11 जुलाई को बॉलीवुड ऐक्टर अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करके ये जानकारी दी कि उनका Covid-19 टेस्ट पॉज़िटिव आया है. उन्हें मुंबई के नानावटी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के एडमिट कराया गया है. इसके एक दिन बाद अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय और आराध्या बच्चन भी Covid पॉज़िटिव पाए गए. इसी संदर्भ में 2 मिनट का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें अमिताभ बच्चन नानावटी अस्पताल के स्टाफ़ को धन्यवाद कह रहे हैं. इस वीडियो को कई सोशल मीडिया यूज़र्स सहित मीडिया आउटलेट्स ने भी हाल का बताकर शेयर किया है.

महाराष्ट्र के न्यूज़ आउटलेट लोकमत ने अपने यूट्यूब पर ये वीडियो शेयर किया.

आज तक चैनल ने भी वीडियो को इसी दावे से अपलोड किया. इसे यूट्यूब पर 9 लाख से भी ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं.

ऐसे कुछ और मीडिया आउटलेट्स जिन्होंने इस वायरल वीडियो को शेयर किया उनमें मोजो, आउटलुक, याहू इंडिया, वन इंडिया और अमर उजाला शामिल हैं. फ़ेसबुक पेज बॉलीवुड नाउ और बॉलीवुड ब्लिस ने भी इस वायरल वीडियो को शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

इसके अलावा यूट्यूब चैनल मूवी टेली और साहित्य तक ने भी वायरल वीडियो को अपलोड किया, इन दोनों वीडियो को 2 लाख से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने ट्विटर पर की वर्ड सर्च किया और हमें मुंबई स्थित एक पत्रकार फरिदून शहरयार के 23 अप्रैल, 2020 के ट्वीट में ये वीडियो मिला. अमिताभ बच्चन ने उस समय नानावटी अस्पताल के कर्मचारियों को कोरोना वायरस की इस महामारी के दौरान उनके काम के लिए धन्यवाद किया था.

इस वीडियो में अमिताभ बच्चन सूरत के एक बिलबोर्ड की बात करते हैं, जिसे उन्होंने अपने ट्विटर टाइमलाइन पर देखा था. इस बिलबोर्ड में लिखा था कि मंदिर बंद हैं क्यूंकि भगवान सफ़ेद ड्रेस पहनकर अस्पताल में हैं. 23 अप्रैल को गुजरात स्थित ABP अस्मिता चैनल ने अपने एक बुलेटिन में इस वायरल वीडियो को चलाया था.

इस बिलबोर्ड को भी ABP अस्मिता ने दिखाया था.

इसके अलावा नानावटी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने भी 12 जुलाई को अपने फ़ेसबुक और ट्विटर हैंडल से बयान जारी करते हुए ये स्पष्ट किया है. इस बयान के अनुसार अप्रैल, 2020 में अमिताभ बच्चन ने नानावटी हॉस्पिटल को PPE किट डोनेट की थी जब इस अस्पताल ने कोरोना वायरस के लिए एक अलग फ़ैसिलिटी का निर्माण किया था.

इस तरह कई मीडिया आउटलेट्स और सोशल मीडिया यूज़र्स ने अमिताभ बच्चन का 2 महीने पुराना वीडियो शेयर करते हुए अपने दर्शकों को भ्रमित किया कि ये वीडियो बच्चन के कोरोना पॉज़िटिव पाये जाने के बाद का है.

असत्य
दावा:
कोविड पॉज़िटिव आने के बाद अमिताभ बच्चन ने नानावती अस्पताल के स्टाफ़ को धन्यवाद कहा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें