सोशल मीडिया पर यूपी का बताकर एक बहुत ही भयावह वीडियो शेयर किया जा रहा है. वीडियो में एक लड़की को जलते हुए देखा जा सकता है. इसे शेयर करने वाले यूपी में सत्ताधारी BJP सरकार पर निशाना साधते हुए लिख रहे हैं, “उत्तर प्रदेश में ऐसे हो रही है बेटी की मौत!भाजपा हटाओ देश बचाओ.”

वीडियो की संवेदनशीलता देखते हुए हम इसे आर्टिकल में शामिल नहीं कर रहे हैं.

 

बिहार के वैशाली ज़िले में गुलनाज़ नाम की लड़की को ज़िंदा जलाने की घटना से जोड़कर भी ये वीडियो शेयर हो रहा है.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो के फ़्रेम का रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कर्नाटका के स्थानीय चैनल की कुछ न्यूज़ रिपोर्ट्स मिलीं. साक्षा टीवी की 9 नवम्बर, 2020 की रिपोर्ट में इस घटना की तस्वीर भी है जो वायरल हो रहे विज़ुअल से मिलती है. रिपोर्ट के अनुसार ये घटना कर्नाटका के मैसूर की है.

आगे की-वर्ड्स सर्च से हमें द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की 9 नवम्बर, 2020 की एक रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट में पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया गया है, “रविवार यानी 8 नवम्बर, 2020 की सुबह एक नर्स और उसके दो दोस्त टहलने निकले थे. तभी उन्हें किसी अनजान चीज़ से धुआं निकलता दिखाई दिया. उन्होंने देखा कि एक शव जल रहा है. वो डर गए और चिल्लाए जिसके बाद कई स्थानीय लोग वहां जमा हो गए. फिर पुलिस को सूचित किया गया.”

रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि पुलिस ने लड़की की उम्र लगभग 18-20 वर्ष बताई है. साथ ही बुरी तरह से जलने की वजह से उसकी पहचान न हो सकी है. लेकिन पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

इस वीडियो की पड़ताल पहले बूमलाइव ने भी की है.

यानी, जिस वीडियो को शेयर करते हुए इसे यूपी और बिहार की घटना बताया जा रहा है वो असल में कर्नाटका का है.


ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें:

ग़लत
दावा:
यूपी/बिहार में लड़की को जलाए जाने का वीडियो

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें