सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर एक वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है. वीडियो में सड़क पर चल रही एक महिला के सामने एक व्यक्ति अपना शर्ट निकालता है. इसके बाद महिला उसे थप्पड़ मारती है और दोबारा ऐसा न करने के लिए कहती है. ये वीडियो शेयर करते हुए यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि ये लड़का मुस्लिम है जो कि अपनी बॉडी हिन्दू महिला को दिखा रहा था. लेकिन हिन्दू महिला ने उसे सबक सिखाया. ‘बाबा बनारस’ नामक एक वेरिफ़ाइड एक्स (ट्विटर) अकाउंट ने ऐसे ही दावे के साथ ये वीडियो ट्वीट किया. ये फ़ैक्ट-चेक लिखे जाने तक इस ट्वीट को 19 लाख से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. (ट्वीट का आर्काइव वर्ज़न)

एक और यूज़र ने भी इसी तरह के दावे के साथ ये वीडियो एक्स पर पोस्ट किया. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक और एक्स (ट्विटर) पर ये वीडियो हिन्दू महिला की बहादुरी के दावे के साथ काफी पोस्ट किया गया है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने कथित वीडियो को लेकर छानबीन शुरू की. हमें तमन्ना कोहली नामक महिला का इंस्टाग्राम अकाउंट मिला. इंस्टाग्राम बायो में तमन्ना ने खुद को वीडियो क्रियेटर बताया है. ये अकाउंट खंगालने पर हमें वायरल वीडियो 19 सितंबर को पोस्ट किया हुआ मिला. वीडियो में दिखने वाली महिला तमन्ना कोहली ही है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Tamanna Kohli (@tamannakohli786787)

तमन्ना ने इंस्टाग्राम पर और भी ऐसे कई वीडियोज़ पोस्ट किये हैं जिसमें सड़क पर अचानक से कोई लड़का आता है और डांस या अपनी बॉडी दिखाने की कोशिश करता है और फिर तमन्ना नामक ये महिला उसे मारती है.

यूट्यूब और फ़ेसबुक पर भी तमन्ना कोहली के अकाउंट्स हैं जिसपर वो इसी तरह के कंटेन्ट पोस्ट करती रहती हैं. हमने तमन्ना कोहली से इस मामले पर संपर्क करने की कोशिश की है. उनका जवाब मिलते ही इस आर्टिकल को अपडेट कर दिया जाएगा.

यानी, वायरल वीडियो कोई असली घटना नहीं बल्कि स्क्रिप्टेड है. तमन्ना नामक महिला एक डिजिटल कंटेन्ट क्रियेटर है और वो इस तरीके के वीडियोज़ बनाकर पोस्ट करती है. हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब किसी स्क्रिप्टेड वीडियो को सोशल मीडिया पर झूठे कम्यूनल ऐंगल के साथ पोस्ट किया गया हो. इससे पहले भी गलत सांप्रदायिक दावों के साथ ऐसे नाटकीय वीडियोज़ वायरल हुए हैं जिन्हें असल में मनोरंजन या जागरूक करने के मकसद से बनाया जाता है.

ग़लत
दावा:
शर्ट निकालकर बॉडी दिखा रहे मुस्लिम लड़के की हिन्दू महिला ने की पिटाई

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें