सोशल मीडिया पर शेयर किये जा रहे एक वीडियो में यात्रियों से खचाखच भरी लाल-हरे रंग की एक ट्रेन किसी रेलवे स्टेशन से गुजर रही है. यात्री ट्रेन के दरवाजों से लटक कर और उसके छतों पर बैठकर यात्रा करते हुए दिख रहे है और इस पूरे घटना को कुछ मीडियाकर्मी रिकॉर्ड करते हुए भी नज़र आ रहे हैं. वायरल वीडियो के ऊपर एक छोटा संदेश “बंगाल में डिटेंशन सेंटर का डर” लिखा है. भाजपा और उसके समर्थक दावा कर रहे हैं कि यह पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश के बीच में चलने वाली मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन (13109) का दृश्य है. अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम-बंगाल में भाजपा की सरकार बनने और डिटेंशन कैंप में बंद किए जाने के डर से बंगाल छोड़ कर भाग रहे हैं.

भारतीय जनता पार्टी, छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश के आधिकारिक फ़ेसबुक पेज पर इस वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, “पश्चिम बंगाल में सरकार बदलते ही बांग्लादेशियों के अंदर डिटेंशन कैंप में जाने का खौफ देखिये. यह पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच में चलने वाली मैत्रीय एक्स्प्रेस ट्रेन है, ट्रैन नम्बर 13109 मैत्री एक्सप्रेस पश्चिम बंगाल के कोलकता (KOAA) से शुरू होकर बांग्लादेश के Dhaka (DAKA) तक 375 किमी तक का सफर तय करती है. यह ट्रेन जब पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश की पहले स्टेशन पर पहुंची तब इस ट्रेन का आप नजारा देखिए बांग्लादेश की मीडिया अभी बड़ी तादाद में इसकी कवरेज करने के लिए पहुंची है, अब बांग्लादेश के एक मंत्री कह रहे हैं कि हमारे एक करोड़ लोग भारत में अवैध रूप से रहते हैं अगर इसमें से 20% लोग भी बांग्लादेश में आ जाएंगे तो हमारा पूरा सिस्टम चरमरा जाएगा.”

 

अक्सर ग़लत और सांप्रदायिक नफ़रत भरी जानकारी फैलाने वाले भाजपा समर्थक जितेंद्र प्रताप सिंह (@jpsin1), महावीर (@Mahaveer_VJ), रंजना सिंह (@RajputRanjanaa), सुनंदा आचार्य (@Sunanda_Iam) समेत कई यूज़र्स ने ऐसे ही दावों के साथ वीडियो शेयर किया है.

This slideshow requires JavaScript.

फेसबुक और इंस्टग्राम पर भी ऐसे ही दावे के साथ ये वीडियो वायरल हो रहा है.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो को गौर से देखने पर पाया कि इसमें दिख रही ट्रेन में स्पष्ट रूप से “BANGLADESH RAILWAY” और “INTERCITY” लिखा है. इसके अलावा, बांग्ला में ट्रेन का नाम “Chilahati Express-806/805” भी लिखा हुआ है. यानी, जिसे पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश के बीच चलने वाली मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन (13109) बताया गया वो असल में चिलाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन है, जो सिर्फ़ बांग्लादेश के भीतर ढाका से चिलहाटी तक ही चलती है.

पाठक ध्यान दें कि 2024 में बांग्लादेश में राजनीतिक तख्तापलट के दौरान कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस (13109/13110), ढाका मैत्री एक्सप्रेस (13107/13108), कोलकाता बंधन एक्सप्रेस (13129/13130) और ढाका मिताली एक्सप्रेस (13131/13132) समेत भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवाएं बंद कर दी गई थीं. हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय ट्रेन सेवाओं के दोबारा शुरू करने के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा या पुष्टि नहीं की गई है.

इसके बाद हमने वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें इसी ट्रेन की लगभग वायरल वीडियो के एंगल से मिलते-जुलते एंगल से शूट किया हुआ वीडियो रिपोर्ट बांग्लादेशी डिजिटल मीडिया ‘Rail News 24‘ पर 26 मई को अपलोडेड मिला. वीडियो रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के कमलापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 से चिलाहाटी एक्सप्रेस 5 बजकर 17 मिनट पर अपने समय से 17 मिनट देरी से चलना शुरू की. रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि चिलाहाटी एक्सप्रेस में इतनी ज्यादा भीड़ थी कि लोग ट्रेन के छत पर बैठकर यात्रा कर रहे थे. इसके अलावा, कैप्शन में भी ईद और भीड़ जैसे हैश टैग के साथ लिखा है, “मधुमक्खियों के झुंड की तरह छत पर यात्रियों को ले जाती हुई चिलाहाटी एक्सप्रेस”

 

Rail News Digital की एक वीडियो रिपोर्ट में वायरल भीड़ वाली ट्रेन का वीडियो दिखाते हुए बताया गया कि ईद अल-अधा (बकरीद) के मौके पर कमलापुर रेलवे स्टेशन में चिलाहाटी एक्सप्रेस में लोग जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं.

 

इससे यह स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है जहाँ ईद के दौरान लोग चिलाहाटी एक्सप्रेस की छत पर बैठकर और दरवाजों में लटकर यात्रा कर रहे थे.

इन सबके अलावा पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार द्वारा अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों पर कार्रवाई करते हुए “detect-delete-deport” की रणनीति को प्रशासनिक स्तर पर चला रही है. साथ ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी बांग्लादेशी प्रवासियों को चेतावनी दी है, “जल्दी जल्दी भागो नहीं तो जो करना है सरकार करेगा”. खबर है कि अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को रखने के लिए राज्य में डिटेंशन कैंप भी बनाये गए हैं, जिन्हें लेकर बांग्लादेशी प्रवासियों के बीच डर का माहौल बना हुआ है और वो सभी बांग्लादेश वापस लौटने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों में बड़ी संख्या में जमा हो रहे हैं,

हालांकि, हमें इस पूरे जांच के दौरान कोई खबर या वीडियो रिपोर्ट नहीं मिली जो ट्रेन से बांग्लादेशी प्रवासियों को पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश पहुँचाने के दावे की पुष्टि कर सके.

कुल मिलाकर, भाजपा और उसके समर्थकों द्वारा बांग्लादेश में ईद उत्सव के दौरान यात्रियों से खचाखच भरी ट्रेन के वीडियो को हालिया पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों पर चल रही कार्रवाई से जोड़कर शेयर किया गया.