हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें पीड़िता के पिता और एक महिला डॉक्टर कथित रूप से 5 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका जता रहे हैं. राइट विंग हैंडल्स और प्रॉपगेंडा आधारित न्यूज़ चैनल, ये वीडियो शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि UP के कुशीनगर में कक्षा 1 में पढ़ने वाली मासूम के साथ विद्यालय में नईमुद्दीन अंसारी ने बलात्कार किया. लोग लिख रहे हैं, “अल्लाह को मानने वाला 5 वक्त का नमाज़ी ‘नईमुद्दीन अंसारी’ निकला हैवान”.
हिंदू-मुस्लिम प्रॉपगेंडा आधारित न्यूज़ चैनल सुदर्शन न्यूज़ उत्तरप्रदेश के X-हैंडल में एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “UP के कुशीनगर में कक्षा 1 में पढ़ने वाली मासूम के साथ विद्यालय में रेप अल्लाह को मानने वाला 5 वक्त का नमाज़ी ‘नैमुदिन अंसारी’ निकला हैवान, नैमुदिन अंसारी ने मासूम बच्ची की इज़्ज़त लूटी विद्यालय से घर पंहुचने पर बच्ची की हालत देख परिजन हुए हैरान, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने ज़िला अस्पताल किया रेफर.”
UP के #कुशीनगर में कक्षा 1 में पढ़ने वाली मासूम के साथ विद्यालय में रेप
अल्लाह को मानने वाला 5 वक्त का नमाज़ी “नैमुदिन अंसारी” निकला हैवान
नैमुदिन अंसारी ने मासूम बच्ची की इज़्ज़त लूटी
विद्यालय से घर पंहुचने पर बच्ची की हालत देख परिजन हुए हैरान
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर… pic.twitter.com/X47atzqwbw
— Sudarshan उत्तर प्रदेश (@SudarshanNewsUp) April 11, 2026
राइट विंग एक्स-हैंडल्स ‘@SouleFacts‘ और ‘@treeni‘ समेत कई यूज़र्स ने भी वीडियो ऐसी दावे के साथ शेयर किया.
ऑपइंडिया और रिपब्लिक भारत ने भी कथित आरोपी को मुस्लिम समुदाय से बताया. उन्होंने अपने आर्टिकल्स में लिखा कि छात्रा के साथ स्कूल के प्रधानाध्यापक नईमुद्दीन अंसारी ने हैवानियत को अंजाम दिया और पुलिस ने गंभीर धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई मे जुट गई है.
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि सोशल मीडिया में वायरल पोस्ट पर 13 अप्रैल को कुशीनगर थाना पुलिस के आधिकारिक एक्स-हैंडल से स्पष्ट किया गया है कि नईमुद्दीन अंसारी आरोपी नहीं है. पोस्ट में लिखा है कि थाना तरयासुजान क्षेत्रांतर्गत 05 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले वास्तविक अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया.
— Kushinagar Police (@kushinagarpol) April 13, 2026
हालांकि, इससे पहले 11 अप्रैल को वायरल पोस्ट पर कुशीनगर पुलिस के आधिकारिक एक्स-हैंडल ने नईमुद्दीन अंसारी को आरोपी ठहराने वाले वायरल पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा था कि इस घटना के प्रकरण में थाना तरयासुजान पर सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत है, आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है. मौके पर शान्ति व्यवस्था कायम है.
प्रकरण में थाना तरयासुजान पर सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत है, आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर शान्ति व्यवस्था कायम है
— Kushinagar Police (@kushinagarpol) April 11, 2026
जांच के दौरान हमें ‘ज़ी न्यूज़‘ की एक रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के अनुसार, पूरी घटना उत्तर प्रदेश के कुशीनगर तरया सुजान थाना इलाके के विरवट कोन्हवालिया गांव एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाली 5 साल की एक छात्रा की है जो हर दिन की तरह ही 10 अप्रैल 2026 के रोज़ स्कूल गई थी. लेकिन छात्रा उस दिन जल्दी घर लौट आयी थी. परिजनों ने जब लड़की के प्राइवेट पार्ट से खून आते देखा तो उसे फ़ौरन पास के प्राथमिक उपचार केंद ले गए, जहां डॉक्टर्स ने उस बच्ची को ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया. ज़िला अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के साथ रेप हुआ है. बाद में बच्ची को कुशीनगर मेडिकल कालेज में बेहतर इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई.

आगे रिपोर्ट में ज़ी न्यूज़ से बात करते हुए बच्ची के दादा ने बताया कि बच्ची कुछ भी बोल नहीं पा रही है, इसलिए ये कहना मुश्किल है कि रेप किसने किया? वहीं, बच्ची की बड़ी बहन ने कहा कि बच्ची अपने स्कूल के हेडमास्टर नईमुद्दीन अंसारी का नाम ले रही है. बड़ी बहन ने आशंका जाहिर की कि हो सकता है कि हेडमास्टर ने रेप किया हो. इसमें कुछ हिन्दू संगठनों के लोग भी कूद गए. देखते ही देखते गांव में तनाव फ़ैल गया. लोग नईमुद्दीन को अपराधी मानने लगे. पुलिस ने जन दबाव में प्रधानाध्यापक नईमुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया.
बाद में पुलिस की जांच में सामने आया कि स्कूल के हेडमास्टर नईमुद्दीन अंसारी बेगुनाह है, और इस मामले का असली आरोपी सुरेन्द्र सिंह है. सुरेन्द्र सिंह बच्ची के घर आता-जाता था और उसके परिवार का परिचित था. घटना वाले दिन बच्ची जब स्कूल के पास आम के बगीचे में आम चुनने गई थी, तभी आरोपी सुरेन्द्र वहां पहुंच गया. उसने बच्ची से जान पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर उसे कहीं लेकर चला गया और इस घिनौनी वारदात को अंज़ाम दिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
यानी, 5 साल की छात्रा के साथ किए गए दुष्कर्म के संबंध में परिजनों के आशंका और जन दबाव में पुलिस ने प्रधानाध्यापक नईमुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया था, लेकिन पुलिस की जांच में सामने आया कि असली आरोपी सुरेन्द्र सिंह है और नईमुद्दीन अंसारी बेगुनाह है. लेकिन राइट विंग हैंडल्स और हिंदू-मुस्लिम प्रॉपगेंडा आधारित न्यूज़ चैनल ने बिना अरोप साबित हुए नईमुद्दीन अंसारी को ही आरोपी बताते हुए पूरे मुस्लिम समुदाय पर निशाना बनाने वाले अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने लगे.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




