हाल ही में इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई से कोलकाता जाने वाली एक फ़्लाइट में असम के कछार ज़िले के 32 वर्षीय यात्री हुसैन अहमद मजूमदार को पैनिक अटैक आने लगा. पैनिक अटैक अचानक होने वाला तीव्र भय या चिंता का एहसास है जो कोई वास्तविक खतरा न होने के बावजूद गंभीर शारीरिक प्रतिक्रियाओं का कारण बन सकता है. इसके लक्षणों में तेज़ दिल की धड़कन, साँस लेने में तकलीफ और चक्कर आना शामिल होता है.

केबिन क्रू के मेम्बर्स हुसैन अहमद की मदद करने के लिए सामने आए और उन्हें शांत करने का प्रयास कर रहे थे. इसी बीच एक अन्य यात्री ने उक्त यात्री को थप्पड़ जड़ दिया. फ़्लाइट में मौजूद अन्य यात्रियों ने इस हमले को लेकर गुस्सा व्यक्त किया और आरोपी से पूछा कि आपने उसे क्यों मारा? जिसके जवाब में दूसरे यात्री ने कहा कि उसे दिक्कत हो रही थी. इस पूरी घटना का वीडियो एक पैसेंजर ने रिकॉर्ड कर लिया और देखते ही देखते ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ दी. कई यूज़र्स ने हिंसा की निंदा की और हुसैन के प्रति सहानुभूति व्यक्त की. चूंकि पीड़ित ने मुस्लिम धर्म से जुड़ी जालीदार टोपी पहन रखी थी, इसलिए कुछ लोग घटना की पूरी जानकारी के बिना इसे सांप्रदायिक संदर्भ में पेश करने लगे. लोगों ने कहा कि धर्म के आधार पर भेदभाव के कारण ये घटना हुई. (आर्काइव लिंक)

 

कई यूज़र्स ने इसे साफ तौर पर ‘इस्लामोफोबिया’ करार दिया और दावा किया कि आरोपी हिन्दू है. और यह भारत में मुसलमानों की सामाजिक स्थिति को दर्शाता है. (आर्काइव लिंक 1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8)

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

घटना से जुड़े की-वर्ड्स सर्च करने पर कई ऐसे रिपोर्ट्स मिले जिसमें बताया गया है कि थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति का नाम हफीजुल रहमान है. कोलकाता में उतरने के बाद, हफीजुल को अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया. हालांकि, बाद में उसे छोड़ दिया गया. इस घटना में पीड़ित और आरोपी दोनों एक ही समुदाय से हैं, इसमें कोई भी सांप्रदायिक एंगल प्रतीत नहीं होता. इसीलिए कई सोशल मीडिया यूज़र्स द्वारा आरोपी के हिन्दू होने का दावा भी गलत है.

इस घटना को लेकर इंडिगो एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर घटना की निंदा की और ऐसे व्यवहार को अस्वीकार्य बताया.

एक और पोस्ट में इंडिगो ने जानकारी दी कि उड़ानों में इस तरह के उपद्रवी व्यवहार को हतोत्साहित करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप उस यात्री को किसी भी इंडिगो फ्लाइट में उड़ान भरने से प्रतिबंधित कर दिया गया है.

कुल मिलाकर, पीड़ित हुसैन और आरोपी हफीजुल दोनों ही मुसलमान हैं. और इस तथ्य के बावजूद कई यूज़र्स ने इस घटना को सांप्रदायिक एंगल दे दिया. घटना के राजनीतिकरण ने मूल मुद्दे से ध्यान भटका दिया, जो है स्वास्थ्य संकट से जूझ रहे व्यक्तियों की मदद के लिए जागरूकता की ज़रूरत. लोग सिर्फ आरोपी और पीड़ित का धर्म ढूंढने में लग गए.

भ्रामक
दावा:
इंडिगो फ्लाइट में मुस्लिम यात्री को थप्पड़ मारे जाने की घटना में है सांप्रदायिक एंगल

The content presents facts in a misleading way or omits crucial context.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें