सोशल मीडिया पर करीब 50 सेकंड का एक वीडियो वायरल है, जिसमें समाचार एजेंसी ANI का लोगो लगा है. वीडियो में पूर्व आर्मी कमांडर, वेस्टर्न कमांड, लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार (रिटायर्ड) को यह कहते सुना जा सकता है:

“मैंने इंडियन आर्मी में 41 साल तक सेवा की है और इस दौरान मैंने कई कठिन परिस्थितियां देखी हैं. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में जो हालात बने हैं, उन्होंने मुझे गहरी चिंता में डाल दिया है. आज मुझे अपनी सेना की स्थिति, तैयारी और भविष्य को लेकर गंभीर सवाल दिखाई देते हैं. पाकिस्तान के साथ 10 मई को हुए संघर्ष के दौरान हमारे विमानों के गिरने से जुड़ी कई रिपोर्ट सामने आईं. इस घटना ने हमारी सैन्य तैयारी और योजना पर कई सवाल खड़े किए. इसके साथ ही चाइना के साथ भी हमारा तनाव बढ़ा है, जिससे सीमा सुरक्षा और सैन्य तैयारी को लेकर चिंता और गहरी हो गई है. अरुणाचल प्रदेश के संदर्भ में भी स्थिति को गंभीरता से समझना होगा. चाइना के हमारे दावे वाले क्षेत्र में लगभग 25 किलोमीटर तक आगे बढ़ने की बातें सामने आई हैं, और हम उसे प्रभावी रूप से रोकने या नियंत्रित करने में सफल नहीं हो पा रहे हैं.”

इस वीडियो को शेयर करते हुए कई पाकिस्तानी प्रॉपगेंडा हैंडल्स (@IndiaGenzzz, @ThokaReturns, @Clashfire_, @sumit_sarkr @RedDeFacto) ने दावा किया कि फ़रवरी में लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार ने चेतावनी दी थी कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अगला बड़ा फ्लैशप्वाइंट बन सकता है. इन हैंडल्स के मुताबिक, कुछ ही महीनों बाद अरुणाचल प्रदेश फिर चर्चा में है, और मई 2025 के पाकिस्तान के साथ संघर्ष के दौरान भी उन्होंने भारतीय सेना की ऑपरेशनल तैयारी और क्षमताओं पर गंभीर सवाल उठाए थे.

This slideshow requires JavaScript.

इसके बाद कई भारतीय यूज़र्स ने भी वायरल वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर करना शुरू कर दिया. इसमें राजद झारखंड की नेता अनीता यादव भी शामिल थी. (आर्काइव लिंक)

अमन भारद्वाज नाम के यूज़र ने भी ये वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया कि लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार ने कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अगला बड़ा फ्लैशपॉइंट बन सकता है. कुछ ही महीनों बाद, अरुणाचल प्रदेश एक बार फिर सुर्खियों में है. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

पड़ताल की शुरुआत में ही ये वीडियो संदिग्ध मालूम पड़ता है. चूंकि, वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा भारतीय सेना के किसी शीर्ष अधिकारी के पद की गरिमा के अनुरूप पेशेवर नहीं है. खासकर तब, जब कथित तौर पर यह बात किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई हो. अगर सार्वजनिक रूप से ऐसा कुछ कहा गया होता, तो यह मीडिया की सुर्खियां बनता. लेकिन कीवर्ड सर्च करने पर हमें ऐसी कोई भी रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें वायरल पोस्ट्स में किए गए दावे की पुष्टि होती हो.

इसके बाद हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें वायरल वीडियो से मिलता हुआ फुटेज ABP News के यूट्यूब चैनल पर 30 मार्च 2026 को अपलोड किया हुआ मिला, हालांकि इस वीडियो का ऑडियो वायरल वीडियो से बिल्कुल अलग है. इस वीडियो में आर्मी कमांडर, वेस्टर्न कमांड, लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम करने के लिए वेस्टर्न कमांड के सभी जवानों को बधाई देते नजर आते हैं. इस वीडियो में न तो उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के बारे में कोई बात की है, और न ही भारतीय सेना की ऑपरेशनल तैयारी और क्षमताओं पर कोई गंभीर सवाल उठाया है.

हमने इससे संबंधित की-वर्ड्स को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सर्च किया. हमें वायरल वीडियो का बड़ा वर्जन मिला, जिसे ANI ने भी 30 मार्च 2026 को पोस्ट किया था. इस पोस्ट में वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार सेना में चालीस साल की सेवा के बाद अपने रिटायरमेंट की पूर्व संध्या पर बात करते हुए कहते हैं कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना ने पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को सफलतापूर्वक नाकाम किया और सफलता हासिल की. उन्होंने सेना के बारे में बात करते हुए बताया कि नियमित प्रशिक्षण के अलावा ड्रोन और काउंटर-ड्रोन सिस्टम सहित नए उपकरणों की बड़े पैमाने पर खरीद की जा रही है, इसके अलावा उन्होंने कहा कि जहां ज़रूरी है वहां इन्हें अपनी ही वर्कशॉप्स में तैयार भी किया जा रहा है.

साथ ही उन्होंने वेस्टर्न कमांड में सभी रैंक के कर्मियों के लिए रहने की स्थितियों, चिकित्सा सुविधाओं और शिक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाने और पूर्व सैनिकों व उनके कल्याण पर भी पूरा ध्यान देने को लेकर उठाए गए कदम की बात की. ANI द्वारा पोस्ट किए गए इस लंबे वर्जन में भी अरुणाचल प्रदेश को लेकर कोई बात नहीं कही गई है, और न ही भारतीय सेना की ऑपरेशनल तैयारी या क्षमताओं पर कोई गंभीर सवाल उठाया गया है. इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो को असल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर बनाया गया है.

भारतीय सेना की फैक्ट-चेक यूनिट ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पाकिस्तानी प्रॉपगेंडा हैंडल्स द्वारा शेयर किए जा रहे इन दावों का खंडन किया है. भारतीय सेना ने बताया कि पाकिस्तानी अकाउंट्स एक डिजिटली मैनिपुलेटेड वीडियो फैला रहे हैं, जिसमें पूर्व आर्मी कमांडर, वेस्टर्न कमांड, लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार (रिटायर्ड) के नाम पर झूठे बयान जोड़े गए हैं और दावा किया गया है कि उन्होंने अरुणाचल प्रदेश को भारत का अगला बड़ा सैन्य फ्लैशप्वाइंट बताया था. सेना के अनुसार मूल फुटेज 30 मार्च 2026 को उनके रिटायरमेंट की पूर्व संध्या पर चंडीमंदिर, पंचकूला में हुई मीडिया बातचीत का है, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन राहत, ऑपरेशनल तैयारी और वेस्टर्न कमांड की अन्य पहलों पर चर्चा की थी. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के भारत का अगला बड़ा फ्लैशप्वाइंट बनने को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया. भारतीय सेना ने अपने ट्वीट में ANI की पोस्ट को मूल स्रोत के रूप में भी अटैच भी किया है.

कुल मिलाकर, पूर्व आर्मी कमांडर, वेस्टर्न कमांड, लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार (रिटायर्ड) का एक डॉक्टर्ड वीडियो कई पाकिस्तानी प्रॉपगेंडा अकाउंट्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें झूठा दावा किया गया कि उन्होंने अरुणाचल प्रदेश को भारत का अगला बड़ा फ्लैशप्वाइंट बताया था और मई 2025 के पाकिस्तान के साथ संघर्ष के दौरान भारतीय सेना की ऑपरेशनल तैयारी और क्षमताओं पर गंभीर सवाल उठाए थे. उन्होंने ऐसा कोई बयान कभी नहीं दिया था.

ग़लत
दावा:
लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार (रिटायर्ड) ने अरुणाचल प्रदेश को भारत का अगला बड़ा फ्लैशप्वाइंट बताया था और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की क्षमताओं पर सवाल उठाए थे.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें