ट्विटर और फ़ेसबुक पर ‘लव जिहाद’ का मामला बताकर तीन तस्वीरें शेयर की जा रही हैं. इसमें एक लड़की की तस्वीर है, एक शादी का कार्ड है जिसपर प्रेरणा व्यास और समीर खान का नाम लिखा है और तीसरी तस्वीर में एक शव दिख रहा है. इसे राजस्थान के जोधपुर की घटना बताया गया है.
Ab kya kahen inko, Rona bhi nahin aata. Lekin parivaar waalo ka soch kar dukhi hoti hun. This incident is from Jodhpur, Rajasthan. pic.twitter.com/P1BkpLcRIF
— Prisha (@MeetPrisha) September 29, 2021
ट्विटर पर कई लोगों ने ये दावा किया है. इसे शेयर करते हुए यूज़र्स लिख रहे हैं, “सुना है कि प्रेरणा व्यास उर्फ आयशा खान ने मोहब्बत का आखिरी पड़ाव पास कर लिया है । जोधपुर राजस्थान की रहने वाली प्रेरणा व्यास का उसके परिवार ने बड़े ही धूमधाम से मुस्लिम लड़के के साथ निकाह करवाया था। कुछ दिन के पश्चात यह परिणाम सामने आया है जो होना ही था।” ऑल्ट न्यूज़ के व्हाट्सऐप नंबर पर इन तस्वीरों की सच्चाई जानने की रिक्वेस्ट मिली.
सितम्बर 2020 से वायरल
पिछले साल सिर्फ़ लाश और शादी की कार्ड की तस्वीरें शेयर कर दावा किया जा रहा था कि ‘लव जिहाद’ के चलते एक हिन्दू लड़की की हत्या कर दी गयी है. यूज़र्स तस्वीरें शेयर कर लिख रहे थे – “लव जिहाद का आखिरी पड़ाव….”मौत”.” ट्विटर यूज़र ‘लेखिका’ ने ये तस्वीरें इसी मेसेज के साथ 11 सितंबर को शेयर की हैं. डिलीट किये जाने से पहले तक इस ट्वीट को 6 हज़ार से ज़्यादा बार लाइक और 3,700 बार रीट्वीट किया गया. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

‘हिन्दू जागरण मंच बरेली ब्रजप्रांत’ नाम से चल रहे ट्विटर अकाउंट से ये तस्वीरें इसी दावे के साथ शेयर की गयी थी.

फ़ेसबुक पेज ‘His Highness कॉपी-पेस्टिया बाबा’ ने भी ये तस्वीरें इसी दावे से पोस्ट की थी.
लव जिहाद का आखिरी पड़ाव….
“मौत”#लव_जिहाद
Posted by His Highness कॉपी-पेस्टिया बाबा on Friday, 11 September 2020
फ़ैक्ट-चेक
सबसे पहले बात करते हैं उस तस्वीर की जिसमें एक लड़की दिख रही है. ये दरअसल एक तेलगु ऐक्टर सोम्या नंदू की तस्वीर है. 2019 में आई तमिल फ़िल्म प्रेमाजनता में काम करने वाली ऐक्टर की ऐसी कई तस्वीरें कुछ वेबसाइट्स पर मौजूद हैं. जैसे- southindianactress.in और socialnews.xyz. यहीं से एक तस्वीर उठाकर इसे बाकी की दो तस्वीरों के साथ जोड़कर शेयर किया जा रहा है.
इसके अलावा टाइम्स ऑफ़ इंडिया का एंटरटेनमेंट सेक्शन इंडिया टाइम्स ने भी जनवरी 2019 में इस फ़िल्म का टेलर चलाया था जिसमें सोम्या को इसी ड्रेस में देखा जा सकता है.
लाश की तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर 12 सितंबर 2018 की DNA की रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, 31 अगस्त 2018 को पश्चिम बंगाल के बर्दवान ज़िले में एक लड़की की लाश बरामद हुई. इस लड़की का चेहरा किसी पत्थर से कुचल दिया गया था. लाश के पोस्टमार्टम के दौरान लड़की के शरीर पर मेहंदी से लिखे हुए 2 फ़ोन नंबर मिले थे. पुलिस इन नंबर को ट्रेस करती हुई मुंबई के रहनवाले करन सिंह नामक एक शख्स तक पहुंची. करन सिंह ने इस लड़की की तस्वीर देख पुलिस को बताया कि ये लड़की बिहार के मुज़फ्फ़रपुर की रहनेवाली जहाना खातून है. करन और जहाना एक-दूसरे से प्रेम करने थे. जहाना के परिवारवाले इस रिश्ते से नाखुश थे. करन सिंह ने बताया कि जहाना के पिता ने करन से उसका रिश्ता तुड़वा दिया और उसे ज़बरदस्ती घर मुज़फ़्फ़रपुर ले जाने की कोशिश की. ये जानकारी हाथ लगने के बाद पुलिस जहाना के घर मुज़फ़्फ़रपुर पहुंची. वहां उन्हें पता चला कि जहाना को कुछ दिनों पहले ही उसके पिता और भाई कोलकाता ले जा चुके थे. करन सिंह ने पुलिस को बताया था कि जहाना के पिता मुश्ताक और भाई मोहम्मद ज़ाहिद कोलकाता के पार्क सर्कस एरिया में रहते थे और बतौर ड्राइवर काम करते थे.
9 सितंबर को पुलिस ने इन बाप-बेटे को पार्क सर्कस से पकड़ा. पूछताछ के दौरान मुश्ताक ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसी ने जहाना की हत्या की थी. जाहिद के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है, “हम जहाना को कोलकाता लेकर आए थे और हमने करन और जहाना की शादी करवाने का मन भी बना लिया था. जब हम जहाना को वापस लेकर जा रहे थे तब मेरे पिता ने बोला कि हमें जहाना को मार देना चाहिए. मैं गाड़ी चला रहा था तभी मेरे पिता ने रस्सी से बांधकर जहाना को मार दिया और फ़िर हमने उसकी लाश एक खेत में फेंक दी. हमने उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया.”

और भी कुछ मीडिया आउटलेट्स ने इस घटना के बारे में रिपोर्ट पब्लिश की है – न्यूज़ 18, NDTV, बिज़नस स्टैन्डर्ड, ज़ी न्यूज़.
इसके अलावा, शादी के कार्ड पर समीर खान और प्रेरणा व्यास की शादी की तारीख 22 अक्टूबर 2019 लिखी हुई है. तो ये किसी भी तरह से 2018 की पश्चिम बंगाल की घटना से जुड़ी हुई नहीं हो सकती. शादी के इस कार्ड की तस्वीर अक्टूबर, 2019 से ही सोशल मीडिया पर शेयर हो रही है.
कुल मिलाकर, 2018 में ऑनरकिलिंग के चलते मारी गई एक मुस्लिम लड़की की लाश की तस्वीर हाल में ‘लव जिहाद’ के दावे से शेयर हुई. 2018 की इस घटना का अक्टूबर 2019 में हुई एक अंतरधार्मिक शादी से कोई लेना-देना नहीं है.






