ट्विटर पर विशालकाय मछली का 15 सेकंड का एक वीडियो काफ़ी शेयर किया जा रहा है. इस वीडियो में वो पानी से बाहर आती है और एक हेलिकॉप्टर को पानी में खींच ले जाती है. सोशल मीडिया में वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि नेशनल जियोग्राफ़िक ने इस ‘दुर्लभ वीडियो’ के लिए मिलियन डॉलर का भुगतान किया है.

एक ट्विटर यूज़र ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “नेशनल जियोग्राफ़िक चैनल ने इस ‘दुर्लभ वीडियो’ के लिए 1 मिलियन डॉलर चुकाये है, क्या अद्भुत वीडियो है ये”

ऑल्ट न्यूज़ के ऑफ़िशियल व्हाट्सऐप नंबर (+917600011160) और मोबाईल ऐप पर इस वीडियो की हकीकत जानने के लिए कई रीक्वेस्ट आई हैं.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो के फ़्रेम को यांडेक्स (Yandex) पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमने पाया कि ये वीडियो 2017 की एक फ़िल्म ‘5 Headed Shark Attack’ की एक क्लिप है.

This slideshow requires JavaScript.

यूट्यूब पर की-वर्ड्स सर्च करने पर सितंबर 2017 में अपलोड किया हुआ इस फ़िल्म का ऑफ़िशियल ट्रेलर मिला. इस ट्रेलर के वीडियो में आप वायरल वीडियो वाले हिस्से को 1 मिनट 5 वे सेकंड पर देख सकते है. इस दृश्य में शार्क हेलिकॉप्टर को नीचे पानी में गिराते हुए दिखाई दे रही है.

जैसा कि हमने देखा नेशनल जियोग्राफ़िक चैनल द्वारा इस वीडियो के लिए 1 मिलियन डॉलर चुकाये जाने का दावा सिर्फ़ एक अफ़वाह है. ऐसी अफ़वाह पहले भी कई बार सोशल मीडिया में चलाई गई है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा दृश्य 2017 की एक हॉलीवुड फ़िल्म ‘5 Headed Shark Attack’ से क्लिप किया गया है. 2017 में नेशनल जियोग्राफ़िक द्वारा 1 मिलियन डॉलर चुकाने के दावे से एक और फ़िल्म ‘Into the Storm’ की क्लिप को शेयर किया गया था. 2017 में इस वायरल दावे की जांच अमेरिकन फ़ैक्ट-चेकिंग वेबसाइट ‘स्नोपस’ ने की थी.

ग़लत
दावा:
शार्क द्वारा हेलिकॉप्टर पर हमला करने के वीडियो के लिए नेशनल जियोग्राफ़िक ने 1 मिलियन डॉलर चुकाये

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें