BJP दिल्ली के ट्विटर हैंडल ने 18 दिसम्बर, 2020 को एक ट्वीट में दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. दावा किया गया कि जिस ऑग्ज़ीमीटर (Oxymeter) की कीमत बाज़ार में 500-1000 रुपये है उसे केजरीवाल सरकार ने 66,320 रुपये में ख़रीदा है. ये भी कहा गया कि ये सिर्फ एक यूनिट कीमत है. BJP  दिल्ली के अनुसार इसमें इतना बड़ा भ्रष्टाचार है कि कल्पना भी नहीं की जा सकती. ट्वीट में एक काग़ज़ पर एक पल्स ऑग्ज़ीमीटर के ऑर्डर नंबर को हाईलाइट किया गया है जिसका रेट 66,320 रुपये दिख रहा है. और दिखाया गया है कि इसे दिल्ली के हेल्थ और फैमिली वेलफ़ेयर डिपार्टमेंट ने ख़रीदा है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

BJP दिल्ली के वाइस प्रेसिडेंट राजीव बब्बर ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ये दावा किया था. उन्होंने इसका वीडियो भी ट्वीट किया था. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

 

कई मौकों पर ग़लत जानकारी शेयर करने वाले मेजर सुरेन्द्र पूनिया और ऋषि बागरी ने भी यही दावा किया. पूनिया ने लिखा, “दिल्ली सरकार ने कोरोना संक्रमण के दौरान Pulse Oximeter ख़रीदे ..क़ीमत जानोगे तो होश उड़ जायेंगे 1 पल्स आक्सीमीटर की क़ीमत 66,320.” इस ट्वीट को 8 हज़ार से अधिक लाइक्स मिले हैं (आर्काइव लिंक). ऋषि बागरी ने लिखा कि 1500 रुपये के ऑग्ज़ीमीटर को दिल्ली सरकार ने 66,320 रुपये में ख़रीदा है (आर्काइव लिंक). BJP दिल्ली के कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल ने भी यही दावा किया (आर्काइव लिंक).

This slideshow requires JavaScript.

AAP का जवाब

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में भ्रष्टाचार के दावों को ख़ारिज करते हुए बताया कि ये ऊंगली में लगाने वाला ऑग्ज़ीमीटर नहीं बल्कि विशेष तरह के टेबल टॉप ऑग्ज़ीमीटर थे. और ये गवर्मेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) से ख़रीदे गए हैं. उन्होंने BJP के दावों वाले ऑर्डर नंबर दिखाते हुए खरीददारी की डीटेल्स शेयर की. संजय सिंह ने बताया कि ये रेट तो GeM सरकारी पोर्टल पर है जो केंद्र सरकार के अधीन है और जहां से दिल्ली सरकार ने इसे ख़रीदा है.

 

इस वीडियो में संजय सिंह एक मौके पर डीटेल्स शेयर करते हुए ऑर्डर नंबर दिखाते हैं. बीजेपी ने इसी ऑर्डर नंबर की बात करते हुए ऐसा दावा किया था कि 500-1000 रुपये वाले ऑग्ज़ीमीटर 60 हज़ार से भी अधिक दाम में खरीदे गए.

 

दिल्ली सरकार द्वारा ख़रीदे गए प्रोडक्ट का नाम  ‘EDAN TABLE TOP Adult and Pediatric and Neonatal Pulse Oximeter’ है. कॉन्ट्रैक्ट की तारीख़ 5 जून, 2020 है.

इसके अलावा हमने देखा कि AAP के सोशल मीडिया से जुड़े अभिजीत दिपके ने ऋषि बागरी के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए GeM वेबसाइट पर इस प्रोडक्ट के ख़रीदे जाने का स्क्रीनशॉट शेयर किया है.

 

फ़ैक्ट-चेक

अभिजीत दिपके ने जो स्क्रीनशॉट शेयर किया है उसमें कॉन्ट्रैक्ट नंबर 511687749745527 की डीटेल्स gem.gov.in/view_contracts से दी गयी है. ऑल्ट न्यूज़ ने जब इस नंबर को इस वेबसाइट पर देखने की कोशिश की तो ये जानकारी हमें मिल गयी. इसे नीचे पोस्ट किए गए वीडियो में देखा सकता है.

 

इस तरह के अलग-अलग ब्रांड्स के ऑग्ज़ीमीटर के दाम GeM की वेबसाइट पर 10 हज़ार (भारी डिस्काउंट के बाद) से 1.5 लाख के करीब है. यहां ऑग्ज़ीमीटर के दाम फ़ीचर्स और ब्रांड के हिसाब से कम-ज़्यादा दिख रहे हैं.

AAP ने एडेन (EDAN) कंपनी का M3B मॉनिटर वाला ऑग्ज़ीमीटर ख़रीदा था. हमने एडेन की वेबसाइट पर यही ऑग्ज़ीमीटर ढूंढा.

इंडिया मार्ट पर इन फ़ीचर्स वाले ऑग्ज़ीमीटर का दाम 2 लाख रुपये है. कोलमेड पर इसका दाम 1 लाख 92 हज़ार रुपये बताया गया है. US की absolutemed.com पर ये 1450 US डॉलर यानी 1 लाख रुपये के आस-पास मिल रहा है.

यानी, जून में आम आदमी पार्टी ने 2 एडन टेबल टॉप ऑग्ज़ीमीटर ख़रीदे थे. इनकी GeM के अनुसार की थी इसे BJP ने दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ग़लत आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर शेयर किया.

ग़लत
दावा:
500 या 1000 रुपए में मिलने वाला ऑग्ज़ीमीटर केजरीवाल सरकार ने 66 हज़ार में ख़रीदा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें