मणिपुर में कई गुटों के बीच हिंसा महीनों से जारी है जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है. इसी महीने संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा मणिपुर में रॉकेट से हमले की रिपोर्ट्स भी आई. इसके बाद से कई रॉकेट, मोर्टार, इत्यादि जैसे विस्फोटक दागने का वीडियो सोशल मीडिया पर मणिपुर का बताकर वायरल है. ऐसे ही एक वीडियो में पहाड़ी इलाके में मोर्टार जैसे विस्फोटक दागे जा रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उग्रवाद प्रभावित मणिपुर की हालिया घटना का है.

मणिपुर के पत्रकार Abiema Lisham ने वीडियो ट्वीट करते हुए इसे हालिया घटना बताया और लिखा कि आप इसे घर में बना आरपीजी या विदेशी फंडेड कह सकते हैं, लेकिन ये रॉकेट-प्रोपेल्ड प्रोजेक्टाइल बेहद खतरनाक है जिससे मणिपुर के मोइरांग में एक व्यक्ति की जान जा चुकी है. (आर्काइव लिंक)

Ouro Kenobi नाम के एक यूज़र ने भी वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया और कहा कि इस तरह के रॉकेट-प्रोपेल्ड प्रोजेक्टाइल से काफी नुकसान हो सकता है और इससे मणिपुर के मोइरांग में एक व्यक्ति की जान चली गई. (आर्काइव लिंक)

फैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के अलग-अलग फ्रेम्स को हमने गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो GUANGFU CHEN नाम के यूट्यूब चैनल पर 8 नवंबर 2018 को अपलोड किया हुआ मिला. यानी, ये वीडियो हाल का नहीं है.

मणिपुर पुलिस ने भी इस वीडियो के बारे में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि ये पुरानी घटना का है और इसका मणिपुर से कोई संबंध नहीं है.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने मोर्टार जैसे विस्फोटक दागे जाने का पुराना और असंबंधित वीडियो शेयर करते हुए उसे हाल में मणिपुर में चल रहे उग्रवाद से जोड़कर शेयर किया.

ग़लत
दावा:
विस्फोटक दागने का वीडियो मणिपुर की हालिया घटना का है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें