दिल्ली विधानसभा के 70 सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होनी है जिनके नतीजे 8 फरवरी को आयेंगे. विधानसभा चुनाव से पूर्व एक बार फिर जल विवाद शुरू हो गया है जहां भाजपा और कांग्रेस यमुना की सफाई को लेकर आप सरकार पर सवाल उठा रही है. वहीं आम आदमी पार्टी का आरोप है कि हरियाणा सरकार यमुना के पानी को जहरीला कर रही है. इसी बीच दिल्ली पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं ने 14 सेकंड का एक स्लो मोशन वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया. फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया.
अरविंद केजरीवाल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया. जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्लीवालों की जान के लिए ख़तरा हो सकता है, तो इन्होंने मुझ पर FIR करने की धमकी दी जिस ज़हरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं. मैं ऐसा हरगिज़ नहीं होने दूँगा.” (आर्काइव लिंक)
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया… और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया।
जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्लीवालों की जान के लिए ख़तरा हो सकता है, तो इन्होंने मुझ पर FIR करने की धमकी दी।
जिस ज़हरीले पानी… pic.twitter.com/xQEVAu9bWh
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 29, 2025
आम आदमी पार्टी के नेता, पूर्व उप मुख्यमंत्री और वर्तमान पटपड़गंज विधायक मनीष सिसोदिया ने ढोंग और पाखंड में भाजपा का कोई सानी नहीं बताते हुए अरविंद केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)
ढोंग और पाखंड में भाजपा का कोई सानी नहीं!
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने जहरीले पानी की सच्चाई खुद कैमरे में दिखा दी।
जिस यमुना के पानी का सेवन करने में सैनी साहब असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वही पानी हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली भेज रही थी।
केजरीवाल जी पर FIR करने से सच… https://t.co/80ECmihErR
— Manish Sisodia (@msisodia) January 29, 2025
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता और अधिवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि लोगों की जान की परवाह नहीं इनको, नौटंकी करवा लो बस,पानी थूक दिया. (आर्काइव लिंक)
लोगों की जान की परवाह नहीं इनको, नौटंकी करवा लो बस।
पानी थूक दिया। pic.twitter.com/YqEweF1srU
— Priyanka Kakkar (@PKakkar_) January 29, 2025
आम आदमी पार्टी, आम आदमी पार्टी दिल्ली और आम आदमी पार्टी हरियाणा के X-हैंडल ने भी इसी तरह के दावों के साथ वीडियो ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक-1, लिंक-2, लिंक-3)
इसके अलावा आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यमुना के पानी में मौजूद अमोनिया की मात्रा से होने वाली हानि बताते हुए नायब सिंह सैनी पर ढोंग करने का आरोप लगाया. इस कॉन्फ़्रेंस में 5 मिनट 36 सेकंड पर नायब सिंह सैनी का वायरल वीडियो चलाया गया और यही दावा किया गया कि उन्होंने पानी मूँह में लेकर थूक दिया. (आर्काइव लिंक)
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के एक की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें X (पूर्व में ट्विटर) पर एशियन न्यूज़ इंटरनेशनल (ANI) के 29 जनवरी 2025 के पोस्ट में इस मौके का लंबा वीडियो मिला. ANI के कैप्शन के मुताबिक, “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली के पल्ला गांव में यमुना नदी से पानी पीते हुए”. 57 सेकंड के इस वीडियो में 3 सेकेंड पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा आता है जिसमें नायब सिंह सैनी हाथ में पानी मुंह में लेकर थूकते नज़र आते हैं. लेकिन इसी वीडियो में आगे 8 सेकेंड पर नायब सिंह सैनी दोबारा हाथ में यमुना नदी का पानी लेकर मुंह में लेते हुए नज़र आते हैं. और इसके बाद दोनों हाथों को गीला कर पानी के छींटे अपने ऊपर डालते हैं. ये हिस्सा अरविन्द केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा शेयर किये वीडियो से हटा दिया गया है.
#WATCH | Haryana CM Nayab Singh Saini takes a sip of water from the Yamuna River in Delhi’s Palla Village. pic.twitter.com/v1rkJXrcbQ
— ANI (@ANI) January 29, 2025
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) और इंडो-एशियन न्यूज़ सर्विस (IANS) के X-हैंडल पर भी ये वीडियो मौजूद है. पानी से बाहर आने के बाद वो मीडिया चैनलों को न्यूज़ बाइट देते हैं, जिनमें उन्होंने यमुना नदी के पानी का आचमन करने की बात कहते हुए केजरीवाल पर आरोप लगाते हैं कि वो लोगों में डर पैदा कर रहे हैं.
VIDEO | Delhi Elections 2025: Haryana CM Nayab Singh Saini (@NayabSainiBJP) says, “The statement made by Kejriwal is unfortunate. Today, as you saw, I drank the water from the Yamuna river. Kejriwal ji is trying to create fear among the people. We are providing an adequate amount… pic.twitter.com/jAsSuRdyEh
— Press Trust of India (@PTI_News) January 29, 2025
इस घटना पर लाइव हिंदुस्तान, ETV भारत और इंडिया टीवी जैसे मीडिया हाउस ने भी रिपोर्ट प्रकाशित की हैं. रिपोर्ट में बताया है कि नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीकर अरविन्द केजरीवाल द्वारा यमुना में ज़हर मिलाने के आरोप का जवाब देने की कोशिश की.
कुल मिलाकर, अरविन्द केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने नायब सिंह सैनी का अधूरा वीडियो को शेयर कर भ्रामक दावा किया.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.