बीते दिनों, सोनाली (@Sonalimumbai1) नाम की एक X यूज़र की पोस्ट वायरल हुई. वो खुद को BJP नेता बताती हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें X पर फ़ॉलो करते हैं. इस पोस्ट में महिलाओं के एक ग्रुप की थोड़ी धुंधली ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर है, जिसमें वे किसी होटल जैसी जगह पर टेबल के ऊपर डांस कर रही हैं. सोनाली ने इशारा किया कि इन महिलाओं में से एक कांग्रेस नेता सोनिया गांधी हैं.
14 अगस्त को पोस्ट की गई इस तस्वीर को अब तक 3,53,800 से ज़्यादा बार देखा गया है. (आर्काइव)
बारबाले चे मूत्र पिणारे असंच बोलणार. pic.twitter.com/C0jpHXHXMa
— 🚩 सोनाली 🚩🇮🇳 (@Sonalimumbai1) August 14, 2026
ये पोस्ट 14 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बीजेपी सरकार की विदेश नीति का मज़ाक उड़ाने और अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ पीएम मोदी के गले मिलने के अंदाज़ पर तंज कसने के कुछ ही समय बाद किये जाने लगे.
इन टिप्पणियों पर बीजेपी और उसके समर्थकों की ओर से तुरंत तीखी प्रतिक्रिया हुई. इसी क्रम में, X यूज़र सोनाली ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो को गले लगाती इंदिरा गांधी का एक वीडियो पोस्ट किया. कैप्शन में लिखा था (मराठी से अनुवादित), “जब भी राहुल बकवास करते हैं, उनके परिवार के सारे कारनामे सामने आ जाते हैं. अब ये वीडियो देखिए. इसमें इंदिरा गांधी क्यूबा के फिदेल कास्त्रो को गले लगा रही हैं. मुझे नहीं लगता कि इसमें कुछ ग़लत है. बार डांसर का बेटा इस पर क्या कहेगा? अब कांग्रेस के चाटुकार इस पर क्या कहेंगे?”
राहुल्या जेव्हा कधी तोंडाने हागतो त्याच्या खानदानाची सगळी कर्म रस्त्यावर येतात.
आता हा व्हिडिओ बघा.
याच्यामध्ये इंदिरा गांधी Cuba च्या Fidel Castro यांच्याशी गळाभेट घेत आहेत.
I don’t think anything wrong with it.
बारबालेचा पुत्र याच्यावर काय बोलणार…??
आता यावर… pic.twitter.com/FVz3c1USL6
— 🚩 सोनाली 🚩🇮🇳 (@Sonalimumbai1) August 14, 2026
जब एक X यूज़र ने सोनाली की पोस्ट पर अपमानजनक कमेंट किए, तो उन्होंने ऊपर बताई गई तस्वीर और इस कैप्शन के साथ जवाब दिया: “बार डांसर का पेशाब पीने वाले लोग यही कहेंगे.”
फ़ैक्ट-चेक
Getty Images का वॉटरमार्क वाली इस तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. इस सर्च से हम Getty Images के आर्काइव तक पहुंचे. यहां इसी तस्वीर का साफ़ वर्जन मौजूद है. इस तस्वीर का कैप्शन है: “21 नवंबर 1967 को ऑबर्न के रॉसन होटल में ‘गो-गो’ डांसिंग गर्ल्स ने बीयर की कमी को दूर करने में मदद की.”
इस तस्वीर में तीन डांस करने वाली महिलाएं हैं. अगर तस्वीर को ज़ूम करके देखा जाए, तो साफ़ पता चलता है कि इनमें से कोई भी महिला सोनिया गांधी नहीं है.

आगे जांच करने पर, हमें ‘I Grew Up in Mortdale 2223’ नाम का एक फ़ेसबुक पेज मिला. 17 नवंबर, 2025 को इस पेज पर वही तस्वीर पोस्ट की गई और साथ में ये कैप्शन लिखा था: “#OnThisDay 17 नवंबर 1967 को सिडनी में 2 हज़ार से ज़्यादा ब्रुअरी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण ‘ड्राफ्ट बीयर की कमी’ (Draught Beer Drought) जैसी स्थिति पैदा हो गई थी. 14 दिनों की बातचीत के बाद जब कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फ़ैसला किया, तो ऑबर्न के रॉसन होटल में गो-गो डांसर्स के एक ग्रुप ने ग्राहकों के साथ जश्न मनाने में मदद की. [तस्वीर: विक समनर » फ़ेयरफ़ैक्स आर्काइव्स]”
ये ख़बर ऑस्ट्रेलिया के ‘द कैनबरा टाइम्स‘ के 15 नवंबर, 1967 के अंक में भी छपी थी.
सार्वजनिक रूप से मौजूद जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी ने 1964 में यूनाइटेड किंगडम के कैम्ब्रिज में बेल एजुकेशन ट्रस्ट में पढ़ाई की थी, जहां 1968 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई और उनसे शादी हुई. पढ़ाई के दौरान, उन्होंने कैम्ब्रिज के एक स्थानीय रेस्टोरेंट में पार्ट-टाइम सर्वर के तौर पर काम किया. ऐसा कोई ऑफ़िशियल रिकॉर्ड नहीं है जिससे पता चले कि उस दौरान वो ऑस्ट्रेलिया गई थीं.
इसलिए, ये पक्के तौर पर कहा जा सकता है कि X यूज़र सोनाली ने ऑस्ट्रेलिया में ‘गो-गो डांसर्स’ की 1967 की एक तस्वीर शेयर करके ग़लत दावा किया कि उनमें से एक महिला सोनिया गांधी थीं.
कांग्रेस नेता पर निशाना साधने के लिए ऐसी तस्वीरें शेयर करना कोई नई बात नहीं है. ऑल्ट न्यूज़ ने 25 मार्च, 2019 को एक फैक्ट-चेक पब्लिश किया था जिसमें ऐसे ही एक दावे को ग़लत बताया गया था. उस वक्त, बीजेपी समर्थकों ने जेम्स बॉन्ड फ़िल्म ‘डॉ. नो’ की एक्ट्रेस उर्सुला एंड्रेस की एक तस्वीर फैलाई थी और ग़लत दावा किया था कि उसमें सोनिया गांधी “अनुचित” कपड़ों में दिख रही हैं.





