CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके की एक तस्वीर शेयर की जा रही है, जिसमें वे संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका से बातचीत करते नज़र आ रहे हैं. इस तस्वीर में दीपके का पेट काफी उभरा हुआ दिखाया गया है. और इसके साथ शेयर किया जा रहा है कि जहां सोनम वांगचुक अनशन के कारण कमजोर हो रहे हैं, वहीं दीपके का वजन लगातार बढ़ता जा रहा है. कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इस तस्वीर को लेकर दीपके का मज़ाक उड़ाया.

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट अनूप वर्मा ने वायरल तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा कि पिछले 15 दिनों में सोनम वांगचुक ने 10 kg वज़न कम किया है, अभिजीत दिपके ने 12 kg वज़न बढ़ाया है. (आर्काइव लिंक)

दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीते कुछ हफ्तों से कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन चल रहा है, जिसमें जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं. यह आंदोलन मई 2026 में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से की थी. इसी के बाद अभिजीत दीपके के नेतृत्व में यह व्यंग्यात्मक आंदोलन शुरू हुआ, जो जल्द ही सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स तक पहुंच गया. सोनम वांगचुक का अनशन 28 जून से शुरू हुआ था और अब यह तीसरे हफ्ते में पहुंच चुका है, रिपोर्ट्स के अनुसार उनका वजन लगभग नौ किलोग्राम तक घट चुका है और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है.

अंशु नाम के यूज़र ने भी वायरल तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा कि सोनम वांगचुक का वजन घट रहा है और अभिजीत दीपके का वजन बढ़ रहा है. (आर्काइव लिंक)

ऋषि बागरी ने भी अभिजीत दीपके की वायरल तस्वीर को ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

मनोज सिंह और बलवंत मिश्रा नाम के यूज़र ने ये तस्वीर शेयर की और लिखा, “पिछले 15 दिन में सोनम का वजन 15 किलो कम हुआ वही अभिजीत दीपके का 12 किलो बढ़ गया”.

फ़ैक्ट-चेक

जब हमने वायरल तस्वीर को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया तो हमें उसी पल का एक वीडियो फुटेज paparazzireel नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट द्वारा अपलोड किया हुआ मिला. उस असली फ्रेम में अभिजीत दीपके का पेट सामान्य नज़र आता है. इससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि वायरल तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Paparazzi Reels (@paparazzireel)

हमें ऐसा ही एक वीडियो रोशन निरंकारी नाम के यूजर द्वारा 7 जून को फ़ेसबुक पर अपलोड किया हुआ मिला. इस वीडियो में भी अभिजीत दीपके का पेट सामान्य नज़र आता है. यानी की असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई है, वायरल तस्वीर एडिटेड है.

वीडियो के एक फ्रेम से वायरल तस्वीर की तुलना करने पर ये बात पूरी तरह स्पष्ट हो जाती है. नीचे तुलना की गई है.

 

पुष्टि के लिए हमने इस तस्वीर को AI डिटेक्शन टूल TruthScan पर आधारित कई टूल्स जैसे DeepAI, Undetectable AI आदि से भी जांचा, जिनके नतीजों में ये आया कि तस्वीर का AI के जरिए एडिट किए जाने की संभावना है.

This slideshow requires JavaScript.

यह पहला मौका नहीं है जब अभिजीत दीपके और CJP से जुड़ी कोई फर्जी या भ्रामक तस्वीर वायरल हुई हो. इससे पहले जून 2026 में शिवसेना के सांसद संजय राउत ने एक तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में दीपके से मुलाकात की थी, जबकि फ़ैक्ट-चेक में ये तस्वीर भी AI से बनी हुई निकली थी और बाद में राउत ने वह पोस्ट डिलीट कर दी थी.

कुल मिलाकर, अभिजीत दीपके का वजन 12 किलो बढ़ने के झूठे दावे के साथ शेयर की गई तस्वीर असली नहीं है, बल्कि उसे डिजिटल रूप से एडिट या AI टूल की मदद से बदला गया है.

ग़लत
दावा:
सोनम वांगचुक अनशन के कारण कमजोर हो रहे हैं, वहीं दीपके का वजन बढ़ता जा रहा है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें