राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है. तस्वीर में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के बगल में खड़े होकर एक हिंदू देवता की तस्वीर के सामने हाथ जोड़े हुए देखा जा सकता है.

सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण समेत कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए ये दावा किया है कि ये तस्वीर नागपुर में RSS मुख्यालय में ली गई थी. आगे कहा गया है कि द्रौपदी मुर्मू संघ के मिली हुई हैं और अगर ये निर्वाचित हुईं तो सिर्फ संघ की कठपुतली होंगी.

प्रशांत भूषण ने लिखा, “भाजपा की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नागपुर में RSS मुख्यालय में मोहन भागवत से मुलाकात की. क्या इस बात में कोई शक है कि वो सिर्फ एक रबर स्टैंप होंगी और स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पाएंगी?”

इसी तरह, कई अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस तस्वीर को इसी तरह के कैप्शन के साथ शेयर किया.

एडिटेड तस्वीर

हमने गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया लेकिन इसका कोई रिज़ल्ट नहीं मिला. कई कोशिशों के बाद, हमने इमेज को क्रॉप किया, फ़्लिप किया और प्रोसेस करते हुए फिर से गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया. इस बार हमें प्रभात खबर की एक न्यूज़ रिपोर्ट मिली. इसमें मोहन भागवत की यही तस्वीर थी, लेकिन वायरल तस्वीर की तरह इसमें द्रौपदी मुर्मू नहीं है.

आगे की जांच के लिए हमने प्रभात खबर की तस्वीर का एक और बार रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें 11 मार्च, 2022 को RSS द्वारा पब्लिश एक ब्लॉग का मिला. इस ब्लॉग के मुताबिक, ये तस्वीर गुजरात के कर्णावती में अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में में ली गई थी.

इस कार्यक्रम की तस्वीरें RSS के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी शेयर की गईं. तस्वीर के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, मोहन भागवत के साथ दिख रहे व्यक्ति RSS के सचिव दत्तात्रेय होसबाले हैं.

द्रौपदी मुर्मू की तस्वीर के बारे में पता करने के लिए हमने वायरल तस्वीर से द्रौपदी मुर्मू को क्रॉप कर, फिर उसे फ़्लिप किया और प्रोसेस करते हुए गूगल रिवर्स इमेज किया. हमें एक ट्वीट मिला, जहां द्रौपदी मुर्मू उसी पहनावे में दिख रही हैं जो वायरल तस्वीर में उन्होंने पहनी है.

दोनों तस्वीर की तुलना करके हमने देखा कि इस तस्वीर का इस्तेमाल करके मोहन भागवत के साथ द्रौपदी मुर्मू की तस्वीर को रख दिया गया था.

हमने कुछ समानताएं नोटिस कीं:

  • साड़ी या कपड़े का मुड़ाव दोनों तस्वीरों में एक जैसा है.
  • उनके बालों पर लाइट का रिफ्लेक्शन दोनों तस्वीरों में एक ही जगह पर है.
  • दोनों तस्वीरों में हम उन्हें सफेद रिस्टबैंड या घड़ी पहने हुए देख सकते हैं.

इसके आलावा, हमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के एक ट्वीट में भी यही तस्वीर मिली. झारखंड सरकार में हेमंत सोरेन के एक साल पूरे होने के अवसर पर दोनों की मुलाकात दिसंबर 2020 में हुई थी.

इन सभी सबूतों के आधार पर ये साफ़ हो गया है कि मोहन भागवत के साथ NDA के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की तस्वीर एडिट की गई है. हमने गूगल की-वर्ड्स के जरिये ये पता लगाने की कोशिश की कि हाल ही में इन दोनों की मुलाकात हुई है या नहीं लेकिन हमें कोई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली. 

ग़लत
दावा:
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू RSS प्रमुख मोहन भागवत के साथ

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें