सोशल मीडिया पर ब्रिक्स सम्मेलन 2026 से जोड़कर कुछ तस्वीरें शेयर की जा रही हैं. कथित तस्वीरों में ग्रुप सेल्फी लेते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन, UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी दिख रहे हैं. भाजपा नेता समेत कुछ यूजर्स और मीडिया दावा कर रहे हैं कि ब्रिक्स सम्मेलन में विश्व नेताओं ने एक साथ सेल्फी ली.
भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने तस्वीर शेयर करते हुए #BRICS #BRICKSSummit2026 के साथ लिखा, “हे गर्वित भारत के भाई बहन, ये फोटो नहीं है ये तस्वीर है.. भारत की.. दुनियाँ के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते भारत की, जिसके नेता नरेंद्र मोदी हैं, वैसे ये तस्वीर देश के नकारात्मक विपक्ष को बड़ी पीड़ा देगी.”
हालांकि, बाद में मनोज तिवारी ने पोस्ट डिलीट कर दी.

दक्षिण अफ्रीका स्थित रूसी दूतावास के आधिकारिक एक्स-हैंडल @EmbassyofRussia ने ऐसी ही एक तस्वीर शेयर की. हालांकि इस तस्वीर में ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के स्थान पर इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली नज़र आ रहे हैं. इसके अलावा, तस्वीर में अन्य विश्व के नेताओं के साथ मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी नज़र आ रहे है.
#BRICS is a #SUPERPOWER 🔥 pic.twitter.com/kRj8YwDCAq
— Russian Embassy in South Africa 🇷🇺 (@EmbassyofRussia) September 13, 2026
तेलंगाना के मेडक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रघुनंदन राव, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से सांसद और भाजपा पश्चिम बंगाल के राज्य महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो और भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाज़िया इलामी समेत भाजपा के राष्ट्रीय सचिव जय प्रकाश ने ऐसे ही दावे किये.
इसी तरह की एक और तस्वीर एशिया नेट न्यूज़, इंस्टग्राम पेज @the.finance.india और राइट विंग हैंडल @JaipurDialogues समेत कई एक्स-यूजर्स ने भी ब्रिक्स सम्मेलन की बताकर एक तस्वीर शेयर की.
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि एक ही तरह की तीन वायरल तस्वीरें हैं. इनमें ऐसे नेताओं को एक साथ दिखाया गया है जो ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में मौजूद नहीं थे. पहली वायरल तस्वीर की सबसे बड़ी विसंगतियों में से एक इसमें ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को दिखाया गया है, जिनकी 20 मई 2024 को अज़रबैजान सीमा के पास खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी. इसलिए सितंबर 2026 में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में इब्राहिम रईसी की मौजूदगी संभव नहीं है.
हमने ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में ईरान की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाले नेता के संबंध में जानने के लिए की-वर्ड सर्च किया. DD इंडिया न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल ईरान का प्रतिनिधित्व राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने किया था.
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के फोटो गैलरी में ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में सम्मलित हुए सभी नेताओं के सामूहिक तस्वीर है.
तस्वीर में दाई ओर से इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, अबू धाबी (UAE) के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा हैं.
अन्य वायरल तस्वीर में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा दिखाई देते हैं. लेकिन ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा शामिल नहीं हुए थे. ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री माउरो विएरा कर रहे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में शामिल नहीं होने की वजह अक्टूबर के पहले सप्ताह में दक्षिण अमेरिकी देश में राष्ट्रपति चुनाव बताया गया है.
एक और वायरल तस्वीर में UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भी दिखाई दे रहे हैं. लेकिन 2026 में UAE का प्रतिनिधित्व राष्ट्रपति ने नहीं किया, बल्कि अबू धाबी (UAE) के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने किया. 12 सितंबर की PIB फोटो गैलरी में प्रधानमंत्री मोदी की क्राउन प्रिंस खालिद से मुलाकात की तस्वीर भी उपलब्ध है.
इस तरह वायरल तस्वीर में लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, इब्राहिम रईसी और UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में मौजूद दिखाया गया है, जबकि भारत के विदेश मंत्रालय MEA के BRICS Summit 2026 के प्रतिभागियों मौजूद विवरणों के अनुसार ब्रिक्स सम्मेलन में क्रमशः ब्राजील का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री माउरो विएरा, ईरान का राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और UAE का प्रतिनिधित्व क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने किया था.
उपलब्ध आधिकारिक Summit कार्यक्रम और प्रतिभागियों की जानकारी में कहीं भी तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन की मौजूदगी का उल्लेख नहीं है. लेकिन वायरल तस्वीरों में तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन को ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में मौजूद दिखाया गया है.
आगे वायरल तस्वीरों को ग़ौर से देखने पर हमें इसमें कई असामान्यताएं भी मिली जैसे नरेंद्र मोदी के साथ-साथ अन्य नेताओं के हाथों के पोज़ सामान्य नहीं हैं. सभी के चेहरें के स्माइल, हाव-भाव और चेहरे-आँख व हाथ की बनावट भी अप्राकृतिक है. इन सबके अलावा, वायरल तस्वीरों में दिख रहे नेताओं के फोटो पोज़ लगभग एक है लेकिन उनके पीछे लगे ब्रिक्स सम्मेलन के पोस्टर अलग-अलग हैं. ये सभी विसंगतिया अक्सर हमें AI जनरेटेड तस्वीरों में देखने को मिलती हैं.

कुल मिलाकर, भाजपा नेताओं और मीडिया समेत रूसी दूतावास ने ब्रिक्स सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग समेत कई विश्व नेताओं की एक साथ ली गई ग्रुप सेल्फ़ी बताकर एक AI-जनरेटेड तस्वीर शेयर की. इसमें मई 2024 में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे जा चुके ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को भी दिखाया गया है. इसके अलावा, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन को भी एक साथ दिखाया गया है, जबकि ये लोग वहां मौजूद नहीं थे.









