हाल ही में तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 वर्षीय एक बच्ची के अपहरण और हत्या की दर्दनाक घटना सामने आई. इसको लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया. विपक्ष ने इसको लेकर TVK सरकार की आलोचना की और इसे कानून व्यवस्था की विफलता बताया.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. इस वीडियो में तमिल वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख जोसेफ विजय को मीडियाकर्मियों और कैमरों से घिरे हुए देखा जा सकता है, जबकि सुरक्षाकर्मी उनका रास्ता साफ कर रहे हैं. वायरल वीडियो पर एक बड़ा टेक्स्ट ओवरले लिखा है, ‘मुख्यमंत्री विजय मीडिया से भाग रहे हैं’. कई सोशल मीडिया यूज़र्स इस वीडियो को हाल का बताकर शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि विजय चुनाव से पहले महिलाओं की सुरक्षा पर DMK को घेरते थे, अब सत्ता में आने के बाद राज्य में बढ़ते अपराधों और इस गंभीर घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं और मीडिया के सवालों से बच रहे हैं.

संजना नाम की यूज़र ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “चुनाव से पहले, जोसेफ़ विजय ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े हर मुद्दे पर DMK के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई थी. लेकिन अब सत्ता में आने के बाद, तमिलनाडु में बढ़ते अपराधों या महिलाओं की सुरक्षा पर उनके मुँह से एक शब्द भी नहीं निकला. फिर भी, उनके फ़ैन्स उनके शासन पर सवाल उठाने को तैयार नहीं हैं. अगर DMK की बात हो, तो सरकार को दोष दो. अगर TVK की बात हो, तो जनता को दोष दो.” (आर्काइव लिंक)

ADMK Tweets नाम के यूज़र ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री पत्रकारों से डरकर भाग रहे हैं, ऐसा नज़ारा किसी भी राज्य ने पहले कभी नहीं देखा. (आर्काइव लिंक)

डॉ. सुंदरवल्ली नाम के एक यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि विजय चीफ सेक्रेटेरिएट से भाग गए. उस दिन 41 लोगों की मौत से भाग निकले, आज वह बच्चों पर यौन हमले के बारे में सवालों के जवाब दिए बिना भाग गए. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को जब गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें इसी से मिलता जुलता वीडियो तमिल समाचार चैनल ‘पॉलिमर न्यूज’ द्वारा 28 मार्च 2026 को X पर अपलोड किया हुआ मिला. इस पोस्ट के तमिल कैप्शन में बताया गया था कि जब विजय सचिवालय पहुंचे, तो कैमरे उनके चारों तरफ जमा हो गए. ज्ञात हो कि इस वक्त तक तमिलनाडु का विधानसभा चुनाव नहीं हुआ था.

हमें News9 द्वारा 28 मार्च 2026 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया हुआ ऐसा ही वीडियो मिला. इसमें विजय को मीडिया के कैमरों से घिरा हुआ देखा जा सकता है, और सुरक्षाकर्मी उनका रास्ता साफ कर रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय विभिन्न स्थानों पर प्रचार की अनुमति नहीं दिए जाने पर राज्य चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराने के लिए चेन्नई में राज्य सचिवालय पहुंचे. यह कदम टीवीके द्वारा माध्यमिक चुनाव अधिकारियों के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच उठाया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कई स्थानों पर चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं दी गई थी.”

उसी दिन यानी, 28 मार्च 2026 को न्यूज़ एजेंसी एएनआई (ANI) के वीडियो में भी विजय को कैमरों से घिरा हुआ देखा जा सकता है. ANI ने लिखा था कि टीवीके अध्यक्ष और अभिनेता विजय विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार की अनुमति न मिलने के विरोध में राज्य मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत करने के लिए चेन्नई के राज्य सचिवालय पहुंचे थे.

वर्तमान में कोयंबटूर में एक 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या की दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री विजय की कथित चुप्पी के दावे की पड़ताल करने पर हमें तमिलनाडु मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक X हैंडल से 23 मार्च 2026 को किया गया एक पोस्ट मिला, जिसमें मुख्यमंत्री विजय ने कोयंबटूर की घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने इस घटना को अमानवीय और अक्षम्य बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की. इसके साथ ही उन्होंने जनता को सूचित किया कि मामले के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने पुलिस को तुरंत चार्जशीट दाखिल करने तथा त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं ताकि दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिल सके.

कुल मिलाकर, पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के बाद यह साफ हो जाता है कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा पूरी तरह ग़लत है. वायरल वीडियो मार्च 2026 का है जब विजय मुख्यमंत्री नहीं बने थे और चुनाव आयुक्त से मिलने सचिवालय गए थे. इसके अलावा, मुख्यमंत्री विजय ने हाल में कोयंबटूर की दुखद घटना पर कोई चुप्पी नहीं साधी है, बल्कि उन्होंने 24 मई को ही सार्वजनिक रूप से इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए थे.

ग़लत
दावा:
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय कोयंबटूर की दुखद घटना पर मीडिया के सवालों से भाग रहे हैं.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें