हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक महिला महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री और भाजपा के जामनेर विधानसभा विधायक गिरीश महाजन और कुछ पुलिस अधिकारियों से ट्राफिक जाम की वजह से बहस करते हुए नज़र आ रही थी. वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने महिला की तारीफ की तो वहीं कुछ लोगों ने महिला के रवैये पर नाराज़गी जताई. कई भाजपा समर्थक हैंडल्स और यूज़र्स वायरल वीडियो में दिख रही महिला को बिग बॉस 5 (2011) की पूर्व प्रतियोगी पूजा मिश्रा बता रहे हैं. साथ ही उसे मानसिक रूप से अस्थिर और नशे की आदी बताते हुए इस पूरे घटना को अपनी ओर ध्यानकेंद्रित करने के लिए एक पब्लिक स्टंट बताने लगे.

दरअसल, लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के पास ना होने के विरोध में 21 अप्रैल 2026 को महाराष्ट्र भाजपा के द्वारा एक राजनीतिक रैली आयोजित की गई थी. महाराष्ट्र के वर्ली में राजनीतिक रैली के कारण भारी यातायात जाम हो गया, जिसके बाद कथित रूप से एक महिला जो अपने बच्चे को स्कूल से लेने जा रही थी, ट्रैफ़िक जाम में घंटों फंस गई. कुछ समय बाद महिला अपनी गाड़ी से उतरकर महाराष्ट्र के भाजपा मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधिकारियों से बहस करने लगी और कहती दिखी कि रैली को सड़कों में जाम करने के बजाय किसी खुले मैदान में जाके करे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

इसी संदर्भ में PM नरेंद्र मोदी द्वारा फॉलो किए जाने वाले और ख़ुद को भाजपा आईटी सेल के सदस्य बताने वाले एक्स यूज़र ‘शशि कुमार‘ ने कुछ स्क्रीनशॉट्स शेयर करते हुए विरोध कर रही महिला को बिग बॉस 5 (2011) की पूर्व प्रतियोगी पूजा मिश्रा होने का दावा किया. और महिला के ख़िलाफ़ अपमानजक शब्दों का प्रयोग कर उसे मानसिक रूप से अस्थिर और नशे की आदी व सड़क पर इस विरोध को एक मुफ्त पब्लिसिटी की रणनीति बताया.

भाजपा आईटी सेल के सदस्य @pallavict और @KrishaAsiagh, @UJJAVALSHAH2 समेत कई यूजर्स ने भी विरोध कर रही महिला को बिग बॉस 5 (2011) की पूर्व प्रतियोगी पूजा मिश्रा होने का दावा किया.

This slideshow requires JavaScript.

इतना ही नहीं एक एक्स-यूज़र्स ने वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए X के AI टूल Grok से विरोध कर रही महिला के पूजा मिश्रा होने की पुष्टि करने के लिए कहा. Grok ने भी महिला को पूजा मिश्रा बताते हुए लिखा, “जी हां, ये हैं पूजा मिश्रा बिग बॉस 2011 की वो प्रतियोगी जो शो में अपने उग्र स्वभाव और झगड़ों के लिए जानी जाती थीं. वीडियो में जो महिला चिल्ला रही है, वो बीजेपी से संबंधित किसी सभा में मौजूद लग रही है.”

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए न्यूज़ रिपोर्ट्स और विश्वसनीय स्रोत को खंगाला लेकिन हमें ऐसे कहीं भी रिपोर्ट्स या जानकारी नहीं मिली जो इस बात कि पुष्टि करे कि विरोध करने वाली महिला ही बिग बॉस 2011 की पूर्व प्रतियोगी पूजा मिश्रा है. गौर करें अगर विरोध करने वाली महिला पूजा मिश्रा होती, और ये पब्लिसिटी स्टंट होता तो यह खबर ज़रूर ख़बरों और न्यूज़ चैनलों में आ जाती.

इसके अलावा, रिपोर्ट्स और वीडियो में वायरल महिला रैली के कारण यातायात जाम लगने से अपने बच्चे को स्कूल से लेने जाने में देरी की बात कर रही थी. और पूजा मिश्रा के पति या परिवार के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है.

हमने वायरल महिला और पूजा मिश्रा की तुलना भी की, लेकिन दोनों के चेहरे के बनावट एक दूसरे बेहद अलग हैं, नीचे तस्वीर में दोनों के चेहरों में अंतर देख सकते हैं.

आगे जांच के दौरान हमें वीडियो में वायरल महिला की गाड़ी Mercedes-Benz E250 CDI और उसका नंबर ‘DL9CQ9829’ दिखा. हमें पता चला कि गाड़ी मालिक का नाम H*********R S***H G****L और गाड़ी दिल्ली की है लेकिन 2020 में निवास स्थान में परिवर्तन के कारण महाराष्ट्र राज्य के लिए NOC जारी की गई है.

हालांकि प्राइवसी पॉलिसी के चलते गाड़ी मालिक का नाम हमें पूरा नहीं मिल पाया था लेकिन ऑल्ट न्यूज़ के एक पाठक ने हमें सूचना दिया कि गाड़ी ‘Harmohinder Singh Grewal’ के नाम से है, जिसका रजिस्ट्रेशन पता नारायणा विहार, नई दिल्ली है.

हमने जब इस पते को जानने के लिए जांच की, तो हमें डी-46, नारायणा विहार, नई दिल्ली, दिल्ली 110028 पते पर ‘रेड आइस प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड‘ नामक एक निजी कंपनी दिसंबर 2008 से पंजीकृत मिली, जिसके निदेशक हरमोहिंदर सिंह ग्रेवाल और सुखमोहिंदर सिंह ग्रेवाल हैं.

आगे हमने रेड आइस प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड और हरमोहिंदर सिंह ग्रेवाल को लेकर जांच किया. 2003 में प्रकाशित रेडिफ की एक रिपोर्ट में हमें पता चला कि फिल्म निर्माता, निर्देशक रॉबी ग्रेवाल का असली नाम ही हरमोहिंदर सिंह ग्रेवाल है. इन्होंने अगस्त 1999 में अपने साझेदारों, गैरी एस और सुजीत सिरकार के साथ नई दिल्ली में अपनी खुद की विज्ञापन फिल्म कंपनी, रेड आइस की शुरुआत की थी. 
इसी जांच के सिलसिले को हमने आगे जारी रखा. हमें 2009 में प्रकाशित मिड डे न्यूज़ के एक रिपोर्ट से पता चला हरमोहिंदर सिंह ग्रेवाल (रॉबी ग्रेवाल) ने मॉडल और टीवी एंकर टीना चौधरी से शादी की. हम अपने पाठकों को बता दें कि हरमोहिंदर सिंह ग्रेवाल (रॉबी ग्रेवाल) Aloo Chaat (2009), Romeo Akbar Walter (2019), Jewel Thief: The Heist Begins (2025) जैसे बड़े फ़िल्मों के डायरेक्टर रह चुके हैं, तो वहीं टीना चौधरी ने हिंदी फ़िल्म Sssshhh… (2003), टीवी सीरियल Adaalat (2010) और जर्मन फ़िल्म Alles wegen Paul (2001) में अभिनय कर चुकी है.

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल महिला को टीना चौधरी होने की आशंका जताते हुए अदालत टीवी सीरियल के एक एपिसोड से तुलना की. इसमें टीना चौधरी को साफ़ देखा जा सकता है जहां उनकी आवाज़ और चेहरे वायरल वीडियो में दिख रही महिला से मेल खाते हैं. लेकिन ध्यान देने वाली बात है कि टीवी एपिसोड की टीना 15 साल पहले की टीना है जिनके चेहरे पर मेक अप भी है लेकिन वायरल वीडियो में उन्होंने कोई मेकअप नहीं किया है.

2 मई को टीना चौधरी ने खुद सामने आकर इस पूरे मामले के बारे में विस्तार से बताया.

यानी, भाजपा आईटी सेल के सदस्यों ने ये झूठा दावा किया कि महाराष्ट्र के भाजपा मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधिकारियों से बहस करने वाली महिला पूजा मिश्रा है.

नोट: 2 मई को टीना चौधरी का बयान सामने आने के बाद इस आर्टिकल को अपडेट किया गया है.

ग़लत
दावा:
महाराष्ट्र के भाजपा मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधिकारियों से बहस करने वाली महिला पूजा मिश्रा है

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें