ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष ने एक बार फिर जोर पकड़ा है. खबरों के मुताबिक, इज़राइल द्वारा ईरान पर हवाई हमले के बाद से कई एयरलाइनों ने मध्य पूर्व में उड़ानें निलंबित या रद्द कर दी है.

इसी बीच सोशल मीडिया पर 12 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें एक एयरपोर्ट पर काले रंग की गाड़ियां चलती हुई नज़र आ रही हैं. कई यूज़र्स इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान ईरानी अधिकारियों और उनके परिवारों को ईरान से भागने का दृश्य बता रहे हैं.

कनाडाई राजनीतिज्ञ और मानवाधिकार अधिवक्ता गोल्डी घमरी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो शेयर कर दावा किया कि इस्लामिक रिपब्लिक (ईरान) के अधिकारियों और उनके परिवार ईरान से भाग रहे हैं. उनका दावा है कि वीडियो में दिखने वाले प्लेन ईरानी नागरिकों को ले जाने वाली नियमित रूप से निर्धारित उड़ानें नहीं हैं.

इज़राइली भूराजनीति, दुष्प्रचार और सुरक्षा विश्लेषक माइकल ए. होरोविट्ज़ और हैंडल @BanZand, @Tendar@AkhoondeMorde ने भी एक्स पर ऐसे ही दावों के साथ ये वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

भारतीय X- हैंडल @BattaKashmiri, @BeingPolitical1 के अलावा कई यूज़र्स ने भी वीडियो शेयर कर ऐसा ही दावा किया.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज किया. हमें 3 जुलाई 2023 को Travel with Hojabr नामक एक यूट्यूब चैनल पर ये वीडियो अपलोडेड मिला. कैप्शन में इसे इमाम खुमैनी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का ट्रैवल ब्लॉग बताया गया है. 

हालांकि, चैनल पर अपलोड वीडियो 6 सेकेंड है जबकि वायरल वीडियो 12 सेकेंड का है.

हमने वायरल वीडियो के अलग-अलग फ्रेम की तुलना इस वीडियो के फ्रेम से की. हमें दोनों वीडियो के पहले फ्रेम में दो ईरानी फ्लाइट के पीछे का हिस्सा दिखता है, वही पास में रनवे पर एक पुशबैक टग (रनवे पर विमानों को खींचकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने वाली गाड़ी) और ईधन वाहन एक दूसरे को एक समान गति से क्रॉस करते हुए नज़र आते हैं इसके अलावा कुछ कंटेनर और लगेज ट्रॉली भी रखी हुई है.

दूसरे फ्रेम में एक विमान का पूरा हिस्सा दिखता है. इसके सामने दो पोल के साथ साथ पास में टोएबल यात्री सीढ़ी और ट्रॉली है. साथ ही पुशबैक टग अभी आगे की ओर बढ़ रहा है और पास में रखी 7 छोटी ट्रॉली नज़र आ रही हैं और वायरल वीडियो में भी समान दृश्य नज़र आते हैं.

तीसरे फ्रेम में हमें मूल वीडियो में पुशबैक टग अभी भी चलते हुए नजर आता है, एक सफेद टैक्सी भी सामने गुज़रती है जबकि वायरल वीडियो में फ्रेम ज़ूम इन होने के साथ पुशबैक टग रुक जाती है. साथ ही ईरान एयर लिखे विमान के पास रखी ट्रॉली अपने स्थान से गायब नज़र आती है. वायरल वीडियो में रनवे पर तेज़ रफ़्तार में चार काली कार दिखती हैं जिनमें से एक कार विमान के पास आकर अदृश्य हो जाती है. वायरल वीडियो में चलती कार की रफ़्तार व कार और ट्रॉली का गायब हो जाना यह दर्शाता है कि मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके AI-टूल या एडिटिंग टूल की मदद से वीडियो में ये सब जोड़ा गया है.

हमने 6 सेकंड के वीडियो को क्रॉस वेरीफाई करने के लिए Travel with Hojabr यूट्यूब चैनल को खंगाला. हमें 4 अक्टूबर 2023 को अपलोडेड एक और वीडियो मिला. इसके डिस्क्रिप्शन में वीडियो को इमाम खुमैनी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का डिटेल ब्लॉग बताया गया है. हमने ये पूरा वीडियो फ्रेम दर फ्रेम देखा. वीडियो में 2 मिनट 17 सेकेंड पर 3 जुलाई का बोर्डिंग एयर टिकट दिखा और आगे 4 मिनट 7 सेकेंड पर हमें शॉर्ट वीडियो के जैसा ही एक फ्रेम दिखा. इस फ्रेम में ईरानी एयरप्लेन्स और कंटेनर व ट्रॉली सभी एक जैसे ही मिले.

This slideshow requires JavaScript.

इससे ये स्पष्ट हो जाता है कि असली वीडियो 3 जुलाई 2023 को शूट किया गया था जिसका शॉर्ट वर्ज़न उसी दिन पोस्ट किया गया और लंबा वीडियो बाद में अपलोड किया गया.

कुल मिलाकर, करीब 2 साल पुराने इमाम खुमैनी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के वीडियो को एडिट कर वर्तमान में ईरान और इज़राइल देशों के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान ईरानी अधिकारियों और उनके परिवार के भागने का दृश्य बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.

ग़लत
दावा:
संघर्ष के बीच ईरान में सत्ता के अधिकारी और उनके परिवार ईरान से भागे

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें