सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का 10 सेकंड का एक वीडियो वायरल है. वीडियो में शिवराज सिंह चौहान कहते हैं, “क्या कर रहा है कि आबकारी अमला, काहे के लिए बैठा है ये? दारू इतनी फैला दो प्रदेश में कि पियें और पड़े रहें.” ट्विटर यूज़र ‘ब्रह्मराक्षस’ ने ये वीडियो 1 नवंबर को ट्वीट करते हुए लिखा, “मामा तो गयो….!” आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 4,800 व्यूज़ मिले हैं. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

बता दें कि हाल में मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों के मद्देनज़र ये वीडियो शेयर किया जा रहा है.

ट्विटर हैन्डल ‘@sara75165335’ द्वारा ट्वीट किये गए इस वीडियो आर्टिकल लिखे जाने तक 1,500 बार देखा जा चुका है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक और ट्विटर पर ये वीडियो वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के ऑडियो में 3 सेकंड के बाद एक गैप आता है. इस वजह से वीडियो के क्लिप्ड होने की आशंका के चलते हमने शिवराज सिंह चौहान के सोशल मीडिया अकाउंट्स चेक किये. शिवराज सिंह चौहान ने 14 जून को इस वीडियो का लंबा वर्ज़न ट्वीट किया था. इस वीडियो में 1 मिनट 41 सेकंड से लेकर 2 मिनट 4 सेकंड तक का हिस्सा काट दिया गया है. और इस क्लिप्ड वीडियो को हाल में सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. लंबे वीडियो में शिवराज सिंह चौहान बताते हैं, “क्या कर रहा है ये आबकारी अमला? काहे के लिए बैठा है ये? ये क्यों नहीं रोकता अवैध शराब की विक्री? शराब घर-घर भेजोगे क्या? युवा पीढ़ी को खोखला कर देगी, प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर देगी ये शराब? लेकिन किसान कर्ज़ा माफ़ी की मांग न करे, नौजवान बेरोज़गारी भत्ता न मांगे. गरीब संबल योजना की मांग न करें. कोई मुख्यमंत्री कन्यादान के पैसा न मांग ले. और इसलिए दारू इतनी फैला दो पूरे प्रदेश में कि पिए और पड़े रहें. मैं तो कहता हूँ कि मुख्यमंत्री अगर नैतिक हैं तो नशा मुक्ति अभियान चलाना चाहिए. लेकिन मेरे प्रदेश को तबाह करने पर उतारू है. और उस विनाशकारी फैसले के खिलाफ़ हम जंग लड़ेंगे. ” इस ट्वीट में शिवराज सिंह चौहान ने अपना 12 जनवरी 2020 का एक ट्वीट कोट-ट्वीट किया है.

वीडियो में हम देख रहे हैं कि शिवराज सिंह मुख्यमंत्री से सवाल पूछने की बात कर रहे हैं. ऐसा इसलिए है क्यूंकि ये वीडियो जनवरी 2020 का है और उस वक़्त मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता थी और मुख्यमंत्री के पद पर कमल नाथ थे. 23 मार्च 2020 को शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे.

कुल मिलाकर, मध्य प्रदेश में विपक्ष में मौजूद शिवराज सिंह चौहान का सरकार की आलोचना करने का एक वीडियो अभी शेयर किया जा रहा है. और ये झूठा दावा किया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में शराब को बढ़ावा दे रहे हैं.

जून 2020 से शेयर हो रहा है ये वीडियो

14 जून 2020 को फ़ेसबुक यूज़र पुष्पक बख्शी ने ये वीडियो पोस्ट किया था. पुष्पक बख्शी ने फ़ेसबुक बायो में खुद को मध्य प्रदेश कांग्रेस के आईटी सेल डिपार्ट्मन्ट का प्रदेश उपाध्यक्ष बताया है. आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 1 लाख 24 हज़ार बार देखा जा चुका है. (पोस्ट का आर्काइव लिंक)

.

क्या कर रहा है ये आबकारी अमला..कायके लिए बैठा है ये …
दारू इतनी फैला दो पूरे प्रदेश में की पिये और पड़े रहे..
– दरुआ मामा

“शिवराज की सरकार” या “शराब की सरकार”…?

●◆● Team With KamalNath ●◆●

Posted by Pushpak Bakshi on Sunday, 14 June 2020

फ़ेसबुक पेज ‘आप न्यूज़’ ने ये वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया. (पोस्ट का आर्काइव लिंक) ट्विटर पर भी ये वीडियो जून महीने से काफ़ी शेयर हो रहा है.

उस वक़्त कई मीडिया आउटलेट्स ने इस वीडियो की हकीकत बताई थी जैसे कि – आज तक, बूम लाइव, द क्विंट.

ग़लत
दावा:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में दारू को बढ़ावा दे रहे हैं

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें