सोशल मीडिया पर ‘AAP Donation List’ नामक एक एक्स अकाउंट का 27 नवंबर 2014 का एक पुराना पोस्ट वायरल है. इस पोस्ट के मुताबिक, दिल्ली के सौरभ दास नामक व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी को ₹2611 रुपया दान किया. इस पोस्ट को शेयर करते हुए भाजपा समर्थक दावा कर रहे हैं कि ये दान पत्रकार और कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने दिया था. चूंकि यह रकम 2611 है, इसलिए इसे 26 नवंबर 2008, मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों का मज़ाक उड़ाने और हमले का जश्न मनाने की मंशा से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.

आचार्य अंकुर आर्य ने वायरल ट्वीट को कोट कर, सौरभ दास को टैग करते हुए लिखा कि 26/11 को भारत पर सबसे बड़ा आतंकवादी हमला हुआ था. इसमें पाकिस्तानी आतंकवादियों ने सैकड़ों हिन्दुस्तानियों को बेरहमी से मारा था. जब भारत 2014 में उसकी बरसी मना रहा था, उसी समय सौरभ दास ने आम आदमी पार्टी को 2611 रुपये दान किए.

भाजपा के आनंद कृष्णा ने पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि सीजेपी की ये कठपुतलियाँ भारत से इतनी नफ़रत करती हैं. इन्होंने आम आदमी पार्टी को 2611 रुपये दान करके हमारे देश का मज़ाक उड़ाया और 26/11 के मुंबई हमले में मारे गए आम नागरिकों और सैनिकों का भी मज़ाक बनाया.

राइट-विंग हैंडल wokeflix ने भी कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास को टैग करते हुए लिखा कि ऐसा कौन सा घटिया और बीमार दिमाग़ वाला इंसान है जो ठीक ₹2611 दान करता है, सिर्फ़ इसलिए ताकि वो 26/11 के आतंकवादियों को ‘हाई-फ़ाइव’ दे सके और हर मरे हुए भारतीय की लाश पर अपनी हवस मिटा सके?

भाजपा समर्थक सुरेंद्र पूनिया ने भी वायरल ट्वीट को पत्रकार सौरभ दास से जोड़ा और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए इस पर एक ग्राफिक पोस्ट किया.

फ़ैक्ट-चेक

गूगल पर मामले से संबंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें टाइम्स ऑफ़ इंडिया का 28 नवंबर 2014 का एक आर्टिकल मिला. इसके मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने अपने स्थापना दिवस 26 नवंबर के मौके पर 2611 नाम से एक विशेष फंड-रेज़िंग कैंपेन चलाया था, जिसमें समर्थकों से ₹2,611 दान करने की अपील की गई थी. पार्टी का लक्ष्य एक दिन में ₹26.11 लाख जुटाना था, यह आंकड़ा भी 26/11 यानी आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस से ही जुड़ा था, न कि मुंबई हमले से.

आम आदमी पार्टी दिल्ली ने 26 नवंबर 2014 को ट्वीट करते हुए अपने स्थापना दिवस पर लोगों से 2611 रूपये डोनेशन देने की अपील की थी.

हमने AAP Donation List नाम के उसी अकाउंट पर 26-27 नवंबर 2014 के आसपास के ट्वीट्स सर्च किए तो पाया कि सौरभ दास नाम के व्यक्ति अकेले नहीं थे जिन्होंने ₹2611 रुपये दान किए थे. 26 से 27 नम्बर के बीच 50 से ज़्यादा अलग-अलग लोगों ने ठीक ₹2611 रूपये दान किए थे, जिसका धन्यवाद आम आदमी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल AAP Donation List से किया था.

पत्रकार और कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी यह दान नहीं दिया. वे तब मात्र 15 साल के थे.

कुल मिलाकर, सौरभ दास के नाम से हुआ ₹2,611 का दान 26/11 मुंबई हमले से जुड़ा कोई प्रतीकात्मक इशारा नहीं था, बल्कि यह आम आदमी पार्टी के स्थापना-दिवस कैंपेन के तहत कई समर्थकों द्वारा दान की गई राशि थी. इसके साथ ही, दावा करने वालों के पास यह साबित करने का कोई ठोस आधार नहीं है कि यह दान पत्रकार सौरव दास ने ही दिया था. यह नाम एक आम भारतीय नाम है, और खुद सौरव दास इस दावे को नकार चुके हैं. इसलिए वायरल पोस्ट में किया जा रहा दोनों दावा तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक है कि पत्रकार सौरव दास ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले का मज़ाक उड़ाने के लिए आम आदमी पार्टी को ₹2611 रुपया दान किया.

ग़लत
दावा:
सीजेपी के सौरव दास ने आम आदमी पार्टी को 2611 रूपये मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों का मज़ाक उड़ाने के लिए दान किया था

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें