भारत में हर साल भारतीय नौसेना की उपलब्धियों के लिए 4 दिसम्बर को नौसेना दिवस के रूप में मनाया जाता है. भाजपा तमिलनाडु ने इस अवसर को याद करते हुए नौसेना के एक जहाज़ की तस्वीर शेयर की.

भापजा एमपी विजय बघेल ने भी नौसेना के जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यही तस्वीर शेयर की.

अन्य भाजपा सदस्य कृष्ण गौर और सुनील देशमुख ने भी ये तस्वीर शेयर की. भाजपा युवा मोर्चा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे भी ये तस्वीर शेयर करने वालों में शामिल थे.

अकाली दल के प्रवक्ता मजिंदर सिरसा और टीआरएस विधायक देवीरेड्डी सुधीर रेड्डी ने भी ये तस्वीर ट्वीट की.

अमेरिकी नौसेना का जहाज़

तस्वीर को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चलता है कि ये अमेरिकी नौसेना का फ़्रीडम-क्लास लिटरल कॉम्बैट शिप है. स्टार्स ऐंड स्ट्राइप्स ने 2010 में इस इमेज के साथ कैप्शन लिखा था, “रक्षा सचिव रोबर्ट गेट्स ने 55 लिटरल कॉम्बैट जहाज़ों को शामिल करने की बात कही है, जिन्हें उथले पानी में कारगर होने के लिए डिज़ाइन किया गया है.”

यूएस नेवी की ऑफ़िशियल वेबसाइट के मुताबिक, “लिटरल कॉम्बैट शिप को एक फोकस्ड-मिशन, मॉड्यूलर, सतह पर लड़ने वाले जहाज़ के रूप में डिज़ाइन किया जायेगा जो एक FFG से छोटा लेकिन PC या MCM से बड़ा और ज़्यादा ताकतवर होगा.”

यानी, भाजपा तमिलनाडु और पार्टी के कई नेताओं ने अमेरिकी नौसना के जहाज़ की तस्वीर शेयर करते हुए भारतीय नौसेना दिवस की बधाई दी.

पिछले साल भी कई नेताओं ने ये तस्वीर शेयर की थी

यही तस्वीर पिछले साल भी कई नेताओं ने नौसेना दिवस के मौके पर शेयर की थी. कांग्रेस ने 2019 में नौसेना दिवस पर ये तस्वीर ट्वीट की थी जिसे बात में डिलीट कर दिया गया था.

इसे पॉन्डिचेरी की लेफ़्टिनेंट गवर्नर किरण बेदी ने भी शेयर करते हुए लिखा था, “हम नेवी में सभी महिलाओं और पुरुषों को उनकी बहादुरी, समर्पण और देशभक्ति के लिए सलाम करते हैं ”

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी इस मौके पर ये तस्वीर शेयर की थी.

यही नहीं, सरकार द्वारा संचालित ब्रॉडकास्टर दूरदर्शन ने भी इसे शेयर किया था.

भाजपा ने 2017 में भी ऑफ़िशियल ट्विटर हैंडल से नौसेना दिवस पर इस अमेरिकी जहाज़ की तस्वीर शेयर की थी.

ग़लत
दावा:
भारतीय नौसेना दिवस की बधाई के साथ नौसेना के जहाज़ की तस्वीर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें