भारत में चल रहे किसान आंदोलन पर पॉप स्टार रिहाना और पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थुन्बेरी के ट्वीट के बाद काफ़ी हंगामा मचा था. एक धड़े ने उनके समर्थन की सराहना की तो दूसरे ने इसे दखलंदाज़ी बताया. रिहाना, ग्रेटा और कुछ अन्य बड़ी अंतर्राष्ट्रीय हस्तियों के ट्वीट के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर विदेशियों को किसान आन्दोलन पर टिप्पणी न करने की हिदायत दी. इसके बाद 4 फ़रवरी को दर्जनों फ़िल्मी सितारे और क्रिकेटर्स भारत की एकता और अखंडता को लेकर लगभग एक ही जैसे ट्वीट्स करते नज़र आये. विदेश मंत्रालय का दिया गया हैशटैग, #IndiaTogether और #IndiaAgainstPropaganda सभी के ट्वीट्स में दिखा.

सोशल मीडिया पर लोग अब पूर्व क्रिकेटर कपिल देव का एक तथाकथित बयान शेयर कर रहे हैं. लोगों ने कपिल देव की तस्वीर शेयर करते हुए बताना शुरू किया कि कपिल देव ने कहा है कि भारतीय खिलाड़ी अमित शाह के बेटे के दबाव के चलते किसानों के ख़िलाफ़ ट्वीट कर रहे हैं. ट्विटर यूज़र हामी खान के इस पोस्ट को आर्टिकल लिखे जाने तक 1,100 से ज़्यादा लोग रीट्वीट कर चुके हैं. ये दावा ट्विटर पर काफ़ी वायरल है. बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वर्तमान सचिव हैं.

ट्विटर की तरह फे़सबुक यूज़र्स भी कपिल देव के बारे में ये दावा शेयर कर रहे हैं. नीचे लगे पोस्ट को आर्टिकल लिखे जाने तक 600 से ज़्यादा बार शेयर किया जा चुका है.

नीचे स्क्रीनशॉट देख कर पता चलता है कि ये दावा कितना ज़्यादा वायरल है.

फ़र्ज़ी दावा

हमने कपिल देव के बारे में हालिया न्यूज़ रिपोर्ट्स सर्च कीं. इनमें से अधिकतर रिपोर्ट्स में उनके एक ट्वीट का ज़िक्र किया गया है. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने 4 फ़रवरी को एक ट्वीट में लिखा था, “मुझे भारत से प्यार है, मैं दुआ करता हूं कि किसानों और सरकार के बीच चल रहा विवाद जल्द सुलझ जाये. हमें विशेषज्ञों को उनका काम करने देना चाहिए. सबसे ज़रूरी है कि भारत सर्वोपरि है. और साथ ही मैं भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड से साथ होने वाली सीरीज़ में जीत की कामना करता हूं. जय हिन्द.” हमने उनकी ट्विटर टाइमलाइन चेक की. ये कपिल देव का आखिरी ट्वीट है. इसके बाद उन्होंने ये आर्टिकल लिखे जाने तक कोई ट्वीट नहीं किया है.

उनके इस ट्वीट में कहीं भी अमित शाह के बेटे जय शाह का ज़िक्र नहीं है. हमने उनके ट्विटर हैंडल पर और भी ट्वीट्स देखे, उन्होंने इस ट्वीट के अलावा और कहीं भी किसानों के बारे में बात नहीं की है. वायरल दावे में बताया जा रहा है कि कपिल देव के अनुसार गृहमंत्री अमित शाह के बेटे और BCCI सचिव जय शाह ने क्रिकेटरों पर किसानों के खिलाफ़ ट्वीट करने का दवाब बनाया. कपिल देव के बारे में ये दावा बिल्कुल ग़लत है, उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया.


सुदर्शन न्यूज़ ने पुराना विडियो दिखाकर निहंग सिखों को बताया खालिस्तानी | किसान आन्दोलन

ग़लत
दावा:
कपिल देव ने जय शाह पर क्रिकेटरों पर दबाव डालने का आरोप लगाया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें