उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक CCTV फुटेज सामने आया. इसमें एक शख्स बूढ़े व्यक्ति को कई बार थप्पड़ मारता दिख रहा है साथ ही वो बचाव करने आई एक बुजुर्ग महिला के साथ भी बदसलूकी करता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी नेता डॉ. बीरबल सिंह के बेटे अभिनव सिंह ने एक बुजुर्ग दम्पति के घर में घुस कर उनके साथ मारपीट की.

इसके बाद इस CCTV फुटेज के साथ एक शख्स की तस्वीर शेयर कर अभिनव सिंह को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की जाने लगी. (आर्काइव लिंक)

एक्स पर कई यूज़र्स ने अभिनव सिंह की गिरफ़्तारी की मांग करते हुए ये तस्वीर शेयर की है.

This slideshow requires JavaScript.

वायरल तस्वीर दूसरे अभिनव सिंह की है

इस घटना के बारे में सर्च करने पर हमने देखा कि लल्लनटॉप ने आरोपी डॉक्टर के पिता और बीजेपी नेता डॉ. बीरबल सिंह से बात की. उन्होंने ये बात कबूल किया है कि उनके बेटे ने वृद्ध के साथ मारपीट की. उन्होंने बताया, “ये घटना काफी दुखद है. जो भी हुआ है वो मेरे लिए पीड़ादायक है. ये घटना अचानक हुई है. मेरा बेटा अपने क्लीनिक जा रहा था. जिनके साथ ये घटना हुई वो हमारे पड़ोसी हैं और रिश्तेदार भी.”

इसके बाद हमने आरोपी डॉ. अभिनव सिंह का फ़ेसबुक पेज खंगाला. हमने देखा कि वायरल तस्वीर वाले अभिनव सिंह चौहान अलग हैं उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. एक जैसा नाम होने की वजह से लोगों ने उनकी तस्वीर का ग़लत इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था. इस पेज पर आरोपी अभिनव सिंह की शेयर की गई एक तस्वीर के साथ हमने वायरल तस्वीर की मिलान की है. ये दोनों दो अलग व्यक्तियों की तस्वीर है.

नीचे आरोपी डॉ. अभिनव सिंह की अपने पिता बीरबल सिंह के साथ तस्वीर है जो उनके फ़ेसबुक पेज से ली गई है. हाथ में फूल की थाली लिए अभिनव सिंह खड़े हैं. (आर्काइव लिंक) ध्यान दें कि CCTV फुटेज में वृद्ध के साथ मारपीट करने वाले शख्स ने भी इसी तरह का चश्मा पहना है जैसा आरोपी अभिनव सिंह की तस्वीरों में देखने को मिलता है.

हमने देखा कि एक्स पर बीजेपी से जुड़े अभिनव सिंह चौहान ने एक पोस्ट में ये बताया है कि उनकी तस्वीर का ग़लत इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने उन लोगों से अनुरोध किया कि उनकी तस्वीर को उस वीडियो के साथ जोड़कर न शेयर करें नहीं तो वो उन लोगों के खिलाफ उचित कार्यवाही करेंगे.

इसके अलावा बिजनौर पुलिस ने कहा कि वृद्ध व्यक्ति ने 24 तारीख को शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति उनके घर में घुसकर बदसलूकी की. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है व अन्य कार्यवाही की जा रही है.

इस तरह एक बूढ़े शख्स के साथ की मारपीट की घटना को अंज़ाम देने वाले BJP नेता के बेटे अभिनव सिंह की गिरफ़्तारी की मांग में दूसरे अभिनव सिंह की तवीर वायरल हो गई.

ग़लत
दावा:
वृद्ध दम्पति के साथ मारपीट करने वाले अभिनव सिंह की तस्वीर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें