सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ है. दावा किया जा रहा है कि 4 मई, 2026 को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का लोग जश्न मना रहे हैं.
27 सेकंड की इस क्लिप में हावड़ा ब्रिज पर लोगों की भीड़ को “जय श्री राम” के नारे लगाते हुए देखा जा सकता है, जिससे यह आभास होता है कि यह चुनाव के बाद का विजय उत्सव है. इस वीडियो को भाजपा की गोवा इकाई ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया. बहुत सारे क्लिप के साथ इसे शेयर करते हुए यह संकेत दिया गया कि ये भाजपा की चुनावी जीत के दृश्य हैं.
View this post on Instagram
इस पोस्ट को 7600 व्यूज़ मिले.
राइट विंग यूज़र ऋषि बागरी ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे बंगाल में हावड़ा ब्रिज पर बीजेपी की जीत का जश्न बताया. (आर्काइव लिंक)
BJP win celebration at Howrah Bridge pic.twitter.com/fxCKyBG6KG
— Rishi Bagree (@rishibagree) May 4, 2026
बागरी के इस पोस्ट को लगभग 3,90,000 व्यूज़ मिले.
भाजपा समर्थक रोशन सिन्हा ने भी इस वीडियो को शेयर किया. उन्होंने दावा किया कि हावड़ा ब्रिज पर लोगों का “जय श्री राम” के नारे लगाना कुछ साल पहले तक “अकल्पनीय” था. उन्होंने इसे “भारत के चुनावी इतिहास और सभ्यता में एक निर्णायक मोड़” के रूप में वर्णित किया. (आर्काइव लिंक)
Howrah Bridge echoing with chants of “Jai Shree Ram”, something unimaginable just a few years ago…
The hold of Mamata Banerjee is fading, and the streets are speaking. This is a turning point in India’s electoral history and our civilization 🇮🇳🕉️ pic.twitter.com/qLtGz50QYx
— Mr Sinha (@Mrsinha) May 4, 2026
इस पोस्ट को लगभग 25,500 व्यूज़ मिले. यहां यह ध्यान देना महत्वपूर्ण है कि सिन्हा नियमित रूप से भ्रामक जानकारी और सांप्रदायिक दुष्प्रचार फैलाते रहते हैं.
‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के कंसल्टिंग एडिटर सुशांत सिन्हा ने भी 4 मई को ये वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, “लेफ्ट ने 34 साल के राज में बंगाल के हिंदुओं का जो ब्रेन वॉश किया था वो मोदी मैजिक में खत्म हो सकता है और बंगाल का हिंदू यूं एकजुट हो सकता है ये किसी ने सोचा नहीं था..बंगाल में गूंजते ये जय श्री राम के नारे गजबे हैं.” (आर्काइव लिंक)
लेफ्ट ने 34 साल के राज में बंगाल के हिंदुओं का जो ब्रेन वॉश किया था वो मोदी मैजिक में खत्म हो सकता है और बंगाल का हिंदू यूं एकजुट हो सकता है ये किसी ने सोचा नहीं था..
बंगाल में गूंजते ये जय श्री राम के नारे गजबे हैं.. 😃 pic.twitter.com/RTcZI0O8ft
— Sushant Sinha (@SushantBSinha) May 4, 2026
सुशांत के इस पोस्ट को लगभग 1,00,000 व्यूज़ मिले. कई मीडिया चैनल्स ने भी इस वीडियो के आधार पर रिपोर्ट पब्लिश कीं. पुणे मिरर, टाइम्स नाउ नवभारत और न्यूज़18 इंडिया सहित कई न्यूज़ चैनल इस लिस्ट में शामिल हैं.
सोशल मीडिया पर अन्य कई यूज़र्स ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि लोग विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का जश्न मना रहे हैं.
फैक्ट चेक
वायरल क्लिप से कीफ्रेम्स लेकर रिवर्स इमेज सर्च करने से हमें 4 मार्च, 2026 की एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिली. जो चुनाव परिणामों से ठीक दो महीने पहले की है. पोस्ट के कैप्शन के अनुसार, यह भीड़ हावड़ा ब्रिज पर आयोजित होली उत्सव में शामिल लोगों की हैं. ये लोग रंगों और “जय श्री राम” के नारों के साथ जश्न मनाते दिख रहे हैं.
यह वही वीडियो है जो अब वायरल हो रहा है.
View this post on Instagram
इंस्टाग्राम पर इसे शेयर करते हुए लिखा गया था, “जय श्री राम! इस बार हावड़ा ब्रिज पर बड़े उत्साह के साथ होली मनाई गई. रंगों, गुलाल और उमंग के बीच हर तरफ ‘जय श्री राम’ का उद्घोष गूंज उठा.”
इससे स्पष्ट होता है कि ये वीडियो किसी भी राजनीतिक घटना से संबंधित नहीं है और उन दावों से काफी पुराना है जो अब किए जा रहे हैं.
आगे जांच में हमें यूट्यूब पर कई ऐसे व्लॉग्स मिले जिनमें कोलकाता में 1 मार्च, 2026 को आयोजित ‘रॉल्स-रॉयस होली उत्सव’ का ज़िक्र किया गया है. ‘बैकबेंचर स्ट्रीट’ नामक यूट्यूब चैनल ने उसी दिन एक व्लॉग अपलोड किया था, जिसमें ठीक वैसे ही दृश्य और स्पष्ट रूप से सुनाई देने वाले ‘जय श्री राम’ जयकारे सुने जा सकते हैं.
इस व्लॉग में 12 मिनट 41 सेकंड पर भीड़ को ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते सुना जा सकता है. इसके अलावा, 2 मिनट 52 सेकंड पर वही वाहन दिखता है जो वायरल वीडियो के पहले फ्रेम में नज़र आ रहा है.
इस होली उत्सव के कई अन्य व्लॉग भी इंटरनेट पर मौजूद हैं.
कोलकाता में बागला परिवार की ‘रॉल्स-रॉयस होली’ एक अनूठी और सदियों पुरानी परंपरा है. इसमें लेखक रुडयार्ड किपलिंग की स्वामित्व वाली 1921 की विंटेज रॉल्स-रॉयस सिल्वर घोस्ट का उपयोग राधा-कृष्ण की मूर्तियों के रथ के रूप में किया जाता है.
सकुल मिलाकर, वायरल वीडियो दो महीने पुराना है और हावड़ा ब्रिज पर होली के जश्न का है. इसीलिए ये दावा पूरी तरह गलत और निराधार है कि इसमें 4 मई को भाजपा की जीत का जश्न मनाया जा रहा है.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




