सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल की 7 सेकंड की एक वीडियो क्लिप शेयर की जा रही है. ये वीडियो पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के के बाद शेयर किया जा रहा है. वीडियो में अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि उनका जनसंघ का परिवार है. वो आगे बताते हैं कि वो पैदाइशी भाजपा वाले हैं. ये वीडियो कांग्रेस सदस्य मिनी नागरे ने ट्वीट किया. इसे शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल RSS से जुड़े हुए हैं. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

ट्विटर यूज़र अजय ने ये वीडियो 2020 के दिल्ली चुनावों के मद्देनज़र ट्वीट किया था. और लिखा था कि अब क्या किसी को अरविंद केजरीवाल के आरएसएस से जुड़े होने का सबूत चाहिए?

ऑल्ट न्यूज़ के मोबाइल ऐप पर इस वीडियो की जांच के लिए कुछ रिक्वेस्ट भी मिलीं..

फ़ैक्ट-चेक

जांच के दौरान, ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि ये क्लिप अरविंद केजरीवाल के NDTV को दिए गए एक इंटरव्यू से ली गई है. फ़रवरी 2020 के इस इंटरव्यू में अरविंद केजरीवाल दावा करते हैं कि उन्हें भाजपा का समर्थक बताया जा रहा है.

नीचे, इंटरव्यू के वीडियो में 7 मिनट 15 सेकंड के बाद वायरल वीडियो का हिस्सा दिखता है. वो कहते हैं, “मैं एक वो देख रहा था, एक बीजेपी वाला एक चैनल के ऊपर बोल रहा था. बोला जी हमारा जनसंघ का परिवार है, पैदाइशी बीजेपी वाले हैं हम. मेरे पिताजी जनसंघ में थे. इमरजेंसी में जेल गए थे. बोला लेकिन इस बार केजरीवाल को वोट दूंगा मैं. उससे पूछा क्यूँ? तो बोला (समर्थक) बोले जी मेरा बच्चा सरकारी स्कूल में पढ़ता है. और इतना बुरा हाल होता था सरकारी स्कूलों का, इन्होंने मेरे बच्चे का भविष्य बना दिया. बोला अकेला बंदा है जो काम पे वोट मांग रहा है.”

कुल मिलाकर, अरविंद केजरीवाल के इंटरव्यू का क्लिप वर्ज़न गलत संदर्भ के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. वीडियो में अरविंद केजरीवाल एक समर्थक के हवाले से ये बयान दे रहे थे.

ग़लत
दावा:
सोशल मीडिया ने कहा कि उनका जनसंघ का परिवार था

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें