बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ, कई लोगों ने भाजपा से जुड़े नेताओं की तस्वीर पोस्ट की जिसमें उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान किया था और फिर बिहार विधानसभा चुनाव में भी मतदान किया, इन तस्वीरों में भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा की तस्वीर भी शामिल थी. विपक्षी दलों ने इसे लेकर सवाल उठाया जिसके बाद राकेश सिन्हा ने एक बयान जारी कर बताया कि उन्होंने अपना पता दिल्ली से बदलकर बिहार कर लिया है और और अपना दिल्ली का वोटर आईडी भी डिलीट कर, बिहार का नया वॉटर आईडी बनवाया है.

इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा की नेता ऋचा राजपूत ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की दो तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि 5 फरवरी को कन्हैया कुमार दिल्ली के वोटर थे, आज बिहार के वोटर है. (आर्काइव लिंक)

भाजपा प्रवक्ता शिवम त्यागी ने कन्हैया कुमार की तस्वीरें पोस्ट करते हुए दावा किया कि उन्होंने पहले दिल्ली में वोट डाला, फिर बिहार में भी वोट डाला. (आर्काइव लिंक)

इसी प्रकार भारतीय जनता युवा मोर्चा की अपूर्वा सिंह ने भी कन्हैया कुमार की तस्वीर पोस्ट करते हुए दावा किया कि उन्होंने 2024 में दिल्ली में वोट डाला और 2025 में बिहार में वोट डाला. (आर्काइव लिंक)

भाजपा समर्थक रौशन सिन्हा आदि ने भी कन्हैया कुमार की तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया कि उन्होंने दिल्ली चुनाव में वोट डाला था.

फ़ैक्ट-चेक

कन्हैया कुमार की प्रोफ़ाइल देखने पर हमें उनका 6 नवंबर 2025 का एक पोस्ट मिला जिसमें उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान कर अपनी तस्वीर पोस्ट की थी.

हमने वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया जिसे शेयर करते हुए दावा किया गया कि कन्हैया कुमार ने दिल्ली में वोट दिया था. हमें ये तस्वीर कन्हैया कुमार के 25 मई 2024 के x पोस्ट में मिली जिसमें वो आम आदमी पार्टी के विधायक दिलीप पांडे के साथ तिमारपुर के बूथों का दौरा किया था. ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन में कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी सहित कई विपक्षी पार्टियों ने चुनाव लड़ा था.

इसके अलावा, ट्विटर पर की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें 13 मई 2024 की खबर मिली जिसमें कन्हैया कुमार ने बिहार के बेगूसराय में लोकसभा चुनाव में अपना वोट डाला था. यानी, कन्हैया कुमार की जिस तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया गया कि उन्होंने दिल्ली में वोट दिया था, दरअसल वो लोकसभा चुनाव की तस्वीर है और कन्हैया कुमार, तब भी बिहार के बेगूसराय के ही वोटर थे. लोकसभा चुनाव सात चरणों में सम्पन्न हुआ था जिसमें बिहार के बेगूसराय में 13 मई 2024 को चौथे चरण में मतदान हुआ था, और दिल्ली में 25 मई 2024 को छठे चरण में मतदान हुआ था. कन्हैया कुमार बेगूसराय में वोट देने के बाद चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली चले गए थे. जहां से उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से वो उम्मीदवार थे, इसी दौरान उन्होंने तिमारपुर में बूथों का दौरान करते हुए तस्वीर पोस्ट की थी. उनकी उंगली पर लगे इंक का निशान दरअसल बेगूसराय में वोट देने के दौरान का था जो तस्वीर में दिख रही है, चूंकि बेगूसराय में दिल्ली से पहले मतदान हो गया था.

कुल मिलाकर, कई भाजपा नेताओं ने कन्हैया कुमार की तस्वीर शेयर करते हुए झूठा दावा किया कि उन्होंने पहले दिल्ली में वोट दिया और फिर बिहार विधानसभा चुनाव में वोट दिया.

असत्य
दावा:
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने दिल्ली और बिहार दोनों जगह मतदान किया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें