ज्वेलरी की दुकान में एक व्यक्ति के घायल होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बुरी तरह घायल है जिसे कई लोग टाँगकर ले जा रहे हैं. इस वीडियो को शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि कर्नाटक के बेल्लारी में कल्याण ज्वेलर्स के शोरूम में IED ब्लास्ट हुआ जिसमें कई लोग ज़ख्मी हुए और कुछ की हालत गंभीर बताया गया है. कई लोग इसे शेयर करते हुए घटना को इस्लामिक अटैक बता रहे हैं.

रवि अग्रवाल नाम के एक यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए IED ब्लास्ट की घटना बताया और सवाल उठाया कि क्या ये इस्लामिक अटैक था?

दीपक शर्मा नाम के यूज़र ने भी इसे कम्यूनल एंगल के साथ शेयर करते हुए लिखा, “सोते रहो हिंदुओं, अगला नंबर तुम्हारा है.”

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के एक फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें इंडिया टुडे की वेबसाइट पर 3 मई को पब्लिश्ड एक रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि कर्नाटक के बेल्लारी में कल्याण ज्वेलर्स के स्टोर में एयर कंडीशनर में गड़बड़ी की वजह से हुए विस्फोट से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

न्यूज़9 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कल्याण जेवलर्स स्टोर में गैस रिफिल करने के दौरान एयर कंडीशनर विस्फोट कर गया. घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया. साथ ही बेल्लारी SP रंजीत कुमार बंडारू ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू की.

कर्नाटक पुलिस ने इस घटना को लेकर एक ट्वीट किया जिसमें लिखा है, “इस घटना की वजह एयर कंडिशनर की गैस से हुआ धमाका है. और बेल्लारी के एसपी ने खुद मौके पर जाकर इसकी पुष्टि की है साथ ही मामले की जांच चल रही है. कृपया न ही अफवाह फैलाएं और न ही इन पर ध्यान दें.”

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने कर्नाटक के बेल्लारी में एक ज्वेलरी शॉप में एयर कंडीशनर में गैस रिफिल करने के दौरान हुए धमाके की घटना को कम्यूनल एंगल के साथ शेयर किया.

ग़लत
दावा:
कर्नाटक के बेल्लारी में ज्वेलरी स्टोर में हुआ IED ब्लास्ट

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें