रोड पर ‘जस्टिस फ़ॉर सुशांत’ के पोस्टर लिए प्रदर्शन कर रहे कुछ विदेशी लोगों की तस्वीर सोशल मीडिया पर काफ़ी शेयर की जा रही है. तस्वीर में इन लोगों के पीछे खड़ी गाड़ी पर नाइजीरिया पुलिस लिखा हुआ है. ये तस्वीर शेयर कर यूज़र्स बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं. बता दें कि भारत में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उन्हें इंसाफ दिलाने की मांग के साथ कई प्रदर्शन किये गए थे. ट्विटर यूज़र ‘Sushant in our hearts forever(SSRF)’ ने ये तस्वीर नाइजीरिया को धन्यवाद देते हुए ट्वीट की. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

 

ट्विटर यूज़र ‘@FanofSSR2’ ने ये तस्वीर इसी दावे के साथ ट्वीट की है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

और भी एक ट्विटर यूज़र ने ये तस्वीर ट्वीट की है. फ़ेसबुक पर भी ये तस्वीर इसी दावे से पोस्ट की गई है.

फ़ैक्ट-चेक

आसान सा गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर ये बात साफ़ हो गई कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई ये तस्वीर असल में एडिट की हुई है. 13 अक्टूबर 2020 की सीएनएन की एक रिपोर्ट में मूल तस्वीर पब्लिश की गई है. आर्टिकल में शामिल तस्वीर में लोगों के हाथ में ‘जस्टिस फ़ॉर सुशांत सिंह राजपूत’ के नहीं बल्कि ‘रिफ़ॉर्म पुलिस’, ‘डिसबैंड सार्स’, ‘सार्स ऑथराइज़्ड क्रिमिनल्स’ के बोर्ड दिख रहे हैं. नीचे ये पोस्टर्स साफ़ देखे जा सकते हैं.

सीएनएन के आर्टिकल के मुताबिक, ये तस्वीर नाइजीरिया में पुलिस बर्बरता के खिलाफ़ चल रहे ‘END SARS’ आंदोलन की है. ये प्रदर्शन नाइजीरिया में पुलिस यूनिट स्पेशल ऐंटी रॉबरी स्क्वॉड (सार्स) के खिलाफ़ किया जा रहा है. नाइजीरिया के लोगों ने सार्स के खिलाफ अगवा करने, पुलिस बर्बरता और जबरन वसूली का आरोप लगाया है. आर्टिकल के मुताबिक, इस प्रदर्शन के समर्थन में कई जाने-माने गायक और ऐक्टर्स ने भी ट्वीट किया था.

मीडिया आउटलेट्स fr 24 न्यूज़ और न्यूज़ अफ़्रीका ने भी इस प्रदर्शन की ये तस्वीर शेयर की है. इसके अलावा, सार्स के ख़िलाफ़ हुए इस प्रदर्शन के बारे में नाइजीरिया के अखबार प्रीमियम टाइम्स ने भी खबर प्रकाशित की थी.

इस तरह, नाइजीरिया में पुलिस बर्बरता के खिलाफ़ जारी प्रदर्शन की तस्वीर एडिट कर सोशल मीडिया पर शेयर की गई. तस्वीर शेयर करते हुए ये दिखाने की कोशिश की गई कि नाइजीरिया के लोग बॉलीवुड ऐक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर इंसाफ की मांग रहे हैं.

ग़लत
दावा:
नाइजीरिया में लोग बॉलीवुड ऐक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर इंसाफ मांग रहे हैं.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें