44 सेकंड का एक सीसीटीवी फ़ुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें कुछ लड़के, एक आदमी को बुरी तरह लाठी डंडों से पीट रहे हैं. एक लड़की इसके बीच-बचाव में आती है. लेकिन लाठी डंडों से लैस बेख़ौफ़ अपराधी रुकते नहीं हैं. वो बेरहमी से ज़मीन पर पड़े एक शख्स को पीट रहे हैं. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो बिहार के समस्तीपुर ज़िले का है. और पीड़ित शख्स का नाम मोहम्मद मुस्तक़ीम है. वायरल दावे के मुताबिक, उसपर बैल की चोरी का आरोप था जिस वजह से भीड़ ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी.

ट्विटर यूज़र शकील सैयद ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “बिहार: समस्तीपुर में बैल चोरी के आरोप में भीड़ द्वारा मोहम्मद मुस्तक़ीम नामी युवक की बेरहमी से पीट पीटकर हत्या कर दी गई”. (आर्काइव लिंक)

ट्विटर यूज़र इरफ़ान अंसारी ने भी ये वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

मोहम्मद हारून मंसूरी ने भी ये वीडियो समस्तीपुर का बताकर ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

ऐसे ही कई और यूज़र्स ने भी ये वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के फ़्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ‘टाइम्स नाउ हिंदी‘ का 3 अगस्त 2022 का आर्टिकल मिला जिसमें वायरल वीडियो का ज़िक्र किया गया है.

आर्टिकल के मुताबिक, ये वीडियो हरियाणा के हिसार में हुई घटना का है. पुरानी रंजिश के मामले में अपराधियों ने विकास नाम के शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. उसके पिता जयवीर पहलवान की भी कई सालों पहले हत्या कर दी गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, विकास पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वो कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था. इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. हमें इस घटना की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं जिसमें जागरण, ईटीवी भारत, हरिभूमि भी शामिल हैं. यानी, ये वीडियो समस्तीपुर का नहीं है.

क्या है समस्तीपुर की घटना?

समस्तीपुर में ऐसी कोई घटना हुई है या नहीं इस बारे में जानने के लिए हमने गूगल पर की-वर्ड्स सर्च किया. हमें 1 अगस्त 2022 की ज़ी न्यूज़ और नवभारत टाइम्स की खबर मिलीं. इन आर्टिकल्स के मुताबिक, बिहार के समस्तीपुर ज़िले में ग्रामीणों ने बैल की चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी. समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना प्रभारी चंद्रकांत गौरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के नज़दीक मोबाइल फ़ोन और मोटरसाइकिल बरामद किये हैं. मृतक की पहचान बेगूसराय ज़िले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एघु गांव निवासी मोहम्मद मुस्तकिम उर्फ़ भोला के रूप में हुई है. न्यूज़18 बिहार ने इस ख़बर से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट भी ट्वीट की है.

कुल मिलाकर, हरियाणा के हिसार में पुरानी रंजिश के मामले में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना का CCTV फ़ुटेज सोशल मीडिया यूज़र्स ने बिहार के समस्तीपुर ज़िले में बैल की चोरी के आरोप में मारे गए शख्स की बताकर शेयर की. जबकि ये दोनों दो अलग-अलग घटना है.

ग़लत
दावा:
बिहार के समस्तीपुर में बैल की चोरी के आरोप में एक शख्स को पीटकर मार दिया गया। देखें वीडियो

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें