सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लोग ढाबे में खाना खा रहे 4 व्यक्तियों को गिरफ़्तार करते हुए दिखते हैं. ये वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि भरूच क्राइम ब्रांच ने दिल्ली दंगों में शामिल एक आरोपी सिराज मोहम्मद अनवर को गिरफ़्तार किया है. ट्विटर हैन्डल ‘@SortedEagle’ ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया है. आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 1 लाख 12 हज़ार से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. (आर्काइव लिंक)

लाइव फुटेज
दिल्ली दंगे में आरोपी सिराज मोहम्मद अनवर को क्राइम ब्रांच ने गुजरात से दबोचा

Posted by Politics Solitics on Thursday, 1 July 2021

ऑप इंडिया के CEO राहुल रौशन ने ‘@SortedEagle’ का ट्वीट रीट्वीट करते हुए सेकुलर लोगों पर तंज कसा. फिर बाद में बताया कि वीडियो का दिल्ली दंगे से कोई संबंध नहीं है. (आर्काइव लिंक)

इसके अलावा ये वीडियो फ़ेसबुक पर तमिल और हिंदी टेक्स्ट के साथ वायरल है. प्रोपोगेंडा पेज पॉलिटिक्स सोलिटिक्स, SSB क्रैक, मिशन मोदी ने ये वीडियो शेयर करते हुए दिल्ली हिंसा के आरोपी के पकड़े जाने की बात की है जिसे हज़ारों शेयर मिले हैं.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

की-वर्ड्स सर्च करते हुए हमें द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की 1 जुलाई 2021 की रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने कस्टमर बनकर एक रोड साइड ढाबे में आरोपियों को गिरफ़्तार किया था. आर्टिकल में आरोपी का नाम किशोर लुहार बताया गया है. इस व्यक्ति पर चोरी और बलात्कार के 14 मामले दर्ज हैं. आगे, रिपोर्ट में बताया गया है कि इस गुजरात के पाटन ज़िले के सरस्वती तालुका के अमरपुरा गांव में आये एक ढाबे से किशोर को गिरफ़्तार किया गया था. आरोपी के पास से एक बंदूक भी बरामद की गई थी. किशोर के साथ मौजूद अन्य 3 लोगों को भी पकड़ा गया था.

द इंडियन एक्स्प्रेस ने भी इस घटना के बारे में एक वीडियो रिपोर्ट शेयर की है. न्यूज़ 24 ने भी इस मामले में एक वीडियो पोस्ट किया था.

आगे, इस मामले की तह तक जाने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने अहमदाबाद क्राइम ब्रांच पुलिस से बात की. हमें बताया गया, “27 जून को पाटन हाइवे के एक ढाबे से बलात्कार और वाहन चोरी के आरोप में किशोर कांतिलाल लुहार (उम्र 29 वर्ष) नामक आरोपी को गिरफ़्तार किया गया था. इस व्यक्ति पर अलग-अलग राज्यों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. किशोर के पास से पुलिस को बंदूक भी मिली थी. पुलिस ने इसके साथ बैठे 3 लोगों को भी गिरफ़्तार किया था. लेकिन पूछताछ के बाद इन्हें रिहा कर दिया गया था. वहीं इस मामले की जांच के लिए किशोर को बड़ौदा पुलिस को सौप दिया गया है.”

इसके अलावा, द इंडियन एक्स्प्रेस के एक पत्रकार ने क्राइम ब्रांच की ओर से जारी की गई एक प्रेस रिलीज़ हमें भेजी. प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, “गुजरात के ज़िला बनासकांठा के तालुका डिसा के रहनेवाले आरोपी किशोर लुहार के संबंध में चोरी और अवैध हथियार के अपराधों के सबूत मिलने पर जांच शुरू की गई थी. किशोर के पाटन की एक होटल में होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस ने आगे कारवाई शुरू की गई. किशोर के मिलते ही उसे अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ऑफ़िस में लाया गया और उससे पूछताछ की गई. इस दौरान, किशोर ने 3 वाहन चोरी करने और उसके साथ इस काम में हिस्सा लेने वाले अन्य व्यक्ति नरेश गर्ग के बारे में भी बताया था”. प्रेस रिलीज़ में किशोर पर गाड़ियां चोरी करने और बंद घरों में लूट करने के आरोप लगाए गए हैं. इसके अलावा, इस व्यक्ति पर साल 2013 में बलात्कार का आरोप भी लगा था. लेकिन इस प्रेस रिलीज़ में कहीं पर भी किशोर के दिल्ली दंगों में शामिल होने की बात नहीं बताई गई है.

This slideshow requires JavaScript.

ऑल्ट न्यूज़ ने अहमदाबाद पुलिस से भी किशोर के दिल्ली दंगों में शामिल होने की बात पूछी थी जिसपर उन्होंने बताया, “नहीं, ये व्यक्ति चोरी, लूट और बलात्कार के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है न कि दिल्ली दंगों के.”

आगे, सोशल मीडिया दावों में मोहम्मद सिराज अनवर का नाम भी लिया जा रह है. इस दावे के बारे में जांच करते हुए हमें गुजरात के भरूच शहर पुलिस का ट्वीट मिला. इस ट्वीट में 29 जून की एक प्रेस रिलीज़ शेयर की गई है जिसके मुताबिक, “भरूच पुलिस ने शहर में अवैध हथियारों को लेकर एक इंवेस्टिगेशन चलाई थी. इस दौरान, पुलिस ने एक शख्स को अवैध हथियारों के साथ शहर में सफ़र करते हुए पकड़ा था. इस व्यक्ति का नाम मोहम्मद सिराज अनवर उर्फ़ मँजोर आलम अंसारी है. ये भरूच शहर में रहता था. लेकिन मूल तौर पर ये दिल्ली और पटना, बिहार का रहनेवाला है. इसके पास से 2 देशी पिस्टल, 2 मैगज़ीन, 3 मोबाइल फोन, 7.65 मिमी के 19 कार्टिज और 3, 310 नकद रुपये बरामद किए गए थे. मोहम्मद सिराज अनवर बिहार से हथियार लेकर भरूच शहर में बेचने के लिए आया था. इसके अलावा, ये व्यक्ति भारत के कई राज्यों और मलेशिया में भी रहकर आया है.” आगे, इस मामले में जांच जारी होने की बात बताई गई है. लेकिन इस प्रेस रिलीज़ में कहीं भी मोहम्मद सिराज अनवर की दिल्ली दंगों से जुड़े होने की बात नहीं बताई गई है. प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, सिराज पैसो की वजह से हथियारों की हेरा-फेरी करता था.

यानी दोनों ही मामलों में कहीं भी दिल्ली दंगे की बात नहीं की गयी है. वीडियो चोरी और कथित बलात्कार मामले के आरोपी को पकड़े जाने का है और मोहम्मद सिराज अनवर को अवैध हथियार के साथ भरूच पुलिस ने पकड़ा है.

ग़लत
दावा:
भरूच पुलिस ने दिल्ली दंगा के आरोपी को ढाबे से पकड़ा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें