सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें ID कार्ड पहने एक आदमी ने ट्रेन के दरवाज़े के पास एक लड़की को रोक रखा है.  इस लड़की ने वीडियो में अपने मुंह को दुपट्टे से ढक कर रखा है. वीडियो में लड़की उसके सामने हाथ जोड़े खड़ी है. फिर बाद में ये आदमी लड़की को ट्रेन के टॉयलेट में जाने का इशारा करता है और वो अंदर चली जाती है. बाद में ये आदमी भी उसके पीछे-पीछे टॉयलेट में घुस जाता है. सोशल मीडिया पर ये वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि लड़की के पास ट्रेन का टिकट नहीं था, वो टीसी से माफी मांग रही थी. लेकिन टीसी ने उसके साथ शर्मनाक हरकत की.

‘MR.KHAN’ नाम के एक X हैंडल ने वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बच्ची का क़सूर सिर्फ इतना था कि इसके पास टिकट नहीं था, वो हाथ जोड़कर माफ़ी मांगती रही. लेकिन टीसी को तरस नहीं आया, वो इंसान की शक्ल में छुपा हुआ दरिंदा है. (आर्काइव लिंक)

X अकाउंट ‘Oxomiya Jiyori’ ने भी ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यहां जो हो रहा है वो डरावना है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा लग रहा है. इसके साथ ही उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए चलती ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने की मांग की. (आर्काइव लिंक)

पाकिस्तानी प्रॉपगेंडा अकाउंट ‘The Pakistan Telegraph’ ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि भारत देश महिलाओं के लिए नहीं है, ज़्यादातर भारतीय पुरुषों के अंदर एक वहशी जानवर छिपा होता है. (आर्काइव लिंक)

ऐसे ही कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने ये वीडियो समान दावों के साथ शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

इस वीडियो को लेकर की-वर्ड्स सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को ‘The Nalanda Index’ नाम के अकाउंट का एक पोस्ट मिला जिसमें यूज़र ने बताया था कि वायरल वीडियो फर्जी है. ये भ्रामक वीडियो, राज ठाकुर नाम के एक क्रियेटर ने बनाया था. साथ ही यूज़र ने राज ठाकुर के इंस्टाग्राम अकाउंट का एक स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया.

हमने इंस्टाग्राम पर राज ठाकुर का अकाउंट देखा तो पाया कि ये शख्स एक कंटेन्ट क्रियेटर है और ऐसे ही स्क्रिप्टेड वीडियोज़ बनाता है. इस यूज़र ने ऐसे ही कई स्क्रिप्टेड वीडियोज़ ट्रेन में बनाए हैं. इस अकाउंट पर वायरल वीडियो से मिलता जुलता एक वीडियो भी हमें मिला. हालांकि इसमें वायरल वीडियो की तरह लड़की ने अपना मुंह दुपट्टे से नहीं ढका है. लेकिन वीडियो देखकर साफ मालूम पड़ता है कि इसमें मौजूद एक्टर और जगह वायरल वीडियो से मेल खाता है. दोनों वीडियोज़ में लड़की और इस आदमी के कपड़े भी समान है. साथ ही राज ठाकुर ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि ये वीडियो पूरी तरह से स्क्रिप्टेड है, असली नहीं. और सारा कंटेंट सिर्फ़ मनोरंजन और जागरूकता के लिए बनाया गया है न कि नफ़रत फैलाने के लिए.

कुल मिलकार, कई यूज़र्स ने एक स्क्रिप्टेड (नाटकीय) वीडियो शेयर कर दावा किया कि लड़की के पास ट्रेन का टिकट नहीं था, वोटीसी से माफी मांग रही थी. लेकिन टीसी ने उसका फायदा उठाया.

असत्य
दावा:
टीसी ने ट्रेन में लड़की के साथ की शर्मनाक हरकत

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें