परेशान करने वाला एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें लोग एक व्यक्ति को गंदे नाले में धक्का दे देते हैं फिर उसे डंडा और पत्थरों मारा जाता है. ऑर्गनायज़र वीकली से जुड़ी पत्रकार सुभी विश्वकर्मा ने 22 जून को ये वीडियो शेयर किया और दावा किया कि बांग्लादेश में हिन्दू को नाले में धकेल दिया गया और उसपर पत्थर बरसाए गए ताकि वो बाहर न निकल सके. (आर्काइव लिंक)
अनुपम मिश्रा नाम के एक यूज़र ने ये वीडियो 22 जून को शेयर करते हुए लिखा, “बांग्लादेश में हिंदूओं को पत्थर मारकर मौत की सज़ा दी जा रही है वो भी पानी में डुबो कर.” (आर्काइव लिंक)
बांग्लादेश में हिंदूओं को पत्थर मारकर मौत की सज़ा दी जा रही है वो भी पानी में डुबो कर https://t.co/SUyTO0cwNI
— ANUPAM MISHRA (@scribe9104) June 22, 2026
प्रदीप नाम के एक यूज़र ने 29 जून को ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आखिर हिंदूओं से इतनी नफरत क्यों बंगलादेश में पहले तो हिंदूओं को पानी में धकेला जा रहा फिर पत्थर से मारा जा रहा है। देखो जब ये संख्या में ज्यादा हो जाते है तो कितने क्रूर हो जाते हैं.” (आर्काइव लिंक) इसी तरह कृशानु सिंघा नाम के यूज़र ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की घटना बताया. और दावा किया कि इस युवक के डूबने से मौत हो गई.
फैक्ट-चेक
इस वीडियो के एक फ्रेम का रिवर्स इमेज सर्च करने से हमें बांग्लादेश के यूज़र्स और लोकल चैनल्स के वीडियोज़ मिले. ढाका, बांग्लादेश स्थित चैनल BEC न्यूज़ ने इस वीडियो को शेयर करते हुए बताया है कि फोन चोरी करने में नाकाम युवक को लोगों ने पीटा.

इस आधार पर सर्च करने से हमें बांग्लादेश के कई स्थानीय चैनल्स की रिपोर्ट्स मिलीं. स्थानीय चैनल बांग्लाधोनी के मुताबिक, ये ढाका के जात्राबारी की घटना है जहां मोबाईल फोन चोरी करते हुए पकड़े जाने पर भीड़ से बचने के लिए चोर नाले में कूद गया. CTG न्यूज़ BD, डोसदिक, न्यूज़ नाउ बांग्ला ने जात्राबारी में हुई इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए इस वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो पोस्ट किया है.
जात्राबारी की इस घटना के बारे में ढूंढते हुए हमें इस मौके का एक लाइव वीडियो मिला. नारायणगंज, ढाका के रहने वाले ब्लॉगर अनमूल हसन ने 16 जून को हुई इस घटना को फ़ेसबुक पर लाइव दिखाया था. 12 मिनट के लंबे लाइव वीडियो के अंत में दिखता है कि लोगों ने उस कथित चोर को डंडा देकर बाहर निकाला और कान पकड़कर उठक-बैठक कराया. इसी वीडियो में एक मौके पर यूज़र ये भी दावा करता है कि यह युवक अक्सर लोगों के मोबाइल चोरी करता था.
कुल मिलाकर, ये घटना रंगे हाथों चोरी करते हुए पकड़े गए चोर की है, साथ ही वीडियो में दिखता है कि उसे बाहर निकाल कर माफी मंगवाया गया था. यानी, युवक के मौत का भी दावा ग़लत है.









