसबुक पेज, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रेसिडेंट श्रीनिवास बी वी ने ये तस्वीरें केरला में सोने की तस्करी के खिलाफ़ हुए प्रदर्शन की बताकर शेयर की हैं.

This slideshow requires JavaScript.

आगे, मलयालम अखबार मनोरमा ने 18 सितंबर को इस घटना के बारे में एक आर्टिकल पब्लिश किया था. आर्टिकल के मुताबिक, केरला के शिक्षा मंत्री केटी जलील पर सोने की तस्करी में शामिल होने का आरोप है. इस कारण युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केटी जलील के इस्तीफ़े की मांग से साथ पलक्कड़ में जुलूस निकाला था. जुलूस के दौरान हुए लाठीचार्ज में वीटी बलराम समेत कई कार्यकर्ता घायल हुए थे. बता दें कि केटी जलील से सोने की तस्करी के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी पूछताछ कर रही है.

इसके अलावा, मातृभूमि, केरला ऑनलाइन और द न्यूज़ मिनट ने भी इस घटना के बारे में रिपोर्ट पब्लिश की है. एशिया नेट न्यूज़ ने लाठीचार्ज का एक वीडियो शेयर किया है.

कुल मिलाकर, केरला के शिक्षा मंत्री केटी जलील के इस्तीफ़े की मांग के साथ केरला में हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की तस्वीरें हाल के किसान प्रदर्शन की बताकर शेयर की गई. हालांकि कुछ रिपोर्ट के अनुसार कुरुक्षेत्र में कृषि विधेयकों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया गया था. इससे पहले भी कुछ पुराने प्रदर्शनों की तस्वीरें और वीडियोज़ हाल के किसान प्रदर्शन के बताकर शेयर हुए थे.

असत्य
दावा:
किसान आंदोलन के दौरान किसानों के साथ हुई मारपीट

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें