सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में राहुल गांधी में बैठे हैं जहां एक महिला उनसे सवाल पूछ रही है. ये महिला कहती है: “छोटे छोटे बच्चे बाहर नहीं निकल पाते हैं. अगर वो एक दूसरे को ढूंढने जाते हैं तो उनको पकड़ लेते हैं. मेरा भाई हार्ट पैशन्ट है वो अपने बच्चों को ढूंढने गया उसको 10 दिन तक हम लोगों को नहीं दिखाया कि वो कहां है? हम हर तरीके से परेशान है…”

ये वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि विदेश में रह रहे कश्मीरी पंडितों ने राहुल गांधी से पूछा कि वो कश्मीर के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध क्यों कर रहे हैं? ट्विटर यूज़र निखिल राजपूत ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

ट्विटर हैन्डल ‘@AshishK_BJP’ ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

जयपुर में दैनिक भास्कर के न्यूज़ एडिटर डोंगर सिंह ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

RSS के मुखपत्र ऑर्गेनाइज़र वीकली, विवेक रंजन अग्निहोत्री, RSS की हिन्दी साप्ताहिक मैगज़ीन पाञ्चजन्य, भाजपा दिल्ली के प्रवक्ता अजय शेरावत, पाञ्चजन्य के सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर शिवम दीक्षित, भाजपा से जुड़े डॉ. अभिलाष पांडे ने भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ेसबुक और ट्विटर पर ये वीडियो वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने इस वीडियो की पड़ताल अगस्त 2019 में ही किया था. तब भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था.

26 अगस्त 2019 की NDTV की रिपोर्ट में बताया गया है कि ये वीडियो राहुल गांधी के जम्मू-कश्मीर दौरे के बाद का है. दरअसल भारत सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को रद्द कर दिया था. उसके बाद जम्मू-कश्मीर में नेताओं को नज़रबंद कर दिया गया था. वहीं इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई थी. राहुल गांधी उस वक़्त घाटी में लोगों से मिलने पहुंचे थे. लेकिन उन्हें श्रीनगर एयरपोर्ट से ही लौटना पड़ा था. इस दौरान, फ़्लाइट में एक महिला ने राहुल गांधी को कश्मीर में चल रही परेशानियों के बारे में बताया था. नीचे रिपोर्ट में 1 मिनट 19 सेकंड के बाद वायरल वीडियो दिखता है.

24 अगस्त 2019 को न्यूज़18 जुड़े पत्रकार अरुण कुमार सिंह ने ये वीडियो ट्वीट किया था. प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अरुण कुमार सिंह के ट्वीट को कोट ट्वीट कर भारत सरकार पर निशाना साधा था.

कुल मिलाकर, ये वीडियो अगस्त 2019 का है जब जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को रद्द कर दिया गया था. इसके अलावा, वीडियो में महिला राहुल गांधी को कश्मीर में हो रही मुश्किलों के बारे में बता रही थी.

ग़लत
दावा:
प्लेन में राहुल गांधी को एक महिला ने कश्मीर मामलों में मोदी सरकार का विरोध करने पर सवाल पूछे

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें