जब दिल्ली के 12वीं कक्षा के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने अपने CBSE भौतिकी के पेपर में गड़बड़ी के बारे में पोस्ट किया, तो शायद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि एक वरिष्ठ पत्रकार उन पर पाकिस्तानी होने का आरोप लगाएंगे.

23 मई को भौतिकी में अप्रत्याशित रूप से कम नंबर मिलने के बाद, वेदांत ने CBSE की री-इवैल्यूएशन प्रोसेस के माध्यम से अपनी आंसर शीट की फ़ोटोकॉपी के लिए आवेदन किया था. जब कॉपियां आईं तो उन्हें पता चला कि बोर्ड द्वारा अपलोड की गई फ़िजिक्स की आंसर शीट उनकी नहीं है. उन्होंने अपनी शिकायतों के बारे में पोस्ट करने के लिए एक X अकाउंट बनाया.

वेदांत की शिकायत CBSE की 12वीं कक्षा के मूल्यांकन के लिए इस साल शुरू की गई ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली की बढ़ती आलोचना के बीच आई है. परिणाम के 85.2% तक गिरने के बाद, छात्रों ने ग़लत अंकन, धुंधले स्कैन, अनियंत्रित उत्तर और पेज वाइज मार्क फ़ाइनल टोटल से मेल नहीं खाने का आरोप लगाया. सबमिशन के दौरान पुनर्मूल्यांकन पोर्टल भी बार-बार क्रैश हो गया. CBSE और शिक्षा मंत्रालय ने प्रणाली का बचाव करते हुए कहा कि इससे निष्पक्षता में सुधार हुआ है. री-इवैल्यूएशन की फ़ीस दबाव में कम कर दी गई; स्कैन कॉपी शुल्क प्रति विषय 700 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया गया.

वेदांत की पोस्ट देखने पर, दूरदर्शन न्यूज़ के एंकर और प्राइमटाइम कार्यक्रम दो टूक का चेहरा अशोक श्रीवास्तव ने X हैंडल पर वेदान्त के लोकैशन की जांच की और पाया कि ये “दक्षिण एशिया” लिखा हुआ है. इसके आधार पर अशोक श्रीवास्तव ने निष्कर्ष निकाला कि ये अकाउंट किसी पाकिस्तानी यूज़र का है. X पर उन्होंने व्यंग्यात्मक ढंग से लिखा: “क्या पाकिस्तानी भी CBSE परीक्षा में शामिल हुए थे?!!”

@MrSinha_, @HPhobiaWatch और अन्य यूज़र्स सहित कई अन्य राईटविंग इन्फ्लुएंसर्स ने भी इसी दावे को आगे बढ़ाया.

This slideshow requires JavaScript.

हालांकि, जब श्रीवास्तव को पता चला कि वेदांत वास्तव में एक छात्र था, तो उन्हें अपना पोस्ट हटाना पड़ा. उन्होंने सफाई में वेदांत और उनके परिवार से अपनी ग़लती के लिए माफी मांगी. फिर भी इस पोस्ट में उन्होंने ये भी लिखा, “…उनके ट्वीट की लोकेशन भारत के बाहर की क्यों दिख रही है इसका कारण अभी तक पता नहीं चला है… लेकिन मुझे अब भी उम्मीद है कि अगर अकाउंट की लोकेशन के बारे में सही जानकारी मिलेगी तो मामला और भी स्पष्ट हो जाएगा.”

वेदांत और उनके भाई सिद्धांत श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अशोक श्रीवास्तव द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया. अपनी निराशा व्यक्त करते हुए, सिद्धांत ने कहा कि वेदांत ने हाल ही में X हैंडल बनाया है क्योंकि वो री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन नहीं कर सका और उसे अपने मुद्दों को ऑनलाइन उठाना पड़ा. सिद्धांत ने ये भी दावा किया कि एक नए अकाउंट के लिए, X को एक देश को इंगित करने में एक से तीन दिन लगते हैं.” उन्होंने कहा, “वरना ये एक व्यापक क्षेत्र को दिखाता है.” 

वेदांत द्वारा पोस्ट किए गए एक अन्य वीडियो में, उन्होंने दिखाया कि कैसे वो दक्षिण एशिया से अपने हैंडल का स्थान बदलने में असमर्थ थे.

मार्किंग विवाद को लेकर ABP न्यूज़ ने वेदांत से उनके घर भी जाकर बातचीत की. 25 मई को वेदांत ने X पर पोस्ट किया कि CBSE अधिकारी उसके पास पहुंचे और उसे सही आंसर शीट भेजी. विवाद के दौरान उनका समर्थन करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, “लोगों ने हमें सिर्फ इसलिए राष्ट्रविरोधी और पाकिस्तानी कहा क्योंकि हमने वास्तविक चिंता जताई थी और अंत में सच्चाई की जीत हुई.”

अशोक श्रीवास्तव ने अपने शुरुआती पोस्ट में से एक में वेदांत से औपचारिक माफी भी जारी की. “प्रिय वेदांत विनीत जी से पता चला कि आपका इशू सॉल्व हो गया है. खुशी हुई जानकर. भविष्य के लिए बहुत शुभकामनाएं. और मेरी वजह से आपको और आपके परिवार को जो भी कष्ट हुआ उसके लिए मै क्षमाप्रार्थी हूं.”